प्रमोद भार्गव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 सितंबर 22 को नामीबिया से लाए पिंजरों में बंद आठ चीतों को रिमोट से द्वार खोल, कूनो के जंगलों में स्वच्छंद विचरण के लिए खुला छोड़ दिया। फिलहाल ये चीते पांच किमी व्यास के बाड़े में रहेंगे, इसके बाद तीन हजार वर्ग किमी का आवास इनकी अठखेलियों, शिकार और प्रजनन का मैदान बन जाएगा। इस अभ्यारण्य को ढाई सौ करोड़ रुपए खर्च करके तीस साल में विकसित किया गया। इनके अनुकूल परिवेश तैयार करने की दृष्टि से सहरिया जनजाति बहुल 29 ग्रामों के 1545 परिवारों को विस्थापित किया गया है।

भारत में करीब 75 साल पहले लुप्त हो चुके सबसे तेज दौड़ने वाले मांसाहारी प्राणी चीते की रफ्तार श्योपुर जिले के कूनो-पालपुर अभ्यारण्य में दिखने लग जाएगी। इसकी गति 120 किमी प्रतिघंटा दर्ज की गई है। मात्र तीन सेकेंड के भीतर यह लंबी छलांग मारकर अपनी रफ्तार 103 किमी करने में सक्षम होता है। लेकिन यह बमुश्किल तीन से पांच मिनट ही इस गति को स्थिर रख पाता है। लगभग इतनी ही तेज गति से केवल काला हिरण दौड़ पाता है।  यदि ये चीते छोड़े जाने के बाद प्रजनन कर शावक जन्मने लग जाएंगे तो भारत की धरती पर बिल्ली प्रजाति की पांच बड़ी प्रजातियां चहलकदमी करने लग जाएंगी।

बाघ, शेर, तेंदुआ और हिम तेंदुआ जैसी चार प्रजातियां देश में पहले से ही हैं, चीते की मौजूदगी के बाद बिल्ली प्रजाति की इस पांचवीं प्रजाति की भी उछलकूद कूनो के वनप्रांतर में दिखने लगेगी। हालांकि भारत में सफेद बाघों की भी रीवा-शहडोल के जंगलों में प्रजाति मौजूद है, लेकिन इसे पीले बाघ की ही नस्ल माना जाता। चीतों की आबादी कूनो में बड़े इस दृष्टि से वनाधिकारियों ने दूरदर्शिता से काम लिया है। अतएव नामीबिया से ढाई से छह साल तक की उम्र के आठ चीते लाए गए हैं, जिससे इनकी वंशवृद्धि आसान होगी। इनमें 4 नर और 4 मादाएं हैं। इन्हें ट्रेंकूलाइजर के जरिए मूच्र्छित करने की बजाय सामान्य अवस्था में अलग-अलग पिंजरों में कैद करके ला गया है। 

लंबे प्रयास के बाद भारत में चीतों की वापसी श्‍योपुर जिले के कूनो-पालपुर अभ्यारण्य में हुई है। चीतों को अभ्यारण्य में अभी करीब एक माह एकांत वास में रखा जाएगा। जिससे चीते यहां के वातावरण में ढल जाएं। चीतों की सुरक्षा के लिए इन्हें जिस बाड़े में रखा जाना है, उस क्षेत्र में मौजूद 70 तेंदुओं को बाहर किया गया है और चीतों को भरपूर भोजन मिले, इसके लिए कुछ चीतल पेंच राष्‍ट्रीय उद्यान से लाए जा रहे हैं। 27 चीतलों की एक खेप आ भी चुकी है। हालांकि इस पूरे क्षेत्र में हजारों की संख्या में चीतल, सांभर, नीलगाय, जंगली सूअर, लंगूर और खरगोश जैसे प्राणी मौजूद हैं।

दो दशक से चीतों को बसाने की तैयारी

यह संयोग ही है कि करीब 75 साल पहले भारत की धरती से चीते विलुप्त हो गए थे, लेकिन अब सर्वोच्च न्यायालय के आदेश से चीतों के पुनर्वास की अनुमति मध्य-प्रदेश सरकार के वन-विभाग को मिली थी। जिसपर अमृत महोत्सव के दौरान क्रियान्वयन होने जा रहा है। यह अनुमति राष्‍ट्रीय बाघ सरंक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) की याचिका पर दी गई है। टाइगर स्टेट का दर्जा प्रप्त मध्य-प्रदेश में इन चीतों को दक्षिण अफ्रीका से लाकर कूनो-पालपुर अभ्यारण्य में नया ठिकाना बनाया गया है। यहां पिछले दो दशक से चीतों को बसाने की तैयारी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाई जा रही हैं। दरअसल, चीते को घास के मैदान वाले जंगल पसंद हैं और कूनो में घास के जंगल खूब हैं। हालांकि इन्हें बसाने के विकल्प के रूप में सागर जिले के नौरादेही अभ्यारण्य, राजस्थान के शाहगढ़ व जैसलमेर के थार क्षेत्र भी तलाशे गए थे, लेकिन इन वनखंडों में चीतों के अनुकूल प्राकृतिक आहार, प्रजनन व आवास की सुविधा न होने के कारण कूनो को ही ज्यादा श्रेष्‍ठ माना गया।

भारत में चीतों के पुनर्वास की कोशिशें असफल रही

एक समय था जब चीते की रफ्तार भारतीय वनों की शान हुआ करती थी। लेकिन 1947 के आते-आते चीतों की आबादी पूरी तरह लुप्त हो गई। 1948 में अंतिम चीता छत्तीसगढ़ के सरगुजा में देखा गया था। जिसे मार गिराया गया। चीता तेज रफ्तार का आश्चर्यजनक चमत्कार माना जाता है। अपनी विशिष्ट एवं लोचपूर्ण देहयष्टि के लिए भी इस हिंसक वन्य जीव की अलग पहचान थी। शरीर में इसी चपलता के कारण यह जंगली प्राणियों में सबसे तेज दौड़ने वाला धावक है। इसलिए इसे जंगल की बिजली भी कहा गया। हालांकि भारत में चीतों के पुनर्वास की कोशिशें असफल रही हैं। दरअसल, दक्षिण अफ्रीका के जंगलों से 1993 में दिल्ली के चिड़ियाघर में चार चीते लाए गए थे, लेकिन छह माह के भीतर ही ये चारों चीते मर गए। चिड़ियाघर में इनके आवास, परवरिश व प्रजनन के पर्याप्त उपाय किये गये थे, लिहाजा उम्मीद थी कि यदि इनकी वंशवृद्धि होती है तो देश के अन्य चिड़ियाघरों व अभ्यारण्यों में ये चीते स्थानांतरित किये जाएंगे। हालांकि चीतों द्वारा चिड़ियाघरों में प्रजनन अपवाद घटना होती है। नतीजतन प्रजनन संभव होने से पहले ही चीते मर गए।

अब बचे है केवल 7100 चीते पूरी दुनिया में

बीती सदी में चीतों की संख्या एक लाख तक थी, लेकिन अफ्रीका के खुले घास वाले जंगलों से लेकर भारत सहित लगभग सभी एशियाई देशों में पाया जाने वाला चीता अब पूरे एशियाई जंगलों में गिनती के रह गए हैं। राजा चीता (एसिनोनिक्स रेक्स) जिम्बाब्बे में मिलता है। अफ्रीका के जंगलों में भी गिने-चुने चीते रह गए हैं। तंजानिया के सेरेंगती राष्ट्रीय उद्यान और नामीबिया के जंगलों में गिने-चुने चीते हैं। प्रजनन के तमाम आधुनिक व वैज्ञानिक उपायों के बावजूद जंगल की इस फुर्तीली नस्ल की संख्या बढ़ाई नहीं जा पा रही है। यह प्रकृति के समक्ष वैज्ञानिक दंभ की नाकामी है। जूलाजिकल सोसायटी आफ लंदन की रिपोर्ट को मानें तो दुनिया में 91 प्रतिशत चीते 1991 में ही समाप्त हो गए थे। अब केवल 7100 चीते पूरी दुनिया में बचे हैं। एशिया के ईरान में केवल 50 चीते शेष हैं। अफ्रीकी देश केन्या के मासीमारा क्षेत्र को चीतों का गढ़ माना जाता था, लेकिन अब इनकी संख्या गिनती की रह गई है।  

बीती सदी के पांचवें दशक तक चीते अमरीका के चिड़ियाघरों में भी थे। प्राणी विशेषज्ञों की अनेक कोशिशों के बाद इन चीतों ने 1956 में शिशुओं को जन्म भी दिया, परंतु किसी भी शिशु को बचाया नहीं जा सका। चीते द्वारा किसी चिड़ियाघर में जोड़ा बनाने की यह पहली घटना थी, जो नाकाम रही। जंगल के हिंसक जीवों का प्रजनन चिड़ियाघरों में आश्चर्यजनक ढंग से प्रभावित होता है, इसलिए शेर, बाघ, तेंदुए व चीते चिड़ियाघरों में जोड़ा बनाने की इच्छा नहीं रखते हैं। भारत में चीतों की अंतिम पीढ़ी के कुछ सदस्य बस्तर-सरगुजा के घने जंगलों में थे, जिन्हें 1947 में देखा गया था। प्रदेश अथवा भारत सरकार इनके संरक्षण के जरूरी उपाय करने हेतु हरकत में आती, इससे पहले ही चीतों के इन अंतिम वंशजों को भी शिकार के शौकीन राजा-महाराजाओं ने मार गिराया और वन की इस तेज गति के ताबूत में अंतिम कील भी ठोंक दी। इस तरह भारतीय चीतों की नस्ल पर पूर्ण विराम लग गया था।

हमारे देश के राजा-महाराजाओं को घोड़ों और कुत्तों की तरह चीते पालने का भी शौक था। चीता शावकों को पालकर इनसे जंगल में शिकार कराया जाता था। राजा लोग जब जंगल में आखेट के लिए जाते थे, तो प्रशिक्षित चीतों को बैलगाड़ी में बिठाकर साथ ले जाते थे। इनकी आंखों पर पट्टी बांध दी जाती थी, जिससे यह किसी मामूली वन्य जीव पर न झपटे। जब शिकार राजाओं की दृष्टि के दायरे में आ जाता था, तो चीते की आंखों की पट्टी खोलकर शिकार की दिशा में हाथ से इशारा कर दिया जाता था। पलक झपकते ही शिकार चीते के कब्जे में होता। शिकार का यह अद्भुत करिश्मा देखना भी एक आश्चर्यजनक रोमांच की बात रही होगी ?

ग्वालियर रियासत में सिंधिया राजा भी चीते पालने के शौकीन

भारत के कई राजमहलों में पालतू चीतों से शिकार कराने के अनेक चित्र अंकित हैं। मुगल काल में अकबर ने सैंकड़ों चीतों को बंधक बनाकर पाला। मध्यप्रदेश में मांडू विजय से लौटने के बाद अकबर ने चंदेरी और नरवर (शिवपुरी) के जंगलों में चीतों से वन्य प्राणियों का शिकार कराया। नरवर के जंगलों में अकबर ने जंगली हाथियों का भी खूब शिकार किया। ग्वालियर रियासत में सिंधिया राजाओं ने भी चीते पाले हुए थे, लेकिन चीतों को पाले जाने का शगल ग्वालियर रियासत में बीसवीं सदी के अंत तक ही संभव रहा। मार्को पोलो ने तेरहवीं शताब्दी के एक दस्तावेज का उदाहरण देते हुए बताया है कि कुबलई खान ने अपने ठिकानों पर एक हजार से भी अधिक चीते पाल रखे थे। इन चीतों के लिए अलग-अलग अस्तबल थे। चीते इस पड़ाव की चैकीदारी भी करते थे। बड़ी संख्या में चीतों को पालतू बनाने से इनके प्रकृतिजन्य स्वभाव पर प्रतिकूल असर तो पड़ा ही, इनकी प्रजनन क्रियाओं पर भी बेहद प्रतिकूल असर पड़ा। गुलामी की जिंदगी गुजारने व सईस के हंटर की फटकार की दहशत ने इन्हें मानसिक रूप से दुर्बल बना दिया, जिससे चीतों ने विभिन्न शारीरिक क्रियाओं में रुचि लेना बन्द कर दिया। जब चाहे तब भेड़-बकरियों की तरह हांक लगा देने से भी इनकी सहजता प्रभावित हुई। चीतों की ताकत में कमी न आए इसके लिए इन्हें मादाओं से अलग रखा जाता था। बैलों की तरह नर चीतों को बधिया करने की क्रूरताएं भी राजा-महाराजाओं ने खूब अपनाईं। इन सब कारणों से जंगल की इस बिजली की रोशनी मंद पड़ती गई और इक्कीसवीं शताब्दी के मध्य के आसपास एशिया भर में बुझ भी गई।

चीतों की औसत उम्र 20 साल

चिड़ियाघरों में चीतों की आयु 15-16 वर्ष तक देखी गई है। इनकी औसत उम्र 20 साल होती है। दरअसल एक ओर तो हम विलुप्त होते प्राणियों के संरक्षण में लगे हैं, दूसरी तरफ आधुनिक विकास इनके प्राकृतिक आवास उजाड़ रहा है। पर्यटन से हम आमदनी की बात चाहे जितनी करें, लेकिन पर्यटकों को बाघ, षेर, तेंदुआ व अन्य दुर्लभ प्राणियों को निकट से दिखाने की सुविधाएं, इनके स्वाभाविक जीवन को अंततः बुरी तरह प्रभावित करती हैं। यहां विचारणीय प्रष्न यह भी है कि जब चीता विलुप्ति के निकट पहुंच रहा था, तभी इसको बचाने के उपाय सफेद षेर की तरह क्यों नहीं किए गए ? चीते जैसे प्राणियों के आचार-व्यवहार के साथ संकट यह भी है कि ये नए जलवायु में आसानी से ढल नहीं पाते हैं।

[block rendering halted]

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें