बांध और विस्थापन वैश्विक पर्यावरण समसामयिक

नेपाल : हिमालय की चेतावनी पर नदियों की प्रतिक्रिया

नेपाल : हिमालय की चेतावनी पर नदियों की प्रतिक्रिया
लेखक की फोटो

नेपाल में आई महाप्रलय जैसी आपदाओं के लिए आजकल एक नया राक्षस–‘क्लाइमेट चेन्ज’ यानि ‘जलवायु परिवर्तन’ गढ़ लिया गया है। कहा और माना जाता है कि जो कारनामा प्रकृति की उथल-पुथल के चलते हो रहा हो, उसे अदना-सा इंसान कैसे बरका सकता है? ऐसे में पूंजी की अपनी क्रूर हवस में लगातार बर्बाद की जा रही प्रकृति, खासकर हिमालय की बर्बादी की जिम्मेदारी से सेठ, सरकार और समाज खुद को बरी कर लेते हैं। कैसी और क्या हैं, इनकी जिम्मेदारियां?


प्रकाश दहल

हिमालय की एक खूबी है। वह पहले हमें चेतावनी देता है और फिर उस चेतावनी को नजरअंदाज करने की भारी कीमत वसूलता है। 26 अगस्त की आपदा ऐसी कई चेतावनियों की सबसे ताजा कड़ी थी, जिन्हें हमने सुनना नहीं चाहा। यह सिर्फ अचानक आई बाढ़ नहीं थी। ऐसा लगता है कि यह पहाड़ों में हुई घटनाओं की एक के बाद एक जुड़ती श्रृंखला थी। तिब्बती क्षेत्र में बर्फ और चट्टानों के एक बड़े हिमस्खलन या ग्लेशियर के टूटने से भारी मात्रा में बर्फ, चट्टान, कीचड़ और मलबा ल्हेंदे नदी में जा गिरा। इससे नदी का रास्ता बंद हो गया और एक अस्थायी झील बन गई। मलबे के पीछे पानी जमा होता गया। जब प्राकृतिक बांध पानी का दबाव और नहीं सह सका, तो वह टूट गया। इसके बाद पानी, बर्फ, कीचड़ और मलबा भोटेकोशी और त्रिशूली नदी प्रणालियों में तेजी से नीचे की ओर बह निकला।

खतरा पानी की पहली लहर के गुजर जाने के साथ खत्म नहीं हुआ। आपदा स्थल से ऊपर की ओर एक नई अस्थायी झील बन गई, जिसमें कथित तौर पर लाखों घन मीटर पानी जमा था। अधिकारियों ने एक और अचानक झील फटने की आशंका को लेकर चेतावनी दी। यानी एक आपदा ने एक और छिपी हुई आपदा को जन्म दे दिया। पहाड़ ने अभी बोलना बंद नहीं किया है। उसका संदेश इतना तेज है कि कान के पर्दे तक फट जाएँ। यह केवल नेपाल की समस्या नहीं है। यही वह बात है जिसे भोटेकोशी की कहानी के जरिए अब नेपाल की सीमाओं से बाहर ले जाना जरूरी है।

READ  दुगुना प्रभाव बढ़ाएगा मानसून में मुंबई की परेशानी, जलवायु परिवर्तन का असर भी साफ़

हिमालय राजनीतिक सीमाओं को नहीं मानता। कोई ग्लेशियर तिब्बत में टूट सकता है। मलबे से बना बांध एक देश में बन सकता है, झील दूसरे देश में फट सकती है, नदी उसके परिणामों को भारत और बांग्लादेश तक ले जा सकती है। नदी के पास कोई पासपोर्ट नहीं होता। इसीलिए भारत के सिक्किम में बढ़ती चिंता पर जितना ध्यान दिया जा रहा है, उससे कहीं अधिक ध्यान देने की जरूरत है। सिक्किम के लोग ल्हेंदे – भोटेकोशी क्षेत्र में हुई आपदा का संदेश समझते हैं, लेकिन ‘दिल्ली’ शायद अभी भी इस तबाही को विकास की दौड़ में होने वाला एक ‘साइड इफेक्ट’ मान रही है।

भोटेकोशी की आपदा के बाद सिक्किम के कई समूहों ने नई जलविद्युत परियोजनाओं को रोकने और हिमालयी राज्य में जलविद्युत विकास के सुरक्षा तथा पर्यावरणीय प्रभावों की स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग की है। यह मांग इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सिक्किम के लोग अक्टूबर 2023 में दक्षिण ल्होनक झील से आई ‘ग्लेशियल झील विस्फोट’ (ग्लोफ) की तबाही झेल चुके हैं। उस घटना में 1,200 मेगावाट की ‘तीस्ता जलविद्युत परियोजना’ नष्ट हो गई थी और विनाशकारी जलधारा नीचे की ओर बह निकली थी।

सवाल अब यह नहीं है कि क्या हम अत्याधुनिक तकनीक की मदद से बांध बना सकते हैं, बल्कि यह है कि क्या पहाड़ ने हमें इसकी अनुमति दी है? सिक्किम में जो होता है, क्या वह सिक्किम तक ही सीमित रहता है? तीस्ता इसका सबसे अच्छा उदाहरण है। यह नदी हिमालय से निकलती है, सिक्किम और पश्चिम बंगाल से होकर बहती है और अंत में बांग्लादेश में जाकर मिलती है। अनुमान है कि तीस्ता नदी बेसिन करीब 3 करोड़ लोगों का जीवन चलाता है। इनमें दो-तिहाई से अधिक लोग उत्तर-पश्चिमी बांग्लादेश में रहते हैं।

इसलिए बांग्लादेश के लिए ऊपरी हिमालय में होने वाली घटना दूर पहाड़ों की कोई खबर नहीं है। यह एक गंभीर चेतावनी है और नीचे रहने वाले लोगों के लिए तत्काल खतरा पैदा करती है। ग्लेशियल झील के फटने से सिक्किम में बुनियादी ढाँचा नष्ट हुआ, पानी की विनाशकारी धारा नीचे की ओर दौड़ी और भारत से बाहर के इलाकों, जिनमें बांग्लादेश भी शामिल था, को प्रभावित किया। ऐसे में पारंपरिक ‘पर्यावरणीय प्रभाव आंकलन’ अब खतरनाक रूप से अपर्याप्त साबित हो सकते हैं। वे आम तौर पर हर परियोजना को अलग-अलग देखकर उसके प्रभावों का आंकलन करते हैं, प्रकृति ऐसा नहीं करती।

READ  वैश्विक पर्यावरण : जलवायु परिवर्तन से बढ़ेंगे चक्रवात

भारत और बांग्लादेश वर्षों से तीस्ता को पानी के बँटवारे का मुद्दा मानते हैं, लेकिन अब केवल इतना पर्याप्त नहीं है। तीस्ता को एक साझा जलवायु-जोखिम वाली नदी प्रणाली के रूप में भी देखना होगा। बांग्लादेश का उन ग्लेशियरों, पहाड़ी ढ़लानों, बांधों और जलाशयों पर बहुत कम प्रभाव है, जो उससे सैकड़ों किलोमीटर ऊपर की ओर स्थित हैं, फिर भी उनके परिणामों का बोझ उसे उठाना पड़ता है। उत्तर बांग्लादेश या पश्चिम बंगाल के किसानों ने बांध को मंजूरी नहीं दी, उन्होंने ग्लेशियर अस्थिर नहीं किए, वातावरण को गर्म नहीं किया, सड़क या सुरंग नहीं बनाई। फिर भी जब इन फैसलों के परिणाम आते हैं, तो हो सकता है कि वही किसान कमर या गर्दन तक भरे बाढ़ के पानी में खड़ा हो।

शायद यही जलवायु न्याय की सबसे कड़वी विडंबना है – जिन लोगों ने समस्या पैदा करने में सबसे कम योगदान दिया है, अक्सर सबसे पहले और सबसे ज्यादा कीमत उन्हें ही चुकानी पड़ती है। कोई यह नहीं कह सकता कि ‘ग्लोफ’ का खतरा अज्ञात था। जोखिम की पहचान पहले ही हो चुकी थी। पैसा मंजूर हो चुका था। परियोजनाएँ तैयार की जा चुकी थीं। चेतावनियाँ दी जा चुकी थीं। फिर भी भोटेकोशी की आपदा हुई। सवाल यह है कि क्या सरकारें अपनी प्रतिक्रिया तेजी से बदलते हिमालयी खतरों के हिसाब से दे रही हैं, या फिर पर्यटन से मुनाफा कूटने, हवा-हवाई प्रशासनिक सीमाओं और नौकरशाही की गैर-जिम्मेदार जिम्मेदारियों के आधार पर? ग्लेशियर किसी परियोजना की सीमा को नहीं समझता। अस्थायी झील सरकारी खरीद प्रक्रिया का इंतजार नहीं करती। भूस्खलन किसी दाता संस्था के कैलेंडर से सलाह नहीं लेता और बाढ़ किसी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नहीं रुकती।

हिमालय को एक साझा चेतावनी प्रणाली की जरूरत है। इसका जवाब एक और सम्मेलन और उसके बाद एक और घोषणा नहीं हो सकता। नेपाल, भारत, बांग्लादेश और चीन को मिलकर सीमा-पार काम करने वाली चेतावनी व्यवस्था बनानी होगी। इसके लिए उपग्रहों से प्राप्त जानकारी की साझा निगरानी होनी चाहिए। ग्लेशियरों और हिमनदीय झीलों की संयुक्त निगरानी होनी चाहिए। नदियों के जलस्तर और प्रवाह से जुड़े आँकड़े साझा किए जाने चाहिए। खतरनाक झीलों के बनने या ऊपर की ओर नदी का रास्ता अचानक बंद होने की तत्काल सूचना देनी चाहिए।

READ  बिहार : कहर ढा रहा एनटीपीसी का ऐश फ्लाई

सबसे महत्वपूर्ण बात, हिमालय में बुनियादी ढाँचा बनाने के लिए एक नया मानक विकसित करना होगा, जिसमें श्रृंखलाबद्ध खतरों को ध्यान में रखा जाए। हर बांध, सड़क और बस्ती को अलग-अलग परियोजना मानकर नहीं, बल्कि पूरे पहाड़ी तंत्र के आपस में जुड़े हिस्सों के रूप में देखा जाना चाहिए। इसलिए जलविद्युत विकास की नए सिरे से समीक्षा करने की सिक्किम की मांग को विकास-विरोधी अभियान कहकर खारिज नहीं किया जाना चाहिए। इसे एक चेतावनी के रूप में लिया जाना चाहिए।

सवाल यह नहीं है कि दक्षिण एशिया को बिजली की जरूरत है या नहीं। सवाल यह है कि क्या हम 21वीं सदी का बुनियादी ढाँचा इस आधार पर बना रहे हैं कि कल वाला हिमालय आज भी वैसा ही है। जाहिर है, ऐसा नहीं है। ग्लेशियर बदल रहे हैं। पहाड़ों की ढ़लानें बदल रही हैं। नदियाँ बदल रही हैं और खतरे पहले से कहीं अधिक एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। अब सबसे बड़ी गलती यह होगी कि भोटेकोशी की घटना को एक और प्राकृतिक आपदा मान लिया जाए, शोक जताया जाए, राहत की घोषणा की जाए, नष्ट हुई चीजों का फिर से निर्माण किया जाए और अगले पहाड़ के टूटने का इंतजार किया जाए।

अगला पहाड़ सिक्किम में टूट सकता है। अगली अस्थायी झील कहीं और बन सकती है। अगली बाढ़ बांग्लादेश तक पहुँच सकती है और अगली श्रृंखलाबद्ध आपदा भोटेकोशी की तबाही को केवल एक पूर्वाभ्यास जैसी बना सकती है। हिमालय हमें चेतावनी दे चुका है। सवाल यह है कि क्या दक्षिण एशिया उस संदेश को समझेगा, जो हमारी नदियां लगातार दे रही हैं? (सप्रेस)

श्री प्रकाश दहाल नेपाल में रहने वाले लोकप्रशासन, मानवाधिकार और विकास के क्षेत्र में काम करने वाले पत्रकार हैं। वे एमनेस्टी इंटरनेशनल के पूर्व कंट्री डायरेक्टर थे।

जुड़ें - हमारे व्हाट्सएप चैनल से

सप्रेस मीडिया - नवीनतम आलेख, रिपोर्ट, समाचार अपडेट सीधे अपने व्हाट्सएप पर प्राप्त करें।

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें →

निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करें

आज के दौर में निष्पक्ष, स्वतंत्र और जन-सरोकार की पत्रकारिता को जीवित रखना बड़ी चुनौती है। विज्ञापनदाताओं और कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त होकर आप तक सही और सटीक खबरें पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। हमारी स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आपके आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। आपकी दी हुई छोटी-सी सहयोग राशि हमें सच्ची पत्रकारिता करते रहने का संबल देगी।

सहयोग राशि →

नवीन आलेख