शख्सियत शिक्षा

शोध और सामाजिक सरोकारों की विरासत के केंद्र में रहे डॉ. डब्ल्यू. एस. के. फिलिप्स

शोध और सामाजिक सरोकारों की विरासत के केंद्र में रहे डॉ. डब्ल्यू. एस. के. फिलिप्स
लेखक की फोटो

इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क ने 75 वर्षों में समाज कार्य की उच्च शिक्षा, सामाजिक शोध और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। कभी मध्य प्रदेश में समाज कार्य की स्नातकोत्तर शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहे इस संस्थान की अकादमिक विरासत को समृद्ध करने में कई शिक्षाविदों का योगदान रहा। इनमें शोध और सामाजिक सरोकारों को जोड़ने वाले डॉ. डब्ल्यू. एस. के. फिलिप्स उल्लेखनीय हैं।


इंदौर समाज कार्य विद्यालय के 75 वर्ष

इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क ने अपनी 75 वर्षों की शैक्षिेक यात्रा में समाज कार्य की शिक्षा, सामाजिक शोध और जनसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। कभी यह मध्य प्रदेश का एकमात्र ऐसा महाविद्यालय होता था, जहां समाज कार्य में स्नातकोत्तर शिक्षा की सुविधा केवल इंदौर में ही उपलब्ध थी। इस संस्थान की पहचान बनाने में कई शिक्षाविदों का महत्‍वपूर्ण योगदान रहा, लेकिन शोध और सामाजिक सरोकारों को अकादमिक गतिविधियों से जोड़ने वाले शिक्षाविदों में डॉ. डब्ल्यू.एस.के. फिलिप्स का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है।

शिक्षण संस्थानों की वास्तविक पहचान उन विचारों, प्रयासों और शैक्षणिक परंपराओं से बनती है, जिन्हें वहां काम करने वाले लोग विकसित करते हैं। इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क की यात्रा भी ऐसी ही परंपरा का उदाहरण है। डॉ. विनिफ्रेड ब्राइस और डॉ. पी.टी. थॉमस के बाद इस परंपरा को आगे बढ़ाने में डॉ. फिलिप्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अप्रैल 1984 में महाविद्यालय के प्राचार्य का दायित्व संभालने वाले डॉ. फिलिप्स ने संस्था में अध्‍ययन छात्रों के लिए शोध और अकादमिक अध्ययन को विशेष महत्व दिया। शहरी समाज की संरचना, सामाजिक असमानता, बाल श्रम, और महिला एवं बाल विकास से जुड़े विषय उनके शिक्षण कार्य के प्रमुख क्षेत्र रहे। उनका मानना था कि सामाजिक समस्याओं को समझने, उनके कारणों का अध्ययन करने और समाधान के प्रभावी रास्ते खोजने में समाज कार्य शिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है।

समाज कार्य की शिक्षा में कक्षा के अध्ययन के साथ क्षेत्रीय अनुभवों का विशेष महत्व होता है। विद्यार्थी बस्तियों, परिवारों, समुदायों और सामाजिक संस्थाओं के बीच जाकर लोगों की समस्याओं को समझते हैं। लेकिन इन अनुभवों को व्यवस्थित रूप से दर्ज करना, उनके कारणों का विश्लेषण करना और निष्कर्षों को सामाजिक कार्यक्रमों तथा नीतियों से जोड़ना भी जरूरी है। डॉ. फिलिप्स ने इसी पक्ष को अपनी अकादमिक गतिविधियों में प्रमुखता दी।

उनके नेतृत्‍व में समाज कार्य महाविद्यालय द्वारा किये गए शोध कार्यों की विषयवस्तु पर नजर डालें तो पाएंगे की उनमें शहरी सामाजिक संरचना, सामाजिक गतिशीलता, बाल अधिकार, ग्रामीण विकास और महिला एवं बाल विकास जैसे विविध विषय प्रमुखता से सामने आते हैं। उनके लिए शोध समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझने और सामाजिक हस्तक्षेप को अधिक प्रभावी बनाने का जरिया था।

‘शहरी भारत में सामाजिक स्तरीकरण और गतिशीलता’ अध्‍ययन इंदौर की सामाजिक संरचना को समझने की दृष्टि से उल्‍लेखनीय है। 1980 और 1990 के दशक में इंदौर तेजी से बदल रहा था। औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और रोजगार के अवसरों के साथ शहर का विस्तार हो रहा था। दूसरी ओर, मलिन बस्तियों, आवास, गरीबी और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी चुनौतियां भी मौजूद थीं। ऐसे समय में शहर को केवल भौतिक विकास के नजरिये से देखना पर्याप्त नहीं था। यह समझना भी जरूरी था कि विकास की प्रक्रिया में गरीब और वंचित समुदायों की स्थिति क्या है।

इंदौर विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित हैबिटेट इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट जैसी पहल ने तंग बस्तियों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने के प्रयास किए। इस व्यापक शहरी परिदृश्य में सामाजिक संरचना और असमानता पर केंद्रित शोध शहर की उन वास्तविकताओं को सामने लाने में उपयोगी थे, जो अक्सर विकास की सामान्य चर्चा में पीछे छूट जाती हैं।

डॉ. फिलिप्स के महत्वपूर्ण शोध कार्यों में वर्ष 1992 में प्रकाशित ‘इंदौर के सड़क पर रहने वाले बच्चे : एक स्थितिगत विश्लेषण’ का विशेष उल्लेख किया जाना चाहिए। यह अध्ययन उन बच्चों की परिस्थितियों को समझने का प्रयास था, जिनका जीवन सड़कों, अस्थायी ठिकानों और असुरक्षित कामकाजी परिस्थितियों के बीच गुजरता था।

सड़क पर रहने वाले बच्चों की समस्या केवल गरीबी का प्रश्न नहीं है। इसके साथ शिक्षा से वंचित होना, परिवार से अलगाव, असुरक्षित वातावरण, बाल श्रम और शोषण जैसी अनेक चुनौतियां जुड़ी होती हैं। इन बच्चों की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए उनके जीवन और परिस्थितियों का व्यवस्थित अध्ययन आवश्यक था। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के लिए किया गया यह शोध ऐसे बच्चों की जरूरतों और समस्याओं को सामने लाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण था। इससे संबंधित नीतियों और कार्यक्रमों के निर्माण के लिए अध्ययन आधारित जानकारी उपलब्ध कराने में मदद मिली।

इसी तरह एन.ए. कुरियन के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के कार्य-विभाजन और कार्यक्षमता पर किया गया अध्ययन भी उनके शोध के व्यापक दायरे को दर्शाता है। इसमें महिला एवं बाल विकास कार्यक्रमों के जमीनी क्रियान्वयन और कार्यकर्ताओं की भूमिका को समझने का प्रयास दिखाई देता है।

डॉ. फिलिप्स की शोध रुचि केवल शहरी समस्याओं तक सीमित नहीं थी। वर्ष 1983-84 में समेकित ग्रामीण विकास कार्यक्रम (आईआरडीपी) के मूल्यांकन का भी उल्लेखनीय है। यह कार्यक्रम ग्रामीण गरीबी कम करने, रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने तथा जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से संचालित किया गया था। इसके मूल्यांकन के माध्यम से विकास योजनाओं के प्रभाव और उनके क्रियान्वयन से जुड़े पक्षों को समझने का प्रयास किया गया।

उनके नेतृत्व में इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क बाल अधिकारों के संरक्षण और संवर्धन से जुड़ी यूनिसेफ की विभिन्न परियोजनाओं में भी शामिल रहा। संस्था महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की चाइल्डलाइन परियोजना की नोडल एजेंसी भी बनी। इसके अलावा संस्था के मूल्यांकन और शोध कार्यों से प्राप्त निष्कर्ष राष्ट्रीय साक्षरता मिशन, ग्रामीण विकास मंत्रालय और सामाजिक न्याय मंत्रालय की नीति निर्माण प्रक्रिया में उपयोगी रहे।

डॉ. फिलिप्स के नेतृत्व में महाविद्यालय ने अकादमिक अध्ययन को समाज की वास्तविक जरूरतों से जोड़ने का प्रयास किया। शिक्षण संस्थान, सरकारी विभाग, सामाजिक संगठन और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता एक-दूसरे से सीखें और मिलकर काम करें, यह समाज कार्य की व्यापक अवधारणा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

19 अक्टूबर 2000 को डॉ. फिलिप्स का असामयिक निधन हो गया। संस्था ने एक ऐसा शिक्षाविद् खो दिया था, जिनकी पहचान अध्यापन और प्रशासन के साथ-साथ शोध के प्रति प्रतिबद्धता से बनी थी।

उल्‍लेखनीय है कि इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क की स्थापना वर्ष 1951 में इंदौर क्रिश्चियन कॉलेज ने भारतीय समाज सेवा सम्मेलन की मध्य भारत शाखा के आग्रह पर की थी। शुरुआत में यहां समाज कार्य का अल्पकालिक प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम संचालित होता था। वर्ष 1955 में प्रसिद्ध समाजशास्त्री और शिक्षाविद् डॉ. (श्रीमती) विनिफ्रेड ब्राइस ने संस्था का नेतृत्व संभाला। उनके प्रयासों से पाठ्यक्रम को एक वर्षीय स्नातक डिप्लोमा के स्तर तक विकसित किया गया।

वर्ष 1961 में संस्था इंदौर क्रिश्चियन कॉलेज के स्नातकोत्तर विभाग के रूप में विकसित हुई और विक्रम विश्वविद्यालय से समाज कार्य में एम.ए. की संबद्धता प्राप्त हुई। वर्ष 1964 में इंदौर विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद इसका अकादमिक संबंध उससे जुड़ा। वर्ष 1966 में संस्था को स्वतंत्र स्वरूप मिला और जुलाई में इंदौर विश्वविद्यालय से संबद्धता प्राप्त हुई, जिसे बाद में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के नाम से जाना गया।

वर्ष 1972 में संस्था पुराने सीहोर रोड स्थित रेसीडेंसी क्षेत्र के अपने वर्तमान परिसर में स्थानांतरित हुई। डॉ. ब्राइस के बाद मिस माविस बोवेन और डॉ. पी.टी. थॉमस ने भी इसके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. थॉमस ने वर्ष 1969 से मार्च 1984 तक लगभग 15 वर्षों तक प्राचार्य के रूप में कार्य किया। उनके कार्यकाल में संस्था ने समाज कार्य की उच्च शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत की। उनके बाद अप्रैल 1984 में डॉ. फिलिप्स ने प्राचार्य का दायित्व संभाला।

आज महाविद्यालय परिसर में स्थापित डॉ. डब्ल्यू.एस.के. फिलिप्स मेमोरियल लाइब्रेरी उनकी स्मृति को जीवित रखे हुए है। किसी शिक्षाविद् के योगदान को याद करने का यह एक संस्थागत माध्यम है, लेकिन उनकी वास्तविक विरासत उन विचारों और कार्यों में है, जिन्हें उन्होंने आगे बढ़ाया।

इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क की 75 वर्षों की यात्रा बताती है कि समाज कार्य की शिक्षा का दायरा कक्षा और पाठ्यक्रम से कहीं अधिक व्यापक है। समाज में मौजूद असमानता, गरीबी, बाल अधिकार, महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण विकास और शहरी चुनौतियों को समझने के लिए संवेदनशीलता के साथ-साथ तथ्यपरक अध्ययन भी जरूरी है।

डॉ. फिलिप्स की शैक्षणिक विरासत को गुणवत्तापूर्ण समाज कार्य शिक्षा, शोध आधारित सामाजिक अध्ययन और नागरिक जिम्मेदारी के इन तीन परस्पर जुड़े आयामों में देखा जा सकता है। संस्था के 75वें स्थापना वर्ष पर उन्हें स्‍मरण कर सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि शिक्षक और विद्यार्थी सामाजिक समस्याओं को केवल देखने और महसूस करने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके कारणों को समझें, तथ्यों के साथ दर्ज करें और समाधान की दिशा में सार्थक पहल करें।

(कुमार सिद्धार्थ सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वतंत्र पत्रकार हैं। 1989–91 में इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क से उपाधि प्राप्त कीं और वर्ष 91 में बेस्ट स्टूडेंट अवॉर्ड से सम्मानित है।)

लेखक का परिचय

कुमार सिद्धार्थ

कुमार सिद्धार्थ स्वतंत्र पत्रकार एवं सामाजिक कार्यों से संबद्ध हैं।

जुड़ें - हमारे व्हाट्सएप चैनल से

सप्रेस मीडिया - नवीनतम आलेख, रिपोर्ट, समाचार अपडेट सीधे अपने व्हाट्सएप पर प्राप्त करें।

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें →

निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करें

आज के दौर में निष्पक्ष, स्वतंत्र और जन-सरोकार की पत्रकारिता को जीवित रखना बड़ी चुनौती है। विज्ञापनदाताओं और कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त होकर आप तक सही और सटीक खबरें पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। हमारी स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आपके आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। आपकी दी हुई छोटी-सी सहयोग राशि हमें सच्ची पत्रकारिता करते रहने का संबल देगी।

सहयोग राशि →

संबंधित आलेख

सर्वाधिक पढ़े गए