शख्सियत समाचार

बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक और प्रख्यात समाजसेवी बंकर रॉय का निधन

बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक और प्रख्यात समाजसेवी बंकर रॉय का निधन

तिलोनिया स्थित अपने घर में ली अंतिम साँस, ग्रामीण महिलाओं को सौर इंजीनियर बनाकर दुनिया को दिखाई नई राह

अजमेर/जयपुर, 10 नवंबर। ग्रामीण भारत में शिक्षा, स्वावलंबन और सामुदायिक विकास की एक अलग राह बनाने वाले प्रख्यात समाजसेवी और बेयरफुट कॉलेज के संस्थापक संजीत ‘बंकर’ रॉय का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। उन्होंने राजस्थान के अजमेर जिले के तिलोनिया स्थित अपने आवास पर सुबह करीब 6.15 बजे अंतिम साँस ली। उस समय उनकी पत्नी अरुणा रॉय सहित परिवार के सदस्य और करीबी लोग उनके पास मौजूद थे।

बंकर रॉय ने अपनी इच्छा के अनुरूप अपने ही घर में अंतिम साँस ली। वे उन लोगों के बीच विदा हुए, जिनसे उन्हें गहरा लगाव था और जो उन्हें बेहद चाहते थे। पिछले दो-तीन वर्षों से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था, लेकिन सामाजिक सरोकारों और अपने विचारों से उनका जुड़ाव जीवन के अंतिम समय तक बना रहा।

स्क्वैश चैंपियन से गाँव की राह चुनने तक

संजीत रॉय का जन्म 1945 में पश्चिम बंगाल के बर्नपुर में एक संपन्न बंगाली परिवार में हुआ था। बचपन में उन्हें बंकर नाम मिला। उनकी शिक्षा देहरादून के प्रतिष्ठित दून स्कूल और दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज में हुई। खेलों में उनकी विशेष रुचि थी। वे राष्ट्रीय स्तर के स्क्वैश चैंपियन रहे और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया।

उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि और शिक्षा को देखते हुए उनके सामने प्रशासनिक सेवा अथवा किसी प्रतिष्ठित पेशे में जाने के पर्याप्त अवसर थे। लेकिन जीवन ने उनके लिए एक अलग रास्ता तय कर रखा था।

1960 के दशक के मध्य में वे बिहार के अकाल प्रभावित पलामू क्षेत्र में स्वयंसेवक के रूप में काम करने पहुँचे। वहाँ ग्रामीण जीवन की कठिनाइयों, गरीबी और संसाधनों के अभाव को करीब से देखने का अवसर मिला। इस अनुभव ने उनकी सोच और जीवन की दिशा बदल दी। सुविधाजनक जीवन और पारंपरिक करियर के बजाय उन्होंने गाँवों के बीच रहकर काम करने का निर्णय लिया। करीब 1967 में वे राजस्थान के तिलोनिया पहुँचे। इसके बाद तिलोनिया ही उनकी कर्मभूमि बन गया।

पानी के सवाल से शुरू हुआ सामाजिक बदलाव का सफर

तिलोनिया पहुँचने के बाद बंकर रॉय ने सबसे पहले पानी की समस्या को समझने और उसका समाधान तलाशने का काम शुरू किया। राजस्थान के सूखाग्रस्त इलाकों में जलस्रोतों और पेयजल की उपलब्धता का अध्ययन करते हुए उन्होंने महसूस किया कि ग्रामीण विकास की कोई भी पहल स्थानीय जरूरतों और समुदाय की भागीदारी के बिना सफल नहीं हो सकती।

See also  मानव जीवन विकास समिति की रजत जयंती : गांधीवादी विचारों के साथ ग्रामीण विकास का उत्सव

इसी सोच के साथ 1972 में उन्होंने सोशल वर्क एंड रिसर्च सेंटर (SWRC) की स्थापना की। यही संस्था आगे चलकर बेयरफुट कॉलेज के नाम से दुनिया भर में पहचानी गई।

इस प्रयोग के केंद्र में महात्मा गांधी का स्वावलंबन और ग्राम स्वराज का विचार था। बंकर रॉय का विश्वास था कि गाँवों को अपनी बुनियादी जरूरतों के समाधान के लिए बाहरी विशेषज्ञों और संस्थाओं पर निर्भर रहने के बजाय अपनी क्षमताओं को पहचानना और विकसित करना चाहिए। संस्था ने ग्रामीण समुदायों के साथ मिलकर पेयजल, वर्षा जल संचयन, शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा और स्थानीय निर्माण जैसे क्षेत्रों में काम किया।

डिग्री से ज्यादा अनुभव और हुनर को महत्व

बेयरफुट कॉलेज की सबसे विशिष्ट पहचान उसकी शिक्षा और प्रशिक्षण की अवधारणा रही। यहाँ औपचारिक डिग्री या प्रमाणपत्र को योग्यता का एकमात्र आधार नहीं माना गया। बंकर रॉय का मानना था कि किसी व्यक्ति की वास्तविक क्षमता उसके अनुभव, काम और हुनर से पहचानी जानी चाहिए, न कि केवल उसकी शैक्षणिक योग्यता से।

उन्होंने ग्रामीण समुदायों में मौजूद पारंपरिक ज्ञान और कौशल को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का प्रयोग किया। ऐसे लोग, जिन्हें औपचारिक शिक्षा के पर्याप्त अवसर नहीं मिले थे, उन्हें सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवाओं, जल प्रबंधन, निर्माण और शिक्षा के क्षेत्र में प्रशिक्षित किया गया।

उनका एक चर्चित विचार था कि किसी युवा को प्रशिक्षित करने पर उसके शहर की ओर पलायन करने की संभावना रहती है, लेकिन यदि किसी बुजुर्ग ग्रामीण महिला को प्रशिक्षित किया जाए तो उसके ज्ञान और कौशल का लाभ पूरे गाँव को मिलता है।

इसी सोच ने बेयरफुट कॉलेज में ग्रामीण महिलाओं, विशेषकर बुजुर्ग महिलाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देने की अनूठी परंपरा विकसित की। उन्होंने साबित किया कि तकनीक किसी विशेष भाषा, उम्र या औपचारिक शिक्षा की मोहताज नहीं है।

दादी–नानियों ने संभाली सौर ऊर्जा की कमान

बेयरफुट कॉलेज का सौर ऊर्जा कार्यक्रम बंकर रॉय के सबसे चर्चित प्रयोगों में शामिल रहा। ग्रामीण महिलाओं को सौर ऊर्जा तकनीक का प्रशिक्षण देकर उन्हें अपने गाँवों में बिजली की जरूरत पूरी करने के लिए सक्षम बनाया गया।

देश के विभिन्न हिस्सों के साथ अफगानिस्तान, घाना, सिएरा लियोन, जॉर्डन और अन्य देशों की महिलाएँ भी तिलोनिया पहुँचीं। इनमें कई ऐसी महिलाएँ थीं, जो औपचारिक रूप से शिक्षित नहीं थीं और जिन्हें अपने गाँव से बाहर जाने का भी बहुत कम अवसर मिला था। उन्हें छह महीने के प्रशिक्षण के दौरान सौर पैनल लगाने, जोड़ने, उनकी देखभाल और मरम्मत का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया।

See also  सरकार की साथी, गैर-सरकारी संस्‍थाएं

प्रशिक्षण के बाद ये महिलाएँ अपने-अपने गाँवों में लौटकर सौर ऊर्जा व्यवस्था स्थापित करने और उसका रखरखाव करने लगीं। इस तरह वे केवल अपने परिवारों के लिए नहीं, बल्कि पूरे समुदाय के लिए तकनीकी विशेषज्ञ और बदलाव की वाहक बनीं।

इस प्रयोग पर बनी डॉक्यूमेंट्री सोलर ममाज ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान आकर्षित किया। तिलोनिया से निकली इस पहल ने दुनिया को दिखाया कि ग्रामीण महिलाएँ केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि तकनीकी बदलाव की नेतृत्वकर्ता भी हो सकती हैं।

तिलोनिया से दुनिया तक पहुँचा एक विचार

बेयरफुट कॉलेज का प्रभाव केवल राजस्थान या भारत तक सीमित नहीं रहा। एशिया, अफ्रीका और अन्य क्षेत्रों के अनेक देशों में ग्रामीण समुदायों के साथ काम करने वाले लोगों ने तिलोनिया के मॉडल से प्रेरणा ली। संस्था ने ऐसे लोगों को प्रशिक्षण दिया, जो अपने समुदायों में जाकर स्थानीय जरूरतों के अनुरूप समाधान विकसित कर सकें।

बंकर रॉय ने विकास की उस प्रचलित धारणा को चुनौती दी, जिसमें ज्ञान और विशेषज्ञता को केवल विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों और डिग्रीधारी पेशेवरों तक सीमित माना जाता है। उनका प्रयोग इस विश्वास पर आधारित था कि गाँवों में भी ज्ञान का एक बड़ा संसार मौजूद है। जरूरत है उसे पहचानने, सम्मान देने और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की।

तिलोनिया का बेयरफुट कॉलेज इसी विचार की जीवंत प्रयोगशाला बना। यहाँ भवन निर्माण से लेकर प्रशिक्षण और ऊर्जा प्रबंधन तक अनेक कामों में स्थानीय लोगों की भागीदारी को प्राथमिकता दी गई।

अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान

ग्रामीण विकास में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उपयोग और सामाजिक नवाचार के लिए बंकर रॉय को कई प्रतिष्ठित सम्मान मिले। वर्ष 1985 में उन्हें जमनालाल बजाज पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वर्ष 2003 में बेयरफुट कॉलेज के सौर ऊर्जा संबंधी कार्यों को एशडेन पुरस्कार और सेंट एंड्रयूज पर्यावरण पुरस्कार से पहचान मिली।

वर्ष 2010 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। इसी वर्ष टाइम पत्रिका ने उन्हें दुनिया के 100 प्रभावशाली व्यक्तियों की सूची में शामिल किया। वर्ष 2011 में उन्हें प्रतिष्ठित ब्लू प्लैनेट पुरस्कार भी मिला। वे TED मंच पर अपने विचारों और अनुभवों को साझा कर चुके थे। उनकी पुस्तक द बेयरफुट कॉलेज इन तिलोनिया में भी उनके काम और सामाजिक प्रयोगों का उल्लेख मिलता है।

See also  सेवा, संकल्प और स्मृति के साथ जिम्मी मगिलिगन को समर्पित सस्टेनेबल सप्ताह का समापन

अरुणा रॉय के साथ साझा किया सामाजिक संघर्ष का सफर

अरुणा रॉय के साथ बंकर रॉय का 1970 में विवाह हुआ था। अरुणा रॉय ने भारतीय प्रशासनिक सेवा की नौकरी छोड़कर तिलोनिया में सोशल वर्क एंड रिसर्च सेंटर के साथ काम शुरू किया। दोनों ने ग्रामीण समुदायों के बीच शिक्षा, अधिकार और स्वावलंबन के सवालों पर मिलकर काम किया।

बाद के वर्षों में अरुणा रॉय ने ग्रामीण मजदूरों के न्यूनतम वेतन और रोजगार के अधिकार के लिए महत्वपूर्ण संघर्ष किया। राजस्थान में मजदूरों के अधिकारों से शुरू हुआ यह आंदोलन आगे चलकर सूचना के अधिकार आंदोलन की एक प्रमुख प्रेरणा बना। इसी संघर्ष ने देश में सूचना के अधिकार कानून की पृष्ठभूमि तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

‘उनके विचार और प्रयोग दुनिया के कोने–कोने में जीवित रहेंगे‘

बंकर रॉय के निधन पर देशभर के सामाजिक कार्यकर्ताओं और तिलोनिया से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। संपर्क संस्था के निदेशक नीलेश देसाई ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि बंकर रॉय का काम ग्रामीण तकनीक और सामुदायिक स्वावलंबन के क्षेत्र में एक ऐसी मिसाल है, जिससे आने वाली पीढ़ियाँ भी सीखती रहेंगी।

उन्हें याद करते हुए कहा कि पाँच दशक पहले उन्होंने एक छोटे से गाँव में समाज सेवा की जो अलख जगाई, उसने राजस्थान ही नहीं, बल्कि देश और दुनिया के सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। SWRC, जिसे आज दुनिया बेयरफुट कॉलेज के नाम से जानती है, के माध्यम से उन्होंने अशिक्षित ग्रामीणों की मेधा और उनके संचित ज्ञान पर भरोसा किया तथा उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने की राह दिखाई। बंकर और अरुणा रॉय के प्रयासों ने राजस्थान के युवाओं में भी समाज सेवा के प्रति आकर्षण पैदा किया।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं सर्वोदय प्रेस सर्विस (सप्रेस) के संपादक राकेश दीवान ने कहा कि बंकर रॉय का जाना केवल एक सामाजिक कार्यकर्ता का अवसान नहीं है, बल्कि उस विचार और प्रयोगशील परंपरा के लिए भी बड़ी क्षति है, जिसने ग्रामीण समुदायों की क्षमता, पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय हुनर को विकास का आधार बनाया। उन्होंने यह स्थापित करने का प्रयास किया कि बदलाव के लिए हमेशा किसी बड़ी पूंजी, विशेषज्ञ या डिग्रीधारी पेशेवर की जरूरत नहीं होती। गाँव के साधारण लोग भी अपने अनुभव, सामूहिक समझ और थोड़े से तकनीकी प्रशिक्षण के सहारे असाधारण काम कर सकते हैं।

लेखक का परिचय

जुड़ें - हमारे व्हाट्सएप चैनल से

सप्रेस मीडिया - नवीनतम आलेख, रिपोर्ट, समाचार अपडेट सीधे अपने व्हाट्सएप पर प्राप्त करें।

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें →

निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करें

आज के दौर में निष्पक्ष, स्वतंत्र और जन-सरोकार की पत्रकारिता को जीवित रखना बड़ी चुनौती है। विज्ञापनदाताओं और कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त होकर आप तक सही और सटीक खबरें पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। हमारी स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आपके आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। आपकी दी हुई छोटी-सी सहयोग राशि हमें सच्ची पत्रकारिता करते रहने का संबल देगी।

सहयोग राशि →

संबंधित आलेख

सर्वाधिक पढ़े गए