पर्यावरण, धर्म तथा विकास के अन्‍तर्संबंध

डॉ. भारतेन्दु प्रकाश

भारत में पर्यावरण व धर्म को अत्यन्त व्यापक स्वरूप प्रदान किया गया है। इन दोनों की व्यवस्थित समझ से ही विकास संभव है। परंतु आधुनिक योजनाकारों ने इन तीनों की अलग-अलग व्याख्या कर पूरी मानवता को ही संकट में डाल दिया है।

भारत में पर्यावरण, धर्म तथा विकास इन तीनों के आपसी संबंध अधिकांश लोगों के लिये पहेली बने हुए हैं। इसीलिये उन्‍हें एक दूसरे का पूरक समझने में तकलीफ होती है। विकास की गलत समझ के कारण सरकारें भी विकास का आकषर्ण दिखाकर पर्यावरण को पहुंचने वाले नुकसान को तथा उससे उत्पन्न होने वाली भावी आपदाओं को नज़रअन्दाज कर देती हैं। धर्म को अंग्रजी के ब्दों रिलीज़न या फेथ का पर्यायवाची मानकर उसका पर्यावरण के साथ जो रिश्‍ता है उसे पूरी तरह नकारने का अभ्यास सभी के लिये एक आम बात हो गई है। आइये इन्‍हें समझने का प्रयास करें : 

पर्यावरण: हमारे चारों ओर जो कुछ भी हमें दिखाई या सुनाई देता है वही सब पर्यावरण कहलाता है। इसकी सीमा पृथ्वी से आका तक है। हमारे घर के अन्दर परिवारजन, गांव, नगर तथा पास पड़ोस के लोग, पशु, पक्षी, पेड़-पौधे, जंगल, नदी, पहाड़, कुएं, तालाब, हवा, शोरगुल, चांद, सूरज तथा आकाश आदि सभी कुछ पर्यावरण के दायरे में आता है। अतः यह मानना कि केवल प्रकृति अर्थात जल, जंगल, पहाड़ और जमीन ही पर्यावरण है यह अधूरी समझ है। मनुष्य प्रकृति का एक घटक होने के कारण पर्यावरण का ही एक हिस्सा है, उससे अलग उसकी कोई सत्ता नहीं।  

धर्म: जीवन के सुचारु निर्वाह के लिये व्यक्ति को उपरोक्त पर्यावरण यानी व्यक्ति, समाज एवं  प्रकृति तथा दैवी शक्ति (परमेश्‍वर)  के प्रति तथा सबके साथ पारस्परिक संबंधों में जो स्वस्थ संतुलन बनाने का काम है, वही धर्म है। प्रकृति के हर घटक का एक धर्म होता है जैसे पानी का धर्म शीतलता, प्यास बुझाने वाला, धरती को नम बनाने तथा उसमें या शरीर में पैदा होने वाले जहरीले तत्वों को अपने में घोलकर बाहर निकालने वाला आदि है। अग्नि का धर्म अपनी गर्मी के माध्यम से ठंडक को दूर करने वाला, जल को सोखकर उसे वाष्प में बदलने वाला, वस्तुओं को पकाने वाला एवं वातावरण को शुद्ध करने वाला आदि है। इसी तरह प्रकृति के सभी घटकों वायु, धरती, जंगल, पहाड़, पेड़-पौधे, सूर्य, चन्द्रमा, नक्षत्र आदि को उनके विशेष धर्मों से समझा जा सकता है। मनुष्य प्रकृति का महत्वपूर्ण घटक है जिसका धर्म सद्भाव के साथ पारस्परिक रक्षा करते हुये संतुलन बनाये रखने का है। प्रकृति ने उसे बुद्धि, मन, ज्ञानेन्द्रियां तथा कर्मेन्द्रियां सौंप कर एक सक्षम घटक बनाया है। जंगली पशुओं को अपनी सुरक्षा के लिये सींग, दांत तथा नाखून आदि दिये पर मनुष्य को ऐसा कुछ अंग न देकर उसे एक शान्तिप्रिय, सद्भावपूर्ण तथा सबके साथ संतुलन बना कर  पारस्परिक सुरक्षा का दायित्व दिया है। इसी को पूरा करने के लिये मनुष्य ने आपस में मिल कर समाज बनाया, सघन बस्तियाँ, गांव तथा नगर आदि बसाए तथा सामाजिक व्यवस्थायें तथा कर्तव्य निर्धारित हुए।  

See also  कोरोना, लाकडाउन और प्रदेश में बढते संक्रमित मामले

इस बात का दुःख है कि धर्म की आज जो समझ है वह केवल विश्‍वास (मान्यता) अथवा सम्प्रदाय के दायरे में आती है। सामान्यतौर पर व्यक्ति अपने वर्ग की मान्यताओं तथा सम्प्रदाय को धर्म मान कर आपस में अपने संबंधों को तनावपूर्ण बनाता रहता है और इस प्रक्रिया में वास्तविक धर्म की अवहेलना करता रहता है। धर्म केवल आरती या पूजा करने में नहीं है, न ही केवल नमाज अदा करने या प्रार्थना करने में है। ये सब कुछ तो परमेश्‍वर की शक्ति के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने के माध्यम हैं। धर्म तो सभी के साथ कैसे संबंध रखें जैसे  आसपास के वातावरण को स्वस्थ रखते हुये, सबके प्रति प्रेम व्यवहार एवं सद्भाव निभाते हुये, प्रकृति या किसी प्राणी को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचाते हुए, सदैव परमपिता परमेश्‍वर का ध्यान करते सादगी भरा जीवनयापन करने में है।

विकास: मनुष्य समाज में मानवीय गुणों का समावेश तथा ऊपर बताये अनुसार धर्म की समुचित व्यवस्था को ही विकास कहा जायेगा। विकसित  अवस्था में संतुलित जीवन, सबको ज्ञान, सभी घटकों के प्रति परस्पर सम्मान, सबको सुख तथा सबकी सुरक्षा सुनिष्चित होना अनिवार्य है। बाहरी दिखावे की वस्तुएं, सड़क, भवन, मशीनरी, सुविधाओं का निर्माण या फैलाव इन सबको मानवीय विकास मानना एक अधूरी समझ का परिणाम है जो समाज तथा शासन व्यवस्था सभी को बरगलाता है। यदि मनुष्य के समाज में पारस्परिक भाईचारा, सद्भाव, प्रेम, विश्‍वास तथा सम्मान का ही अभाव हो तो सड़क, भवन, बाजार, रेल, हवाईजहाज, अस्पताल, विद्यालय तथा व्यवस्था को विकास का नाम देना क्या पूरी तरह भ्रामक नहीं है ?

See also  पंचायत के विकास के बगैर समग्र भारत का विकास नहीं हो सकता

पर्यावरण, धर्म तथा विकास इन तीन शब्दों की उपरोक्त समझ के आधार पर यह स्पष्ट है कि ये तीनों आपस मे अभिन्न हैं, ये एक दूसरे के पूरक तथा सहयोगी हैं अतः किसी एक के मूल्य पर दूसरे को बढ़ावा देने की बात करने का कोई अर्थ ही नहीं है। हमें सम्प्रदायों की सीमा को समझना होगा। किसी भी मान्यता को मानना अनुचित नहीं है पर मान्यताओं एवं कर्मकाण्डों को ही धर्म मान लेना, मानवीय संबंधों को तनावपूर्ण करते हुये, प्रकृति तथा आसपास रहने वाले पशुपक्षी, वनस्पति तथा समाज के लोगों को नुकसान पहुंचाते हुए, जंगल, पहाड़, नदी, कुओं  तथा तालाबों को नष्ट करते हुए जो भी कार्य किया जायेगा वह विकास नहीं है, यह ध्यान रखना होगा। मानवीय व्यवस्था में सभी के कर्तव्य परस्पर पूरकता में निहित होते हैं। समाज की व्यवस्था सबकी भलाई और परस्पर एक दूसरे के साथ सहयोग एवं सुरक्षा के लिये ही हुई है परस्पर एक दूसरे से लड़ने झगड़ने के लिये नहीं। अब यह हमें ही तय करना होगा कि हम देवता बनें या दानव। (सप्रेस)      

डॉ. भारतेन्दु प्रकाश आई आई टी में प्राध्यापक रहे हैं। देशज विज्ञान के क्षेत्र में भी आपने कार्य किया है। वर्तमान में जैविक खेती की पुर्नस्थापना हेतु कार्यरत है।  

Table of Contents

नीले धुएँ की धरती : ‘ग्रेट स्मोकी माउंटेन्स’

समाज और सरकार चाहे तो पर्यावरण को पुनर्जीवित किया जा सकता है। इसका एक बेहतरीन उदाहरण अमरीका के टेनेसी और नार्थ कैरोलीना राज्यों की सीमाओं से लगा ‘ग्रेट स्मोकी माउंटेन्स’ है। करीब सौ साल पहले कानून बनाकर प्रकृति को उसके

Read More »

पर्यावरण संरक्षण : केवल पौधारोपण नहीं, जीवनशैली में बदलाव भी जरूरी

विश्व पर्यावरण दिवस केवल पौधे लगाने का संदेश नहीं देता, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का आह्वान करता है। जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग, प्रदूषण नियंत्रण, जैविक खेती और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपभोग जैसे छोटे-छोटे प्रयास

Read More »

World Environment Day : पर्यावरण संरक्षण पर टिका है भविष्य

पर्यावरण संरक्षण और संतुलन का प्रश्न आज पूरी मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन ने पृथ्वी के पारिस्थितिक संतुलन को गंभीर रूप से प्रभावित

Read More »