प्लेटिनम जुबली समारोह में देशभर से जुटे 300 से अधिक पूर्व विद्यार्थी, स्मारिका का विमोचन
इंदौर, 21 नवंबर। इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क की गिनती देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में से एक है। इस संस्थान से पासआउट छात्र-छात्राएं आज देश-विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों और उद्योगों में उच्च पदों पर प्रतिष्ठित हैं। कुछ विद्यार्थी अपना स्वयं का एनजीओ संचालित कर पीड़ित मानवता की सेवा कर रहे हैं, जो गर्व की बात है। ये बात प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समारोह में व्यक्त कीं। इस मौके पर मंच पर बोर्ड आफ मैनेजमेंट के सचिव श्री एडवर्ड मगन, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. श्याम बिल्लौरे, आयोजन समिति के समन्वयक डॉ. आर. के. शर्मा, एलुमिना के अध्यक्ष श्री विश्वजीत सिंह, एडिशनल डायरेक्टर किरण बाला सलूजा, एलुमिना मनोहर खिमला (1969-71 बैच) विशेष रूप से उपस्थित थे।
वे आज इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क के प्लेटिनम जुबली समारोह में मुख्य अतिथि बतौर अपना संबोधन दे रहे थे। यह आयोजन इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क के गौरवशाली 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। समारोह में देश के कोने-कोने से आए 300 से अधिक भूतपूर्व छात्र-छात्राएं, प्राध्यापकगण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
श्री विजयवर्गीय ने आगे कहा कि इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क समाज सेवा करने का सबसे श्रेष्ठ और सशक्त माध्यम है। आज सेवा करने वालों की अधिक आवश्यकता है। ऐसे में इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात पर गर्व है कि मैं भी इसी गौरवशाली संस्था में कुछ समय तक अध्ययन किया और यहां आकर मेरी कई पुरानी स्मृतियां ताजा हो गईं। इस संस्थान में डॉ. डब्ल्यूएसके फिलिप्स जैसे सेवाभावी शिक्षाशास्त्रियों ने छात्रों को पढ़ाकर न केवल अपना दायित्व निभाया, बल्कि समाज को बेहतर से बेहतर नागरिक तैयार करके भी दिए हैं।
उन्होंने कहा कि समाज कार्य महाविद्यालय की उत्तरोत्तर प्रगति के लिए जरूरी है कि यहां अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की संख्या में गुणात्मक वृद्धि हो। इसके लिए राज्य शासन के सहयोग के लिए प्रस्ताव भेजे, मैं भी अपने स्तर सहयोग करने हेतु तत्पर रहूंगा। आज समाज दिशाहीन हो रहा है। ऐसे दौर में इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क की भूमिका और भी अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है।समाज में समानता लाने की जरूरत है। यह समाज और सरकार का दायित्व है।
कार्यक्रम में मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं उपस्थित अतिथियों ने महाविद्यालय के 75 वर्ष के मौके पर प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया। इस मौके पर स्मारिका संपादक मंडल के संदीप खानविलकर, कुमार सिद्धार्थ, अनिल दुबे, डॉ. हेमलता विशेष रूप से उपस्थित थी।

कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन देते हुए प्राचार्य डॉ. मैथ्यू सी. पी. ने कहा कि इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क ने समाज सेवा शिक्षा के क्षेत्र में जो अपनी पहचान बनाई है, उसकी सुगंध आज पूरे देश में महक रही है। यह महाविद्यालय भारत के 6 शुरूआती महाविद्यालय में आता है। मध्य भारत के इस पहले महाविद्यालय में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थी आज भी स्वयं को गौरवान्वित समझते हैं। यह एक मात्र ऐसा महाविद्यालय है, जो बीते 75 वर्षों से केवल समाज सेवा शिक्षा का शिक्षण और प्रशिक्षण दे रहा है। महाविद्यालय में आज देशभर के छात्र अध्ययन कर रहे है, जो लघु भारत समाहित है।
इस मौके पर कार्यक्रम में मंत्री श्री विजयवर्गीय ने महाविद्यालय के भूतपूर्व वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. श्याम बिल्लौरे सहित डॉ. रंजना सहगल, डॉ. अरुणा खासगीवाला, डॉ. अनिला गंगराड़े, श्री के. सी. सिरयेक, पूर्व लायब्रेरी सहायक महमूद खान को शॉल, श्रीफल एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया और इनके सेवा कार्यों का उल्लेख किया गया।
अतिथि स्वागत डॉ. सुधा जैन, आर के शर्मा, श्रीमती मीनाक्षी कर, अतुल कर्णिक, अविनाश श्रा, एलुमिना के अध्यक्ष श्री विश्वजीत सिंह ने किया। कार्यक्रम का संचालन वर्ष 1984 बैच की एलुमिना श्रीमती अर्चना वाजपेयी और डॉ. सुधा जैन ने किया। अंत में आभार माना अविनाश मिश्रा ने।
इसके पूर्व भूतपूर्व छात्रों देवाशीष बोरा, निवेदिता बोरा, बीना मेड़के, विश्वजीत सिंह, मनोहर खिमला से सहित अनेक एलुमिना ने महाविद्यालय से जुडे अपने खट्टे मीठे अनुभवों को साझा किया।
बदलती चुनौतियों के अनुरूप समाज कार्य का पाठ्यक्रम विकसित करना होगा : डॉ. बिल्लौरे
दोपहर के सत्र में पेनल चर्चा में वरिष्ठ एलुमिना साथियों– नीलेश देसाई, प्रो रंजना सहगल, डॉ श्याम बिल्लौरे, सुरेंद्रनाथ, प्रमोद जडिया, अनिला गंगराडे, संदीप खानविलकर, प्रीति यादव, कुमार सिद्धार्थ आदि ने अपने विचार साझा किये।

महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. श्याम बिल्लौरे ने पेनल चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा कि इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क के सामने आने वाले वर्षों में समाज कार्य की शिक्षा को बदलती सामाजिक परिस्थितियों, नई चुनौतियों और वैश्विक जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की चुनौती है। इसके लिए संस्थान के पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण पद्धति पर नए सिरे से विचार करना होगा।
उन्होंने कहा कि आज संस्थान के पूर्व विद्यार्थी दुनिया के सभी महाद्वीपों में और समाज कार्य से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में यह विचार करना जरूरी है कि हमारा पाठ्यक्रम और प्रशिक्षण विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों के लिए किस तरह तैयार कर रहा है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों के संदर्भ में भी समाज कार्य की शिक्षा को समझने और उसके अनुरूप विकसित करने की आवश्यकता है। शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को सतत विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति में योगदान देने के लिए तैयार करना भी है।
डॉ. बिल्लौरे ने कहा कि संस्थान को अपनी स्थापना के शताब्दी वर्ष यानी अगले 25 वर्षों की यात्रा के लिए अभी से तैयारी करनी चाहिए। इसके लिए सामूहिक विश्वास, सहभागिता और प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने सबका विश्वास, सबका साथ, सबका प्रयास और सबका विकास के चार सूत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि संस्थान इन सिद्धांतों को अपने कामकाज और शैक्षणिक गतिविधियों में अपनाता है तो वह आने वाली चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकेगा। इसमें प्राध्यापकों, प्रशासनिक कर्मचारियों और विद्यार्थियों सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस संस्थान को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रयास करने चाहिए : डॉ. अरुणा खासगीवाला
इस अवसर पर पूर्व प्राध्यापक डॉ. अरुणा खासगीवाला ने संस्थान के प्रति अपनी आत्मीयता व्यक्त करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें बहुत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि उनकी शैक्षणिक यात्रा की नींव इसी संस्थान में पड़ी। यहां उन्होंने कई बैचों को पढ़ाया और एक शिक्षाविद् के रूप में विकसित होने का अवसर प्राप्त किया। उस समय वे महाविद्यालय में अकेली महिला शिक्षिका थीं, लेकिन उनके पुरुष सहकर्मियों ने उन्हें भरपूर सहयोग और सम्मान दिया।
डॉ. खासगीवाला ने कहा कि संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों का मजबूत नेटवर्क और उनकी उपलब्धियां इसकी बड़ी पूंजी हैं। एलुमनाई को मिलकर इस संस्थान को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क देश के पुराने समाज कार्य शिक्षण संस्थानों में शामिल है। टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, मुंबई और दिल्ली के बाद स्थापित इस संस्थान की ऐतिहासिक और अकादमिक पहचान रही है। इसकी प्रतिष्ठा केवल राष्ट्रीय स्तर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिलनी चाहिए।
इस सत्र का संचालन महाविद्यालय के प्रो. आनंद गौड ने किया।
सायंकालीन सत्र में महाविद्यालय के वर्तमान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस दौरान वरिष्ठ एलुमिना साथियों ने गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में समां बांध दिया।