दीये की लौ : साधना तथा समर्पण की मिसाल

कुमार सिद्धार्थ

दीया निहायत सात्विक, सौम्य, शांत और स्निग्ध रोशनी का संचार करता है। दीये की लौ साधना तथा समर्पण की मिसाल है। उसकी सत्ता शाश्वत है। अंधेरी रात जलती दीपमाला निराशा पर आशा का ध्वज फहराती है, दुख से हर्ष की ओर ले जाने की मनुष्य की अहम जरूरत की पूर्ति करती है।

दीपावली आभा और शोभा, उल्लास और आनंद, सौंदर्य और शृंगार, मिठास और उजास, स्वच्छता और सद्भावना का एक ऐसा अलौकिक पर्व है जो हमारी लौकिक परंपरा को सदियों से दीप्त किए हुए है। यह त्योहार मात्र भौतिक दीपों का सम्मिलन नहीं है वरन् इसमें भारत के इतिहास और संस्कृति के तमाम रेशमी सूत्र पुंजीभूत हो उठते हैं। इस दिन मनुष्य अंधकार को चुनौती देता है। और उसके इस संकल्प अभियान के सैनिक होते हैं नन्हें- नन्हें दीपों की अगणित झिलमिल कतारों ज्योति की ध्वजा थामे हुए मिट्टी के ये दीये।  

दीया निहायत सात्विक, सौम्य, शांत और स्निग्ध रोशनी का संचार करता है। दीये की लौ साधना तथा समर्पण की मिसाल है। उसकी सत्ता शाश्वत है। अंधेरी रात जलती दीपमाला निराशा पर आशा का ध्वज फहराती है, दुख से हर्ष की ओर ले जाने की मनुष्य की अहम जरूरत की पूर्ति करती है।  

दीपावली एक विराट सहजता का पर्व है। इसी सहजता में डूबकर हमारा लोकजीवन तरोताजा होता है, जिंदगी के अर्थों को नया विस्तार देता है। एक ऐसे समय में जब हमारे जीवन के भौतिक उपकरण बदलते जा रहे हैं, मिट्टी के दीये की सत्ता अभी भी धूमिल नही हुई हैं। बिजली के चमकदार लट्टुओं और लड़ियों के सतरंगी उजाले के बीच भी दीये ने अपनी पहचान नहीं खोई है। पूजा मिट्टी के दीये की ही होती है चाहे वह सोने की थाल में ही क्यों न सजाया जाए। दीये की एक खूबी यह भी है कि वह मनुष्य का पथ प्रदर्शक ही नहीं, सहयात्री और साक्षी भी है। यह पूजा से लेकर प्रतीक्षा और अर्चना से अभ्यर्थना तक मनुष्य का हर पड़ाव पर साथ देता है। मंदिर और मशान, उत्सव और मातम, महल और झोपड़ी, मजार और समाधि यानी जीवन के हर सोपान पर, हर मोड़ पर दीये की उपस्थिति अनिवार्य है।  

See also  दीपावली : पटाखों को ना कहिए

एक दीप से दूसरे दीप का जलना दरअसल एक मनुष्य के ह़ृदय का दूसरे मनुष्य के हृदय से जुड़ने की प्रक्रिया का ही  रूपांतरण है। त्योहारों का काम ही जोड़ना और सामुदायिक भावना को परवान चढ़ाना है। जो लोग त्योहार पर समरस नहीं होते, जिनकी धमनियों में हर्ष की हिलोरें नहीं उठतीं तो समझिए उनके जीवन रक्त में कहीं से कोई मिलावट आ गई है। सामुदायिक स्मृतियों से कटने वाले अंततः जमीनी सच्चाइयों से भी कट जाते हैं।  

अब दीवाली से फटाखों का शोर और प्रदूषण जुड़ गया है। आतिशबाजी के बगैर अब उसकी कल्पना ही नहीं की सकती। ऐसे पर्व वैभव सम्‍पन्‍न व्‍यक्तियों के लिए शान शौकत और अपनी विलासिता प्रदर्शित करने का उत्‍सव भर है। हर दीवाली पर यह तर्क सुनने को मिलता है दीपावली पर करोड़ रुपए आतिशबाजियों में निरर्थक फूंक दिए गए है। जितने पैसे दीवाली में स्वाहा कर दिए जाते हैं, उससे इतने अस्पताल या स्कूल बन सकते हैं, गांवों में इतने कुएं खुद सकते हैं। घोर प्रदूषण से मुक्ति पाई जा सकती थी।  

गाँवों की सौंधी मिट्टी से लेकर शहरों की मलिन बस्तियों का चेहरा अगर किसी दिन नई चमक से खिलता है, तो वह दीवाली ही है। यह एक ऐसा अनुपम त्योहार है जब मनुष्य ही नहीं मवेशी भी शृंगारित होता है तथा वाहनों से लेकर गोबर तक की पूजा की जाती है। स्पष्ट है कि प्रकृति के चराचर से जुड़ा ऐसा त्योहार सिर्फ भारत में ही संभव है जिसकी संस्कृति में सबको बाँध लेने की असीम क्षमता है।  

क्या हम चाहेंगे कि हमारे समाज में अपने त्योहार मनाने की जो ऊर्जा बची है, जो जीवंतता बाकी है, वह भी जाती रहे? मगर इसके साथ ही यह भी याद रखना जरूरी है कि दीपावली के दिन दीया हर घर में जलना चाहिए, त्योहार के दिन कोई भूखा नहीं सोए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इतना भी हो जाए तो हमारे सामाजिक सरोकारों को एक नया अर्थ मिल सकता है। दीवाली का एक ही संदेश है और वह यह कि हमें अपने जीवन, समाज और राष्ट्र के अंधेरे पहलुओं को दूर करते हुए उजाले की तरफ बढ़ना है।  

See also  पर्वों पर पटाखे

दीप से दीप जलाने का जो क्रम सदियों से जारी है उसे  निरंतर विस्तार देकर ही हम एक अच्छे समाज और एक अच्‍छे राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। वैभव और अहंकार के प्रदर्शन के बीच दीया विनम्र किन्तु दृढ़ आस्‍था का पर्याय है। सबसे ज्यादा आज हमें इसी भावना की जरूरत है। आइए, हम सब मिलकर इस कामना करें कि दीपावली सबके लिये समृद्धिशाली और सुखदायी हो।  

Table of Contents

नीले धुएँ की धरती : ‘ग्रेट स्मोकी माउंटेन्स’

समाज और सरकार चाहे तो पर्यावरण को पुनर्जीवित किया जा सकता है। इसका एक बेहतरीन उदाहरण अमरीका के टेनेसी और नार्थ कैरोलीना राज्यों की सीमाओं से लगा ‘ग्रेट स्मोकी माउंटेन्स’ है। करीब सौ साल पहले कानून बनाकर प्रकृति को उसके

Read More »

पर्यावरण संरक्षण : केवल पौधारोपण नहीं, जीवनशैली में बदलाव भी जरूरी

विश्व पर्यावरण दिवस केवल पौधे लगाने का संदेश नहीं देता, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का आह्वान करता है। जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग, प्रदूषण नियंत्रण, जैविक खेती और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपभोग जैसे छोटे-छोटे प्रयास

Read More »

World Environment Day : पर्यावरण संरक्षण पर टिका है भविष्य

पर्यावरण संरक्षण और संतुलन का प्रश्न आज पूरी मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन ने पृथ्वी के पारिस्थितिक संतुलन को गंभीर रूप से प्रभावित

Read More »