गांधी दर्शन और विचार समाचार

गांधी आगमन शताब्दी समारोह में अंग प्रदेश पर शोध ग्रंथ का होगा लोकार्पण

गांधी आगमन शताब्दी समारोह में अंग प्रदेश पर शोध ग्रंथ का होगा लोकार्पण

भागलपुर, 24 जुलाई। महात्मा गांधी आगमन के शताब्दी वर्ष पर 7 अगस्त से शुरू होने वाले तीन दिवसीय अंग प्रदेश में महात्मा गांधी राष्ट्रीय समारोह के लिए जहां विभिन्न कार्यक्रमों की प्रस्तुति की जोर-शोर से तैयारी की जा रही है, वहीं इस मौके पर एक शोध ग्रंथ प्रकाशन की योजना को भी सिरे चढ़ाने की कोशिश की जा रही है।

यह जानकारी देते हुए समारोह के संयोजक प्रसून लतांत ने बताया कि शोध ग्रंथ के लिए अंग प्रदेश में महात्मा गांधी : संदर्भ और संदेश केंद्रीय विषय पर देश भर के विश्व विद्यालयों और कॉलेजों के शोधार्थियों से शोध परक लेख लिखने के लिए संपर्क किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अंग प्रदेश में गांधी जी के आगमन और उनके प्रभावों पर शोध और अध्ययन को समृद्ध करने के मकसद से शुरू हुए इस कार्य का शिक्षकों और शोधार्थियों द्वारा स्वागत किया जा रहा है। इस कार्य को अंजाम तक पहुंचने के लिए गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गुप्ता और गांधीवादी लेखक डॉ मनोज कुमार के मार्गदर्शन में विद्वान लेखकों और शिक्षकों की एक टीम पूरी तरह सक्रिय हो गई है। इस टीम में डॉ सुनील अग्रवाल, डॉ उमेश प्रसाद नीरज, डॉ रविशंकर चौधरी, डॉ सुधीर मंडल और ई सागर शर्मा के नाम शामिल हैं। पहली बार इस तरह का प्रयास अंग प्रदेश में महात्मा गांधी जी के आगमन की शताब्दी पूरे होने पर किया जा रहा है।

इस ग्रन्थ का लोकार्पण समारोह के उद्घाटन सत्र में देश भर से आने वाली महत्वपूर्ण हस्तियों द्वारा किया जाएगा। इस शोध ग्रन्थ के प्रकाशित होने से अंग प्रदेश में गांधी जी के चार बार के आगमन और उनकी विभिन्न गतिविधियों सहित स्वाधीनता आंदोलन के दौरान के बहुत से अनछुए और भुला दिए गए प्रसंगों और उनके प्रभावों से नई पीढ़ी परिचित होंगी। शोध के उप विषयों में अंग प्रदेश के गुमनाम हो गए स्वाधीनता सेनानियों और शहीदों में शामिल दीप नारायण सिंह, बोध नारायण मिश्र, दामिनी देवी, सियाराम सिंह, आनंद मोहन सहाय, आशा सहाय चौधरी, सतीश चंद्र झा,मजहरूल हक, तेज नारायण सिंह, शुभ करण चूड़ीवाला और केदार प्रसाद मंडल पर विद्यार्थियों से लेख मांगे गए हैं।  इसके अलावा युवा और उद्यम, किसान और गांधी, महिला सशक्तिकरण, बाल विवाह , हिंसा मुक्त समाज और नशा मुक्ति आदि उप विषयों पर भी शोध परक लेख आमंत्रित किए गए हैं।

प्रसून लतांत ने बताया कि समारोह के दौरान विख्यात प्रकाशक राजकमल प्रकाशन की ओर से पुस्तक मेला भी लगाया जाएगा, जिसमें गांधी पर प्रकाशित महत्वपूर्ण और खूब बिकने वाली अनेक पुस्तकों से आगंतुकों और पाठकों को रूबरू होने का मौका मिलेगा।

जुड़ें - हमारे व्हाट्सएप चैनल से

सप्रेस मीडिया - नवीनतम आलेख, रिपोर्ट, समाचार अपडेट सीधे अपने व्हाट्सएप पर प्राप्त करें।

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें →

निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करें

आज के दौर में निष्पक्ष, स्वतंत्र और जन-सरोकार की पत्रकारिता को जीवित रखना बड़ी चुनौती है। विज्ञापनदाताओं और कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त होकर आप तक सही और सटीक खबरें पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। हमारी स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आपके आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। आपकी दी हुई छोटी-सी सहयोग राशि हमें सच्ची पत्रकारिता करते रहने का संबल देगी।

सहयोग राशि →

नवीन आलेख