शिक्षा समसामयिक

इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क : मानवीय सरोकारों की पाठशाला के पचहत्तर वर्ष

इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क : मानवीय सरोकारों की पाठशाला के पचहत्तर वर्ष
लेखक की फोटो

आजादी के बाद के नवनिर्माण से लेकर आधुनिक दौर की जटिल सामाजिक चुनौतियों तक, इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क संस्थान ने न केवल पेशेवर कार्यकर्ता गढ़े, बल्कि वंचितों के प्रति संवेदनशीलता और नीति-निर्माण का एक अनूठा मॉडल भी पेश किया।


किसी भी शहर की जीवंतता केवल उसके बाजारों की रौनक, स्वाद की परंपरा या गगनचुंबी इमारतों से नहीं मापी जाती। उसकी असली पहचान इस कसौटी पर तय होती है कि वह अपने समाज के सबसे कमजोर, वंचित और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के प्रति कितना संवेदनशील है। मध्य भारत की व्यावसायिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर के चरित्र में सामाजिक सरोकारों और मानवीय करुणा की इस जड़ को सींचने का काम बीते पचहत्तर वर्षों से ‘इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क’ बखूबी कर रहा है। वर्ष 1951 में बोया गया यह छोटा-सा बीज आज एक ऐसे विशाल वटवृक्ष में तब्दील हो चुका है, जिसकी शाखाएं देश के विभिन्न हिस्सों से लेकर विदेशों तक समाज कार्य, अकादमिक शोध और नीति-निर्माण का परचम लहरा रही हैं।

नवनिर्माण की जरूरत और संस्थान की नींव

इस संस्थान की स्थापना की पृष्ठभूमि भारत की आजादी के ठीक बाद के उस ऐतिहासिक दौर से जुड़ी है, जब देश नवनिर्माण की अंगड़ाई ले रहा था। विभाजन की विभीषिका, गरीबी, अशिक्षा और ग्रामीण पिछड़ेपन जैसी चुनौतियों से जूझते हुए नए भारत के निर्माण की रूपरेखा तैयार की जा रही थी। ऐसे समय में विकास की सरकारी योजनाओं को सही अर्थों में धरातल पर उतारने और समाज के भीतर व्याप्त विसंगतियों को दूर करने के लिए प्रशिक्षित सामाजिक कार्यकर्ताओं की सख्त जरूरत महसूस की जा रही थी। समाजसेवा को केवल दया या दान के दायरे से निकालकर एक वैज्ञानिक और व्यावसायिक स्वरूप देने की आवश्यकता थी। इसी ऐतिहासिक जरूरत को भांपते हुए वर्ष 1951 में इंदौर क्रिश्चियन कॉलेज ने ‘इंडियन कॉन्फ्रेंस ऑफ सोशल वर्क’ की मध्य भारत राज्य शाखा की पहल पर इस संस्थान की नींव रखी।

शुरुआती दौर में तत्कालीन मध्य भारत सरकार के शिक्षा विभाग ने इसे समाज कार्य के अल्पकालीन प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के रूप में मान्यता दी। लेकिन संस्थान की असली वैचारिक और शैक्षणिक बुनियाद वर्ष 1955 में पड़ी, जब इंदौर क्रिश्चियन कॉलेज के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने प्रख्यात समाजशास्त्री, शिक्षाविद् और समर्पित समाजसेवी डॉ. (श्रीमती) विनिफ्रेड ब्राइस को इसका नेतृत्व सौंपा। डॉ. ब्राइस के दूरदर्शी प्रयासों से यहां एक वर्षीय स्नातक डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू हुआ। उन्होंने इस संस्थान को महज डिग्री या प्रमाणपत्र बांटने वाला केंद्र नहीं बनाया, बल्कि समाज कार्य को एक गंभीर, संवेदनशील और मानवीय अनुशासन के रूप में प्रतिष्ठित किया।

डॉ. ब्राइस और तत्कालीन प्राचार्य डॉ. सी.डब्ल्यू. डेविड के साझा प्रयासों का ही परिणाम था कि वर्ष 1961 में संस्थान को स्नातकोत्तर विभाग का दर्जा मिला और विक्रम विश्वविद्यालय से संबद्धता के साथ यहां ‘एमए सोशल वर्क’ की पढ़ाई प्रारंभ हुई। वर्ष 1962 में डॉ. ब्राइस अपने देश कनाडा लौट गईं, लेकिन सात समंदर पार जाने के बाद भी संस्थान से उनका आत्मीय जुड़ाव बना रहा। 1967 में उनके निधन के पश्चात वर्ष 1970 में उनकी स्मृति में स्थापित पुरस्कार आज भी विद्यार्थियों को उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करता है। उनके बाद मिस मेविस बोवेन ने विभागाध्यक्ष और 1965 में डब्ल्यू.ए. इसाक्स ने प्राचार्य का दायित्व संभालते हुए इस परंपरा को आगे बढ़ाया।

स्वायत्तता और स्थायी ठिकाने की तलाश

शिक्षा के क्षेत्र में बदलते परिदृश्य के बीच वर्ष 1964 में इंदौर विश्वविद्यालय (वर्तमान देवी अहिल्या विश्वविद्यालय) की स्थापना हुई और यह संस्थान इससे संबद्ध हो गया। चूंकि समाज कार्य अन्य पारंपरिक विषयों से भिन्न एक विशिष्ट व्यावहारिक और क्षेत्रीय अनुभव आधारित विषय था, इसलिए इसकी मौलिकता और शैक्षणिक स्वायत्तता बनाए रखना आवश्यक था। इसी उद्देश्य से वर्ष 1966 में इसे एक स्वतंत्र संस्था का स्वरूप दिया गया और इसके सुचारू संचालन हेतु पृथक गवर्निंग बोर्ड तथा विश्वविद्यालय में अलग ‘बोर्ड ऑफ स्टडीज’ का गठन हुआ।

एक संस्थान के रूप में इसके भौतिक विस्तार की यात्रा भी कम रोचक नहीं रही है। शुरुआती वर्षों में ओल्ड पलासिया के किराए के भवन से संचालित होने के बाद, 1968 में मालवा चर्च काउंसिल की मिशनरी समिति ने इसे मुंबई-आगरा मार्ग स्थित पुराने सेमिनरी बंगले में अस्थायी ठिकाना उपलब्ध कराया। 29 नवंबर 1970 को इसका प्रबंधन भोपाल डायोसिस (चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया) के अधीन आया और अंततः 1 जनवरी 1972 को संस्थान को रेजिडेंसी क्षेत्र स्थित ‘13 ओल्ड सीहोर रोड’ पर तीन एकड़ का अपना स्थायी और हरा-भरा परिसर मिला। इस परिसर के निर्माण में यूनाइटेड चर्च ऑफ कनाडा के ‘बोर्ड ऑफ वर्ल्ड मिशन’ का आर्थिक सहयोग रहा, जो अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सद्भावना का एक बड़ा उदाहरण है।

अकादमिक विस्तार और शोध की नई संस्कृति

संस्थान को राष्ट्रीय स्तर की अकादमिक ऊंचाइयों तक ले जाने में वर्ष 1969 में प्राचार्य बने डॉ. पी.टी. थॉमस का योगदान अविस्मरणीय है। लगभग पंद्रह वर्षों के अपने सुदीर्घ कार्यकाल में उन्होंने उच्च शिक्षा और व्यावहारिक शिक्षण (फील्ड वर्क) के क्षेत्र में संस्थान की मजबूत साख स्थापित की। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने किताबी ज्ञान से बाहर निकलकर गांवों और बस्तियों की वास्तविक समस्याओं को समझना सीखा। मार्च 1984 में डॉ. थॉमस के सेवानिवृत्त होने के बाद अप्रैल 1984 में डॉ. डब्ल्यू.एस.के. फिलिप्स ने प्राचार्य का पदभार ग्रहण किया।

डॉ. फिलिप्स ने इस संस्था को समाज विज्ञान अनुसंधान के एक प्रमुख और प्रामाणिक केंद्र के रूप में स्थापित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बिना ठोस आंकड़ों और जमीनी शोध के कोई भी सामाजिक नीति सफल नहीं हो सकती। 1990 के दशक में उदारीकरण के बाद बदलते आर्थिक परिवेश और औद्योगिक जगत की मांग को देखते हुए उन्होंने वर्ष 1995 में मानव संसाधन विकास (एचआरडी) में स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी प्रारंभ किया। इससे संस्थान के विद्यार्थियों के लिए कॉर्पोरेट और औद्योगिक क्षेत्र में कल्याणकारी भूमिकाओं के नए द्वार खुले। 19 अक्टूबर 2000 को डॉ. फिलिप्स के असामयिक निधन के उपरांत डॉ. जैकब थुदिपारा ने इस समृद्ध शैक्षणिक और शोधपरक यात्रा को पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया।

चकाचौंध के पीछे की हकीकत उजागर करते शोध

1980 का दशक इंदौर के तीव्र औद्योगिक और शहरी विस्तार का दौर था। शहर का भूगोल बदल रहा था और आर्थिक गतिविधियां तेज हो रही थीं। लेकिन विकास की इस चमक-दमक के समानांतर शहर में मलिन बस्तियों, आवास संकट, बाल श्रम और सामाजिक असमानता की गंभीर चुनौतियां भी तेजी से उभर रही थीं। ऐसे समय में समाज कार्य महाविद्यालय के माध्‍यम से डॉ. फिलिप्स ने शहर के विकास को केवल भौतिक चकाचौंध के चश्मे से देखने के बजाय वंचित समुदायों की वास्तविक स्थिति को तथ्यात्मक शोध के माध्यम से समाज और नीति-निर्माताओं के सामने रखा।

वर्ष 1990 में प्रकाशित उनका महत्वपूर्ण अध्ययन ‘सोशल स्ट्रैटिफिकेशन एंड मोबिलिटी इन अर्बन इंडिया’ इंदौर की बदलती वर्गीय संरचना और सामाजिक गतिशीलता का गहरा समाजशास्त्रीय विश्लेषण प्रस्तुत करता है। यह शोध बताता है कि शहरीकरण का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक किस अनुपात में पहुंच रहा है। वहीं, ‘इंदौर हैबिटेट इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट’ जैसे महत्वाकांक्षी शहरी बस्ती सुधार कार्यक्रमों के दौर में एन.ए. कुरियन के साथ मिलकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की कार्यक्षमता और चुनौतियों पर किया गया अध्ययन जमीनी हकीकतों को उजागर करता है।

‘सड़क आंगन के बच्चे’ और नीति-निर्माण पर प्रभाव

समाज कार्य महाविद्यालय के माध्यम से डॉ. फिलिप्स के शोध कार्यों में सबसे ऐतिहासिक, संवेदनशील और दूरगामी प्रभाव वाला अध्ययन वर्ष 1992 में प्रकाशित ‘स्ट्रीट चिल्ड्रन ऑफ इंदौर: ए सिचुएशनल एनालिसिस’ रहा। राष्ट्रीय श्रम संस्थान (नोएडा) के बाल श्रम प्रकोष्ठ से प्रकाशित इस शोध में इंदौर की सड़कों और फुटपाथों पर जीवन बसर करने वाले बेसहारा बच्चों को बेहद आत्मीयता और मानवीय दृष्टि के साथ ‘सड़क आंगन के बच्चे’ नाम दिया गया। यह नामकरण ही अपने आप में समाज कार्य की संवेदनशील भाषा का प्रमाण था।

इस चुनौतीपूर्ण शोध में संस्थान के विद्यार्थियों—सिद्धार्थ, श्याम शामिल थे—ने दिन-रात मेहनत कर शहर के तीन सौ से अधिक सड़कों पर रहने वाले बच्चों की जीवन परिस्थितियों, उनके संघर्षों, शोषण और मनोविज्ञान की बारीकी से पड़ताल की। भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के लिए किए गए इस अध्ययन ने न केवल स्थानीय प्रशासन की आंखें खोलीं, बल्कि आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर पर बाल कल्याण की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में भी महत्वपूर्ण आधार प्रदान किया।

वैश्विक क्षितिज पर पूर्व विद्यार्थियों की धमक

आज इस संस्थान का गौरव केवल इसके स्वर्णिम इतिहास या ऐतिहासिक इमारत में ही नहीं, बल्कि इसके उन हजारों पूर्व विद्यार्थियों में भी झलकता है जो इंदौर और मध्यप्रदेश की सीमाओं से निकलकर पूरे देश और विदेशों में सक्रिय हैं। यहां से प्रशिक्षित समाज कार्य विशेषज्ञ आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न एजेंसियों, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) प्रकोष्ठों तथा केंद्र व राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं में नीति-निर्माण और जमीनी क्रियान्वयन का नेतृत्व कर रहे हैं। गरीबी उन्मूलन, शिक्षा, जनस्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास के मोर्चों पर कार्य करते हुए वे संस्थान और इंदौर शहर का झंडा ऊंचा कर रहे हैं।

पचहत्तर वर्षों की यह लंबी और प्रेरक यात्रा हमें यह सिखाती है कि किसी भी शहर या राष्ट्र की असली पहचान केवल ऊंची इमारतों, चौड़ी सड़कों और आर्थिक आंकड़ों से नहीं बनती। यह पहचान उन जीवंत शिक्षण संस्थानों से बनती है जो समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता जगाते हैं और वैश्विक स्तर पर मानवीय बदलाव के संवाहक तैयार करते हैं। ‘इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क’ ने अपनी स्थापना से लेकर आज तक इसी मानवीय संवेदना और वैचारिक प्रतिबद्धता को जीवित रखा है।

(कुमार सिद्धार्थ सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वतंत्र पत्रकार हैं। 1989–91 में इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क से उपाधि प्राप्त कीं और वर्ष 91 में बेस्ट स्टूडेंट अवॉर्ड से सम्मानित है।)

लेखक का परिचय

कुमार सिद्धार्थ

कुमार सिद्धार्थ स्वतंत्र पत्रकार एवं सामाजिक कार्यों से संबद्ध हैं।

जुड़ें - हमारे व्हाट्सएप चैनल से

सप्रेस मीडिया - नवीनतम आलेख, रिपोर्ट, समाचार अपडेट सीधे अपने व्हाट्सएप पर प्राप्त करें।

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें →

निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करें

आज के दौर में निष्पक्ष, स्वतंत्र और जन-सरोकार की पत्रकारिता को जीवित रखना बड़ी चुनौती है। विज्ञापनदाताओं और कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त होकर आप तक सही और सटीक खबरें पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। हमारी स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आपके आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। आपकी दी हुई छोटी-सी सहयोग राशि हमें सच्ची पत्रकारिता करते रहने का संबल देगी।

सहयोग राशि →

संबंधित आलेख

सर्वाधिक पढ़े गए