ताजा आलेख विचार वैश्विक पर्यावरण

दीपावली : अंधेरे में प्रकृति और संस्कृति संवारने का प्रकाश पर्व

दीपावली : अंधेरे में प्रकृति और संस्कृति संवारने का प्रकाश पर्व
लेखक की फोटो

दीपावली प्रकाश और विवेक का पर्व है, लेकिन प्रकृति और संस्कृति के प्रति बढ़ती उपेक्षा हमारे उत्सवों के अर्थ पर सवाल खड़े करती है। गोदावरी कुंभ के बहाने यह आलेख नदियों की बदहाल स्थिति, विकास के नाम पर प्रकृति के अतिक्रमण और तीर्थाटन के पर्यटन में बदलते स्वरूप पर सवाल उठाता है। सच्चे अर्थों में दीपावली तभी सार्थक होगी, जब हम अज्ञान के अंधकार से निकलकर प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लें।


दीपावली अँधेरे में प्रकाश लाने का प्रयास है। हम इस इक्कीसवीं सदी में अज्ञान के अँधेरे में प्रकृति और संस्कृति का विनाश कर रहे हैं। दिवाली से हर साल हम प्रकाश करने का प्रयास करते हैं, लेकिन प्रकृति और संस्कृति को सँवारने वाला प्रकाश हम पैदा नहीं कर पा रहे हैं।

यह दिवाली एक तरफ बेमौसम बारिश और सुपर एल नीनो का साल है, तो दूसरी तरफ उत्सवों का वर्ष है। गंगा में हरिद्वार और गोदावरी में नासिक कुंभ का आयोजन होना है। कुंभ मेले जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान ऊपरी क्षेत्रों के जलाशयों से अतिरिक्त पानी छोड़कर नदी में जलप्रवाह बढ़ाना स्थायी समाधान नहीं है। इससे कुछ समय के लिए नदी में पानी की मात्रा बढ़ सकती है और उसके स्वच्छ होने का आभास पैदा हो सकता है, लेकिन लगातार मिल रहे सीवेज और औद्योगिक अपशिष्ट को रोके बिना प्रदूषण की मूल समस्या बनी रहेगी। नदी को केवल कुंभ के दिनों में नहीं, पूरे वर्ष स्वच्छ और अविरल बनाए रखना होगा।

कुंभ भी ज़हर और अमृत, अच्छाई और बुराई, सच और झूठ को अलग-अलग करने का अवसर होता है। हम इस वर्ष की दिवाली पर बस सच को सच कहने का साहस जुटा सकें, वही ज्ञान के प्रकाश की पहल होगी।

नदियों का संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं है। समाज को भी अपनी भूमिका निभानी होगी। गंदे पानी और कचरे को नदियों में जाने से रोकने के लिए स्थानीय समुदायों को जागरूक और सक्रिय करना होगा। विशेष रूप से युवाओं को इस अभियान का नेतृत्व करना चाहिए। विद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को नदी संरक्षण को केवल पाठ्यक्रम का विषय न मानकर सामाजिक भागीदारी का अभियान बनाना चाहिए।

See also  गंगा की गाद, गांवों का डर और डॉल्फिन का घर

नदी को बचाने का अर्थ केवल पानी बचाना नहीं है। इसका अर्थ हमारी संस्कृति, प्रकृति, जैव विविधता, जनस्वास्थ्य और भावी पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करना है। नदियाँ बहनी चाहिए, स्वच्छ बहनी चाहिए और आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायिनी बनी रहनी चाहिए। इसके लिए सरकारों के साथ समाज और विशेषकर युवाओं को आगे आना होगा।

गोदावरी माई का स्वास्थ्य और गोदावरी की प्रकृति, संस्कृति तथा समाज को स्वस्थ रखने के लिए कुंभ का आयोजन होता है। इस बार 31 अक्टूबर 2026 को भारत की महामहिम राष्ट्रपति ने गोदावरी कुंभ का ध्वजारोहण किया। नासिक में आयोजित होने वाला यह कुंभ 31 अक्टूबर 2026 से 24 जुलाई 2028 तक चलेगा।

इस वर्ष के कुंभ में बहुत सारी विपदाएँ और आपदाएँ आने की आशंका है। कुंभ से पहले नासिक के अंबड-सातपुर क्षेत्र में भूजल में बहुत ही भयानक स्तर पर क्रोमियम पाया गया है। इस भूजल भंडार का संबंध गोदावरी माई के प्रवाहित जल से भी है। वैज्ञानिक कह रहे हैं कि ऐसा नहीं है, लेकिन वैज्ञानिक सरकारों और आर्थिक लोभ-लालच के दबाव में कुछ भी बोलते रहते हैं। हमने पिछले दो दिनों में इस पूरे क्षेत्र का अध्ययन किया और हमें स्पष्ट रूप से पता चला कि यहाँ के भूजल से निकलने वाला जल अंततः हमारी माई गोदावरी में जाकर मिलता है।

भूजल का यह प्रदूषण कुंभ में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सेहत के लिए एक बड़ा संकट है। यह कुंभ न केवल महाराष्ट्र, बल्कि भारत के विभिन्न भौगोलिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में सुपर एल नीनो के प्रभाव काल में आयोजित हो रहा है। सूखे से प्रभावित जनता के इस बार के कुंभ में बड़ी संख्या में आने की संभावना है।

कुंभ में बड़े लोग तो आते ही हैं, लेकिन गरीब लोग भी पदयात्रा करते हुए कुंभ तक पहुँचते हैं। इस बार सरकार ने बहुत ही नियोजित ढंग से गोदावरी कुंभ के इतिहास में पहली बार महामहिम राष्ट्रपति महोदया से इसका शुभारंभ कराया है और बड़ी संख्या में आदिवासियों को इस अवसर पर यहाँ बुलाया है। आदिवासियों का यह आकर्षण कुंभ के प्रति आकर्षण बढ़ाने का एक अच्छा अवसर सरकार ने सुनिश्चित किया है। इसलिए इस बार के कुंभ में नासिक में आदिवासियों की संख्या बहुत बढ़ेगी।

See also  दीपावली : रोशनी का नहीं, रिश्तों और जिम्मेदारी का पर्व

नासिक के चारों तरफ के आदिवासी गोदावरी माई को जानते-समझते हैं। उनकी परंपरा रही है कि जहाँ भी गोदावरी माई की उपधाराएँ, जलधाराएँ और जल संरचनाएँ मौजूद हैं, वे वहीं स्नान करके अपना कुंभ मना लेते हैं। लेकिन इस बार के कुंभ का केंद्र नासिक है। इस बार के कुंभ में अधिक से अधिक लोगों के आने का निमंत्रण 31 अक्टूबर को दिया जा चुका है। इसलिए इस बार के कुंभ में आदिवासियों की बड़ी संख्या मौजूद रहने की संभावना है।

चूँकि यह वर्ष सूखे का वर्ष है और सूखे के वर्ष में कुंभ का होना एक तरह से संकट के समाधान खोजने और उसके अनुकूलन का इतिहास रहा है। लेकिन जिस प्रकार सरकार इस कुंभ का आयोजन कर रही है, उसमें भौतिक चीजों का निर्माण हो रहा है। बड़ी-बड़ी सड़कें बनाई जा रही हैं और नदी की जमीन में बड़े-बड़े घाटों का निर्माण हो रहा है। नदी का सीमेंट-कंक्रीटकरण किया जा रहा है। यह समाधान और अनुकूलन नहीं हो सकता। यह तो संकट को और बढ़ाने वाला है।

हमारी सरकार ने कुंभ में आने वाले अतिथियों और श्रद्धालुओं के लिए केवल सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी है। इन सड़कों से कुंभ में पर्यटकों की संख्या बढ़ जाएगी। जो कुंभ भारत का तीर्थाटन था, वह पर्यटन बन जाएगा। तीर्थ में श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए आते हैं, जबकि पर्यटन में लोग सुख और सुविधाओं के लिए आते हैं। इसलिए यह तीर्थाटन कुंभ, पर्यटन कुंभ बनता जा रहा है।

जब कोई देश अपने तीर्थों को नष्ट करके उन्हें पर्यटन में बदलता है, तो उसमें उस देश की अर्थव्यवस्था बढ़ाने और लोभ-लालच बढ़ाने का प्रयास होता है। लाभ के नाम पर आकर्षण पैदा किया जाता है। जो देश अपनी संस्कृति और प्रकृति का सम्मान करता है, वह प्रकृति का संरक्षण करके उसके साथ जीने, प्रकृति में रहने और अपनी संस्कृति को समृद्ध बनाने के संस्कार और ज्ञान को बढ़ाता है।

See also  संकट में पहाड़, मनुष्य और पर्यावरण

जो देश केवल लोभ, लालच और लाभ बढ़ाने का रास्ता खोजता है, उस देश में तीर्थाटन पर्यटन में बदल जाता है। भारत का कुंभ, जो अभी तक तीर्थ की तरह देखा जाता था, अब पर्यटन की तरह देखा जाने लगा है।

इसमें पैदा होने वाली सारी गंदगी किसी न किसी रूप में फिर नदी में ही जाकर मिलती है। हम जानते हैं कि हमारी सरकार ने कुंभ में स्वच्छता के लिए बहुत अच्छे प्रयास करने की घोषणाएँ की हैं और सरकार प्रयास भी करेगी। लेकिन ऐसे पदार्थों का अंतिम ठिकाना मिट्टी और पानी ही होते हैं। जो भी जैविक पदार्थ है, उसका अंत मिट्टी, पानी और अग्नि में होता है। यही जीवन को बनाते हैं और यही उसे अपने में समाहित करते हैं। यह प्रकृति का नियम और सिद्धांत है।

हमने कुंभ में इस नियम की भी अनदेखी की है। हमने कुंभ में प्राकृतिक सिद्धांतों की बहुत बड़े स्तर पर अनदेखी की है। हाँ, हमारी सरकार का यह लक्ष्य है कि कुंभ में देश और दुनिया की अधिक से अधिक संख्या पहुँचे। जरूर पहुँचना चाहिए, लेकिन कुंभ तो एक केंद्रीकरण का उत्सव नहीं है। कुंभ तो विकेंद्रीकृत गुणों और दोषों का प्रबंधन है।

गुणों को दोषों से अलग रखना, ज़हर को अमृत से अलग रखना और अच्छाई को बुराई से अलग रखना—इसके लिए निर्णय लेकर अपने समाज के व्यवहार और संस्कार सुधारने के उद्देश्य से कुंभ आयोजित होता है। इसका आयोजन केवल समाज के लिए नहीं, बल्कि जिस नदी के किनारे यह हो रहा है, उस नदी को भी अमृतवाहिनी बनाए रखने की एक कोशिश है।

लेकिन देखने में यह आ रहा है कि नदी को अमृतवाहिनी बनाने के बजाय एक खास समय पर उसमें जल की मात्रा बढ़ाने का नियंत्रण गंगापुर बाँध में सरकार के हाथ में है। जब भी गोदावरी में स्नान करने वालों की संख्या बढ़ती है, तो बाँध से पानी छोड़ दिया जाता है। यह समाधान नहीं है। यह लोगों में भ्रम पैदा करता है।

लेखक का परिचय

राजेन्द्र सिंह

राजेंद्र सिंह को वॉटरमैन ऑफ इंडिया के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने तरुण भारत संघ की स्थापना की। 2001 में सामुदायिक नेतृत्व के लिए रमन मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, जो कि एशिया का नोबेल पुरस्कार माना जाता है। राजेंद्र सिंह को स्टाकहोम में पानी का नोबेल पुरस्कार माने जाने वाले स्टॉकहोम वाटर प्राइज से नवाजा जा चुका है।

जुड़ें - हमारे व्हाट्सएप चैनल से

सप्रेस मीडिया - नवीनतम आलेख, रिपोर्ट, समाचार अपडेट सीधे अपने व्हाट्सएप पर प्राप्त करें।

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें →

निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करें

आज के दौर में निष्पक्ष, स्वतंत्र और जन-सरोकार की पत्रकारिता को जीवित रखना बड़ी चुनौती है। विज्ञापनदाताओं और कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त होकर आप तक सही और सटीक खबरें पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। हमारी स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आपके आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। आपकी दी हुई छोटी-सी सहयोग राशि हमें सच्ची पत्रकारिता करते रहने का संबल देगी।

सहयोग राशि →

संबंधित आलेख

सर्वाधिक पढ़े गए