शिक्षा समाचार

जुलाई से शुरू होगा भोपाल में देश का दूसरा अज़ीम प्रेमजी विश्‍वविद्यालय

जुलाई से शुरू होगा भोपाल में  देश का दूसरा अज़ीम प्रेमजी विश्‍वविद्यालय

शिक्षा, विकास और स्‍वास्‍थ्‍य  से संबंधित स्‍नातक और स्‍नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश आरंभ 12  मई, 2023, भोपाल : मध्‍य भारत के इलाके में देश का दूसरा अज़ीम प्रेमजी विश्‍वविद्यालय, भोपाल में शुरू होने जा रहा है। अज़ीम प्रेमजी विश्‍वविद्यालय,...

शिक्षा, विकास और स्‍वास्‍थ्‍य  से संबंधित स्‍नातक और स्‍नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश आरंभ

12  मई, 2023, भोपाल : मध्‍य भारत के इलाके में देश का दूसरा अज़ीम प्रेमजी विश्‍वविद्यालय, भोपाल में शुरू होने जा रहा है। अज़ीम प्रेमजी विश्‍वविद्यालय, भोपाल की स्थापना मध्य प्रदेश निजी विश्‍वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) द्वितीय संशोधन अधिनियम,2022 के प्रावधानों के तहत की गई है। प्रायोजक निकाय अज़ीम प्रेमजी फ़ाउण्डेशन ने विश्‍वविद्यालय को पूरी तरह से लोकोपकारी और ग़ैर-लाभकारी संस्था के रूप में स्थापित किया है, जिसका स्पष्ट सामाजिक उद्देश्य एक न्यायसंगत, समतामूलक, मानवोचित और टिकाऊ समाज के निर्माण में योगदान देना है।  

अज़ीम प्रेमजी विश्‍वविद्यालय, भोपाल में जुलाई 2023 से नया शैक्षिक सत्र प्रारम्भ होने जा रहा है। शैक्षिक कार्य भोपाल से 18 किलोमीटर दूर कान्‍हासैय्या (विदिशा – रायसेन रोड़ पर) में स्थित विश्‍वविद्यालय परिसर में होगा। 50 एकड़ में फैले इस विश्‍वविद्यालय में सिखाने और सीखने को बेहतर बनाने के लिए अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।

Azim Premji University, Bhopal

गौरतलब है कि अज़ीम प्रेमजी फ़ाउंडेशन द्वारा 2010 में पहला विश्‍वविद्यालय बेंगलूरु में स्थापित करने के बाद शुरू किये जाने वाला यह दूसरा विश्‍वविद्यालय है। न्यायसंगत, समतामूलक, मानवोचित और टिकाऊ समाज के निर्माण में योगदान के लिए अज़ीम प्रेमजी फ़ाउंडेशन पिछले दो दशक से शिक्षा, सार्वजनिक स्वास्थ्य, ग्रामीण आजीविका सहित अन्य कई क्षेत्रों में राष्‍ट्रीय स्‍तर पर काम कर रहा है।  

अज़ीम प्रेमजी फ़ाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग बेहार कहते हैं, “भोपाल में शुरू हो रहे हमारे विश्‍वविद्यालय का मक़सद इस समूचे क्षेत्र में सेवाऍं देना है। यह बेंगलूरु में चल रहे विश्‍वविद्यालय में उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कार्यक्रमों के 12 वर्षों के अनुभव पर आधारित है। हमारे विश्‍वविद्यालय का एक स्पष्ट सामाजिक उद्देश्य है, जो शिक्षण कार्यक्रमों और शोध दोनों ही क्षेत्रों में नज़र आता है। हमारी व्यापक नीतियों में आर्थिक रूप से वंचित पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के समावेशन के लिए महत्त्वपूर्ण वित्तीय सहायता शामिल है।‘’

See also  Education : ‘अर्ध-अंग्रेज़ी’ से अध्यापन

यूनिवर्सिटी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी दी गई है कि अज़ीम प्रेमजी विश्‍वविद्यालय, भोपाल में वर्ष 2023 के लिए स्‍नातकोत्तर कार्यक्रमों एम.ए. (एजुकेशन) एवं मास्टर ऑफ़ पब्लिक हेल्थ (एमपीएच) और स्‍नातक कार्यक्रमों बी.एससी.(बायोलॉजी) तथा बी.ए.(इतिहास) हेतु आवेदन आमंत्रित किये जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के तहत विद्यार्थी ऐसी गहन शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे,जिससे उनमें विशेषज्ञता और समाज के लिए कुछ करने की प्रतिबद्धता का विकास होगा।

पूर्ण और आंशिक वित्तीय सहायता का प्रावधान

शिक्षा, विकास और स्‍वास्‍थ्‍य के क्षेत्र में प्रतिभा निखारने के लिए अज़ीम प्रेमजी विश्‍वविद्यालय अलग-अलग पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों के समावेशन को बढ़ावा देते हुए विविधतापूर्ण विद्यार्थी-समुदाय बनाने हेतु प्रतिबद्ध है। विश्‍वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के परिवार की वार्षिक आमदनी के आधार पर विद्यार्थियों को कार्यक्रम हेतु पूर्ण और आंशिक वित्तीय सहायता प्रदान की  जाएगी, जिसमें ट्यूशन शुल्क,आवास और भोजन का ख़र्च शामिल है।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय में सीखने के कई समृद्ध और आकर्षक आयाम हैं : उनमें मुख्य पाठ्यक्रम सम्बन्धित विषय का बुनियादी ज्ञान प्रदान करने के साथ इन्टरडिसप्लनरी और थीम-आधारित ऐच्छिक विषय विद्यार्थियों को उनकी रुचि के विषयों के बारे में जानकारी हासिल करने का मौक़ा देते हैं। साथ ही वास्तविक व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए फ़ील्ड प्रैक्टिस, इन्टर्नशिप के अवसरों और परामर्शदाताओं की मदद से किए गए फ़ील्ड के अनुभवों को शामिल किया गया है। विद्यार्थियों को प्रदान किए जाने वाले व्यापक सहयोग में शैक्षिक विकास, भाषा प्रशिक्षण, पेशेवर विकास और प्लेसमेन्ट शामिल हैं।  

प्रवेश प्रक्रिया और तिथियाँ

रूचि रखने वाले विद्यार्थी विश्‍वविद्यालय की वेबसाइट https://azimpremjiuniversity.edu.in/bhopal पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अन्तिम तिथि 20 मई, 2023 रखी गई है। प्रवेशार्थियों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा। देश भर में अलग-अलग केंद्रों पर राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा 10 जून, 2023 को होगी। लिखित परीक्षा से चयनित प्रवेशार्थियों के व्यक्तिगत साक्षात्कार जून-जुलाई में लिए जाएँगे तथा अगस्‍त के पहले सप्‍ताह से शिक्षण कार्य आरंभ होगा।  

See also  शिक्षा का ‘असर’ : कुछ सुधरती स्थिति

जुड़ें - हमारे व्हाट्सएप चैनल से

सप्रेस मीडिया - नवीनतम आलेख, रिपोर्ट, समाचार अपडेट सीधे अपने व्हाट्सएप पर प्राप्त करें।

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें →

निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करें

आज के दौर में निष्पक्ष, स्वतंत्र और जन-सरोकार की पत्रकारिता को जीवित रखना बड़ी चुनौती है। विज्ञापनदाताओं और कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त होकर आप तक सही और सटीक खबरें पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। हमारी स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आपके आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। आपकी दी हुई छोटी-सी सहयोग राशि हमें सच्ची पत्रकारिता करते रहने का संबल देगी।

सहयोग राशि →

नवीन आलेख