जल, जंगल, जमीन शख्सियत समाचार

प्राकृतिक चुनौतियों का समाधान शासकीय प्रयास मात्र से संभव नहीं :  पद्मभूषण डॉ. जोशी

प्राकृतिक चुनौतियों का समाधान शासकीय प्रयास मात्र से संभव नहीं :  पद्मभूषण डॉ. जोशी

साइकिल यात्रा आज प्रातः उत्तर प्रदेश के लिए रवाना

पटना,18 अक्‍टूबर । पद्मभूषण से अलंकृत डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में जनकपुर, नेपाल से प्रारंभ साइकिल यात्रा आज रविवार को प्रातः उत्तर प्रदेश के लिए प्रस्थान की। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यालय में आयोजित समारोह में डॉ. जोशी एवं सभी साइकिल यात्रियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद पर्यावरण कार्यकर्ताओं और संगठन के प्रतिनिधियों ने उनका तथा सहयात्रियों का अभिनन्दन किया।

राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख एवं सांसद श्री उपेंद्र कुशवाहा की की ओर से साक्षी मिश्रा कुशवाहा ने साइकिल यात्री दल का स्वागत करते हुए कहा कि बिहार की ऐतिहासिक धरती, ज्ञान, संस्कृति और लोकतांत्रिक चेतना की भूमि पटना से इस राष्ट्रीय साइकिल यात्रा को आगे बढ़ाते हुए हम केवल एक यात्रा को विदाई नहीं दे रहे हैं, बल्कि प्रकृति संरक्षण के एक विचार, एक संकल्प और एक जन-आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम सबके लिए गौरव की बात है कि इस यात्रा का नेतृत्व पद्मश्री एवं पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी जी कर रहे हैं। प्रकृति, हिमालय, जल और स्थानीय संसाधनों के संरक्षण के क्षेत्र में उनका दीर्घकालीन योगदान हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। डॉ. अनिल प्रकाश जोशी जी ने अपने विचारों और कार्यों के माध्यम से समाज को यह समझाने का प्रयास किया है कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था, समाज, संस्कृति और मानव जीवन के भविष्य का विषय है।

इस अवसर पर डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक साइकिल चलाना नहीं है। हमारा उद्देश्य लोगों से संवाद कर प्रकृति संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है। बिहार केवल एक भौगोलिक प्रदेश नहीं है, यह नदियों की संस्कृति, कृषि की समृद्धि, गाँवों की जीवंतता की पहचान है। गंगा सहित अनेक नदियाँ, तालाब, आहर-पाइन, पोखर और पारंपरिक जलस्रोत हमारी जीवन-व्यवस्था के आधार रहे हैं। लेकिन आज हमारे सामने प्रश्न है, क्या हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ जल, उपजाऊ मिट्टी, हरी-भरी धरती और स्वस्थ पर्यावरण दे पाएँगे? बाढ़ और जलजमाव, कहीं जल की कमी, कहीं भूजल का गिरता स्तर, तालाबों का अतिक्रमण और हरित क्षेत्रों का क्षरण हमें सचेत कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों का समाधान केवल सरकारी योजनाओं से नहीं होगा। इसके लिए सरकार, समाज, पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, युवाओं और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

डॉ. जोशी एवं सभी साइकिल यात्रियों के साथ प्रतीकात्मक तौर पर साइकिल चलाकर पंचायती राज मंत्री श्री दीपक प्रकाश की धर्म पत्नी शाक्षी मिश्रा कुशवाहा साइकिल चलाकर यात्रियों को विदा किया। इसके पूर्व यात्रा दल में शामिल देश के अलग अलग हिस्सों के 17 से लेकर 70 वर्षीय सभी युवा एवं वैज्ञानिक साथियों डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, पंकज मालवीय, विजयेश्वर प्रसाद (अनिल),  देवेश कोठारी, विनोद खाती, रंजना, तनुजा, ज्योति, मेघा, प्रमोद जोशी, केसराज यादव, चंदन सिंह बोरा, गीतांशु जोशी, ललित सिंह, अमर सिंह,मो. फरमान, जितेश कुमार को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

लेखक का परिचय

जुड़ें - हमारे व्हाट्सएप चैनल से

सप्रेस मीडिया - नवीनतम आलेख, रिपोर्ट, समाचार अपडेट सीधे अपने व्हाट्सएप पर प्राप्त करें।

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें →

निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करें

आज के दौर में निष्पक्ष, स्वतंत्र और जन-सरोकार की पत्रकारिता को जीवित रखना बड़ी चुनौती है। विज्ञापनदाताओं और कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त होकर आप तक सही और सटीक खबरें पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। हमारी स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आपके आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। आपकी दी हुई छोटी-सी सहयोग राशि हमें सच्ची पत्रकारिता करते रहने का संबल देगी।

सहयोग राशि →

संबंधित आलेख

सर्वाधिक पढ़े गए