1969 से 2024 तक के बैचों का मिलन; 350 से अधिक पूर्व विद्यार्थी जुटे, 75 साल की यादों में फिर लौटे कॉलेज के दिन
इंदौर, 22 नवंबर। कोई वर्षों बाद अपने पुराने दोस्त को देखकर गले मिल रहा था तो कोई कॉलेज के दिनों की किसी शरारत को याद कर ठहाके लगा रहा था। कहीं सीनियर अपने समय के अनुशासन और परंपराओं के किस्से सुना रहे थे तो कहीं जूनियर अपने बैच की मस्ती और शरारतों का जिक्र कर रहे थे। उम्र और पद की दूरियां यहां जैसे खत्म हो गई थीं। प्रशासनिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक विकास और प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके पूर्व विद्यार्थी एक बार फिर उसी परिसर में थे, जहां से कभी उन्होंने अपने जीवन और करियर की शुरुआत की थी। मौका था इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित एलुमनाई मिलन समारोह का।
समारोह के दूसरे दिन 1969 से 2024 तक के विभिन्न बैचों के 350 से अधिक पूर्व विद्यार्थी देश के अलग-अलग हिस्सों से महाविद्यालय पहुंचे। कई वर्षों बाद मिले साथियों के बीच पुरानी यादों का सिलसिला चला। किसी ने पुराने फोटो निकालकर दोस्तों को दिखाए तो किसी ने शिक्षकों के पढ़ाने के अंदाज और उनके अनुशासन की बातें याद कीं। कॉलेज के दिनों में सीनियर-जूनियर के बीच होने वाली चुहलबाजी, रैगिंग के किस्से, फील्ड वर्क के अनुभव और दोस्तों के साथ बिताए पल बातचीत का हिस्सा बने। इन यादों के बीच यह भी सामने आया कि महाविद्यालय से मिली शिक्षा ने किस तरह अलग-अलग क्षेत्रों में आगे बढ़ने का रास्ता तैयार किया।
इस मिलन की खासियत यह रही कि यहां कोई प्रशासनिक अधिकारी था, कोई वरिष्ठ प्रबंधक तो कोई सामाजिक विकास के क्षेत्र में स्थापित नाम, लेकिन सभी के लिए पहचान सबसे पहले कॉलेज के विद्यार्थी की थी। अलग-अलग बैचों के पूर्व विद्यार्थियों ने अपने वर्तमान कार्यक्षेत्र, उपलब्धियों और महाविद्यालय से जुड़े अनुभव साझा किए। साथ ही संस्थान के अकादमिक विकास और वर्तमान विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी लिया।
समाजकार्य की पढ़ाई ने दिखाई सिविल सेवा की राह

एलुमनाई के अनुभव साझा करने के दौरान झारखंड में प्रशासनिक सेवा में कार्यरत अंजली यादव ने बताया कि समाजकार्य की दो वर्ष की पढ़ाई और सामाजिक क्षेत्र में काम करने के अनुभव ने उनके करियर की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सामाजिक क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने समाज की विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों को करीब से समझा। इन्हीं अनुभवों ने उन्हें सिविल सेवा में जाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने परीक्षा की तैयारी की और आईएएस परीक्षा में सफलता हासिल की। वर्तमान में वे झारखंड में डिप्टी सेक्रेटरी के रूप में सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजकार्य की पढ़ाई के दौरान मिली समझ और सामाजिक क्षेत्र में काम करने के अनुभव ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में उन्हें काफी मदद की।
एलुमनाई के अनुभवों से विद्यार्थियों को जोड़ने की पहल
कार्यक्रम में एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष विश्वजीत सिंह, सचिव तापस मैती, कोषाध्यक्ष फारूख शेख, पूर्व अध्यक्ष पी.के. जड़िया, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मैथ्यू सी.पी., राजेंद्र शर्मा, अतुल कर्णिक, विजय व्यास, अनिल दुबे, अर्चना वाजपेयी दाजी, संदीप खानविलकर, मनीषा कुलकर्णी, बीना मेढ़के, विभा नरगुंदे, देवाशीष बोरा-निवेदिता बोरा, अनिल जैन, हरीश हरदेनिया, कुमार सिद्धार्थ, अविनाश मिश्रा, सुधा जैन, मिनाक्षी कर, मनीष गंगराडे, अविनाश भठेजा सहित अनेक एलुमनाई उपस्थित थे।
एसोसिएशन के सचिव तापस मैती ने आने वाले वर्षों में महाविद्यालय के अकादमिक विकास और वर्तमान विद्यार्थियों की मेंटरशिप में पूर्व विद्यार्थियों की भूमिका पर बात रखी। उन्होंने कहा कि समाजकार्य की शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को रोजगार परामर्श और प्लेसमेंट की प्रक्रिया में एलुमनाई सहयोग देंगे। अध्यक्ष विश्वजीत सिंह ने भी प्रबंधन, शोध और विकास के क्षेत्र में कार्यरत अनुभवी वरिष्ठ एलुमनाई के अनुभवों का लाभ वर्तमान विद्यार्थियों तक पहुंचाने की बात कही।
हर महीने कॉलेज में आयोजित हो सोशल वर्क डे

एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पी.के. जड़िया ने महाविद्यालय में हर महीने एक ‘सोशल वर्क डे’ आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य कोई उत्सव या औपचारिक आयोजन करना नहीं, बल्कि पूर्व विद्यार्थियों के अनुभवों को वर्तमान विद्यार्थियों तक पहुंचाना होना चाहिए। इसके लिए हर महीने एलुमनाई में से कोई एक व्यक्ति स्वैच्छिक रूप से कॉलेज आए और विद्यार्थियों के साथ अपने कार्यक्षेत्र के अनुभव साझा करे। यह व्याख्यान शहरी एवं ग्रामीण विकास, चिकित्सा, मानव संसाधन प्रबंधन या समाजकार्य से जुड़े किसी भी विषय पर हो सकता है।
जड़िया ने कहा कि किसी संस्थान की पहचान केवल उसकी इमारत या सुविधाओं से नहीं बनती, बल्कि वहां से पढ़कर निकले विद्यार्थियों के काम और समाज में उनके योगदान से बनती है। एलुमनाई के कार्यों में संस्थान के मूल्य, संस्कार और शिक्षा की गुणवत्ता दिखाई देती है। उन्होंने प्राचार्य को भरोसा दिलाया कि महाविद्यालय की प्रगति की जिम्मेदारी केवल प्रबंधन और शिक्षकों की नहीं है, पूर्व विद्यार्थी भी इसके लिए साथ खड़े हैं।
विद्यार्थियों को करियर मेंटर बनाकर तैयार करेंगे

जड़िया ने वर्ष 2027 में पाठ्यक्रम पूरा करने वाले दो विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से करियर मेंटर के रूप में मार्गदर्शन देने का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने कहा कि वे विद्यार्थियों को सीधे नौकरी दिलाने के बजाय इस योग्य बनाना चाहते हैं कि वे अपनी क्षमता और आत्मविश्वास के आधार पर करियर में आगे बढ़ सकें।
इसके लिए विद्यार्थियों को लेबर कोर्ट, कर्मचारी भविष्य निधि (पीएफ) कार्यालय, ट्रेड यूनियन और अन्य संस्थाओं में जाकर वास्तविक कामकाज समझने के अवसर दिए जाएंगे। वे वास्तविक विवादों और कार्यस्थल की समस्याओं से भी परिचित होंगे तथा अपने अनुभवों की नियमित रिपोर्ट देंगे। जड़िया ने कहा कि उनका प्रयास होगा कि ये दोनों विद्यार्थी आगे चलकर दूसरे विद्यार्थियों का भी मार्गदर्शन कर सकें।
फील्ड वर्क को बताया समाजकार्य शिक्षा की असली ताकत
समाजकार्य शिक्षा में फील्ड वर्क के महत्व पर बात करते हुए जड़िया ने कहा कि नियमित फील्ड वर्क ही इस विषय को दूसरे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों से अलग पहचान देता रहा है। पहले विद्यार्थी सप्ताह में नियमित रूप से संस्थाओं में काम करते थे और फील्ड वर्क सुपरवाइजर के साथ अपने अनुभवों तथा चुनौतियों पर चर्चा करते थे। इससे उनमें वास्तविक परिस्थितियों को समझने, समस्याओं का समाधान खोजने और आत्मविश्वास के साथ काम करने की क्षमता विकसित होती थी।
उन्होंने कहा कि केवल तीन महीने की इंटर्नशिप से वह अनुभव नहीं मिल सकता, जो नियमित फील्ड वर्क से हासिल होता है। समाजकार्य के विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान देने के बजाय उन्हें वास्तविक कार्यक्षेत्र की परिस्थितियों के लिए तैयार करना जरूरी है। संस्थाओं को ऐसे विद्यार्थी चाहिए, जो वहां की जरूरतों को समझते हुए उपयोगी भूमिका निभा सकें।
शोध और समाजकार्य शिक्षा को आगे बढ़ाने का संकल्प
इस अवसर पर कई वरिष्ठ एलुमनाई ने समाजकार्य शिक्षा के महत्व और नई पीढ़ी को इस क्षेत्र में आने के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी उठाने की बात कही। पूर्व विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के शोध कार्यों और उनके क्रियान्वयन में भी आवश्यक सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। एलुमनाई एसोसिएशन को अधिक सक्रिय बनाने, पुराने बैचों को जोड़ने और कॉलेज के साथ नियमित संवाद बनाए रखने पर भी विचार रखे गए।
कई पूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस महाविद्यालय ने उन्हें केवल शिक्षा और डिग्री ही नहीं दी, बल्कि समाज को समझने, लोगों के साथ काम करने और जीवन की चुनौतियों का सामना करने का नजरिया भी दिया। उनके अनुसार, कॉलेज से मिला अनुभव और यहां विकसित हुए सामाजिक मूल्य आज भी उनके कामकाज का आधार हैं। 75 वर्ष पूरे होने का यह आयोजन पुराने साथियों से मिलने का अवसर होने के साथ ही संस्थान के प्रति अपनी जिम्मेदारी दोबारा महसूस करने और आने वाली पीढ़ी के लिए कुछ करने का संकल्प लेने का अवसर भी बना।