कला और संस्कृति समसामयिक समाचार

वैश्विक होती छठ की परंपरा और सिमटते जलस्रोत

वैश्विक होती छठ की परंपरा और सिमटते जलस्रोत
राजीव कुमार

छठ पर्व केवल सूर्योपासना और लोकआस्था का महापर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, जलस्रोतों और सामुदायिक एकजुटता के प्रति कृतज्ञता का अनूठा उत्सव भी है। सदियों पुरानी इस परंपरा का देश-विदेश में विस्तार हुआ है, लेकिन इसके मूल आधार नदी, तालाब और पारंपरिक जलस्रोत अतिक्रमण एवं प्रदूषण के कारण संकट में हैं।


बिहार के लोग जागृत एवं प्रत्यक्ष देवता सूर्य की पूजा करते आए है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार सूर्य की दो पत्नियां है -उषा एवं प्रत्यूषा। कार्तिक  और चैत्र मास की षुक्ल पक्ष की षष्ठी व सप्तमी के दिन सूर्य के साथ ही उनकी दोनों पत्नियों उषा एवं प्रत्यूषा की पूजा की जाती है। सूर्य षष्ठी के अवसर पर मनाये जाने वाले लोकपर्व को ‘छठ पर्व’ कहा जाता है। बिहारवासी कार्तिक के शुक्लपक्ष को षष्ठी को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्‍य देते हुए प्रत्यूषा की पूजा करते हैं और शुक्लपक्ष सप्तमी को उदयाचल सूर्य का अर्ध्‍य देते हुए उषा को पूजते आए हैं।

‘बिहार की प्रमुख सूर्य प्रतिमाएं’ पुस्तक में लगभग हजार वर्ष से बिहार मे छठ पूजा होने के प्रमाण मिलते हैं। चंडेश्‍वर ठाक्कुर की रचना ‘कृत्य रत्नाकर’ के अुनसार तेरहवीं  एवं चौदहवीं शताब्दी में छठ पूजा के विषय में समाज के लोगों को पता था। चौदहवीं शताब्दी में लेखक रूद्रधर की कृति ‘वर्षकृत्य’ में छठ के दृश्‍यों का जिक्र है। इसके साथ छठ की पेंटिग है, जो कि पटना कलम शैली में बनी है। ये शैली 1770 से 1950 के बीच की है। 1810 में फ्रांसिस बुकानन ने अपनी रिर्पोट में कहा कि बिहार के तालाबों एवं नदियों के किनारे महिलाओं के कार्तिक मास के पष्ठी एवं सप्तमी को शाम एवं सुबह को सूर्योपासना की जाती है। आगे उन्होंने लिखा महिलाएं उपवास रखती हैं तथा एक समय गीत गाती हुई नदी एवं तालाबों तक जाती हैं। सूर्यास्त के समय पूजा करती है। जमीन पर बैठकर रात बिताती है और दूसरे दिन सूर्योदय के बाद ही भोजन (पारण) करती है।

‘छठ मैया’ बिहार के क्षेत्र की लोककल्याणकारी देवी के रूप में पूजी जाती रही हैं। इस परम्परा का देश- विदेश सभी जगह विस्तार हुआ। जिन- जिन क्षेत्रों में बिहार के लोग गए छठ की परम्परा का उन क्षेत्रों में विस्तार होता चला गया। पूरी दुनिया मे उगते हुए सूर्य का प्रणाम करने की परम्परा रही है, लेकिन डूबते हुए सूर्य को भी पूजने की परम्परा बिहार से शुरू हुई। यूं तो बिहार में वर्ष में चार बार छठपूजा होता है, लेकिन कार्तिक के षष्ठी एवं सप्तमी का सबसे अधिक लोकप्रिय है। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की अपार भीड़ रहा करती है।

See also  भगौरिया मेले में उमड़ा जनसैलाब, परंपरा के साथ दिखे राजनीति के रंग

छठ पर्व के साथ ही प्रकृति के प्रति आदर और कृतज्ञता ज्ञापित करने का एक विधान भी है। पूजा का हर सामान प्राकृतिक होने के साथ ही पर्यावरण के अनुकूल होते है। यह सामग्री कृषकों के द्वारा सहज रूप से उपलब्ध भी हो जाते है। इसका प्रकृति पर कोई बुरा असर नहीं पड़ता। गन्ना, गुड, चावल, ठेकुआ, पूरी तरह प्राकृतिक होते हैं। ‘तेरा तुझको अर्पण क्या लागे मेरा का भाव होता है, जो प्रकृति से प्राप्त किया, उसे अर्पित किया। इससे बढि़या उदाहरण पर्यावरण संरक्षण का क्या हो सकता है ?

सर्वविदित है वैदिक काल में प्रकृति को पूजने की प्रथा रही है। जहां एक ओर धर्म को आडंबरयुक्त कर दिया गया वहीं दूसरी ओर बिहार के लोग छठ पूजा आडंबररहित होकर सहज, सरल तरीके से मनाने लगे, जिसमें कर्मकांड, पुरोहित  आदि की कोई जरूरत नहीं थी। आस्था का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि भारतवर्ष के 12 प्राचीन बडे सूर्यमंदिरों में से आधे- से- अधिक बिहार में हैं, पौराणिक कथा के अनुसार द्वापर में श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब द्वारा भारतवर्ष में मंदिर बनवाए गए।

इतिहासकार डॉ. शिवकुमार मिश्र ने अपनी  पुस्तक ‘बिहार की प्रमुख सूर्य प्रतिमाएं’ में संपूर्ण बिहार में 145 सूर्यमंदिर का जिक्र किया है। विभिन्न पुरातात्विक स्थलों से मिली जानकारी के अनुसार मौर्य, शुंग, कुपाण, पाल और गुप्त काल एवं गुप्तोतर काल में भी सूर्य की पूजा का जिक्र मिलता है।

हमारे देश में प्राचीन काल से मंदिरों के साथ कुंए, बावडी, सरोवर आदि जुड़े मिलते हैं। सूर्य मंदिर और सरोवर का संबंध भी अटूट रहा है। कई सूर्य मंदिर आहर एवं नदियों के किनारे भी अवस्थि होते है। यहां छठ एक ऐसा पर्व है, जो बगैर, जलस्त्रोतों के पास गए हो ही नहीं सकता। छठ हमें जलस्त्रोतों के करीब लाती है।

See also  Sonam Wangchuk : लद्दाख से उठी हिमालय की आवाज

बिहार में परम्परागत सिंचाई एवं जल संरक्षण की अनूठी पद्वति रही है। दक्षिण बिहार के संपूर्ण भू-भाग में परम्परागत सिंचाई के साधन जैसे-आहर (आहर पानी के लिए एक जलाशय है, जो उंची जमीन के एक टुकडे को तीन तरफ से बांधकर बनाया जाता है) पईन (मिटटी का कृत्रिम नहर) नदी आदि के किनारे छठ पर्व मनाए जाते रहे हैं। ‘बहता पानी निर्मला.’ मानकर बिहार के लोग पईन के किनारे भी अर्ध्‍य देते रहे हैं ।

नदियों के अतिक्रमण की वजह से नदी से जुडे -पईनों की स्थिति अब पहले जैसी नहीं रही। आहर अब खेत बनते जा रहे हैं। छोटानागपुर के पठार तथा इसके आसपास के पहाड़ी क्षेत्रों से निकली छोटी नदियां दक्षिण बिहार के लिए वरदान थी। इनमें फल्गू, पुनपुन, मोरहर, सोरहर, सकरी, धनार्जे, खुरी, पंचाने, धांधर, सरस्वती, किउल, हरोहर, कॉव, सोन, बदुआ, चांदन जैसी नदियां है। छठ के अवसर पर लोग सजधज कर दक्षिण बिहार के साथ ही उत्तर बिहार की गंडक, बागमती, कोसी तथा बिहार को दो भागों में बांटने बाली गंगा जैसी नदियों के  किनारे इकट्ठे होते तो मेला-सा दृश्‍य उभर आता है, जहां प्रकृति के सभी रंग छिटक जाया करते हैं। तालाब  शहरीकरण एवं भूमामिया की भेटं चढ़ गए और छोटी नदियां धीरे- धीरे अतिक्रमण एवं गंदगी की शिकार हो अपना अस्तित्व खो रही है।

एक ओर छठ का विस्तार हुआ है तो वहीं दूसरी ओर नदियां सिमटती चली जा रहीं है। लोग इन जलस्त्रोतों के बजाय अपने- अपने धरों की छत पर ही अस्थायी व्यवस्था कर अर्ध्‍य देने को मजबूर है। ‘ट्रेन’ से हो या ‘प्लेन’ से बिहार से बाहर रहने वाले प्रवासी छठ पर्व के अवसर पर जरूर अपने घर आते हैं। पर्व में शुद्धता, अनुसाशन का बिशेष ध्यान रखा जाता है।  परम्पराओं का निर्वहन किया जाता है, लेकिन समय के साथ नदियों के साथ लोगों का नाता टूटता जा रहा है।

See also  मधुबन में विकास के मॉडल पर सवाल : पानी चाहिए, पर खेत क्‍यों डुबें ?

इस पर्व में सूर्य एवं जल दोनों ही महत्वपूर्ण होते हैं। यहां पृथ्वी महत्वपूर्ण है, क्योंकि कई महिलाएं लगातार साष्टांग प्रणाम करती है। यह महिलाओं के द्वारा किया जाने वाला पर्व है। महिलाएं सूर्य की ओर मुंह करके शरीर को पानी में आधे डुबोकर प्रार्थना करती है। यह प्रकृति, वनस्पतियों और जीवों के साथ सीधा संबंध स्थापित करने का अनुष्ठान हैं।

इनमें लोकसंस्कृति, आस्था, भक्ति, भाईचारा, सामाजिक एकजुटता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य विज्ञान के रंग शामिल होते हैं। यह वैश्विक होता जा रहा है। लोकल से ग्लोबल हुई छठपूजा विदेशों में भी मनाए जा रहे हैं जो अपने घरों से दूर हैं, लेकिन अपने जडों से जुड़े हुए हैं। चार दिवसीय छठ पर्व आर्थिक समृद्वि और आत्मनिर्भर भारत की पहचान बनती जा रही है। यह ग्रामीण एवं शहरी अर्थव्यवस्था में संजीवनी का काम करता है।

विदेशों में भी लोग समुद्र, नदी, तालाब और घर के छत पर पूरी श्रद्वा एवं भक्ति भाव से छठ पर्व मनाते हुए देखे जा रहे हैं। तब मानो पूरी दुनिया छठ के साथ एकाकार हो जाती है। चेतना का संचार सामुदायिक भावना के साथ होता है। यह सामूहिकता का पर्व है। पर्व की खूबसूरती इसकी सामूहिकता में ही है। गांव कस्बे, शहर -मोहल्ले के लोग बिना किसी भेदभाव के मिल जुलकर न सिर्फ घाटों की साफ- सफाई करते हैं, बल्कि हरेक व्रति को पूरे श्रद्वा -भाव से अपने पास उपलब्ध सामग्री भी मुहैया कराते है। यह सोच कर भी मन दुखी हो जाता है कि क्या जब ये जल स्त्रोत ही नहीं बचेगें तो छठ की शोभा बचेगी ? भारत सरकार लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची में शामिल कराने के प्रयास में लगी हुई है। यह एक सकारात्मक कदम है, मगर बिहार में समाप्त रहे जल स्त्रोंतो के संरक्षण एवं संवद्र्वन के बगैर छठ का नैसर्गिक सौंदर्य अक्षुण्ण रह पाएगा ? यह महत्वपूर्ण है।

लेखक का परिचय

राजीव कुमार

राजीव कुमार स्वतंत्र लेखन एवं सामाजिक कार्यकर्ता है। बिहार में एक्शन फार एकाउंटेंबल गवर्नेस के संस्थापक है।

जुड़ें - हमारे व्हाट्सएप चैनल से

सप्रेस मीडिया - नवीनतम आलेख, रिपोर्ट, समाचार अपडेट सीधे अपने व्हाट्सएप पर प्राप्त करें।

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें →

निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करें

आज के दौर में निष्पक्ष, स्वतंत्र और जन-सरोकार की पत्रकारिता को जीवित रखना बड़ी चुनौती है। विज्ञापनदाताओं और कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त होकर आप तक सही और सटीक खबरें पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। हमारी स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आपके आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। आपकी दी हुई छोटी-सी सहयोग राशि हमें सच्ची पत्रकारिता करते रहने का संबल देगी।

सहयोग राशि →

संबंधित आलेख

वैश्विक पर्यावरण शख्सियत समसामयिक

जीडीपी के साथ जीईपी भी बने विकास का पैमाना, 17 अक्टूबर को पटना पहुँचेगी पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी की राष्ट्रीय साइकिल यात्रा

और पढ़ें →

सर्वाधिक पढ़े गए