कुओं से बुझेगी बुंदेलखंड की प्यास

पंकज चतुर्वेदी

सालाना कर्मकांड की तरह अब फिर पानी पर बिसूरने का मौसम आ गया है। हर साल महाराष्ट्र के विदर्भ की तरह मध्‍यप्रदेश-उत्तरप्रदेश का बुंदेलखंड इस दुख में अगुआ रहता है, लेकिन अधिकांश सरकारी, गैर-सरकारी कोशिशें, एक जमाने में उम्दा खेती वाले इस इलाके की प्यास नहीं बुझा पातीं। क्या आसपास बिखरे कुंए, तालाब बुंदेलखंड की प्यास बुझाने में हाथ लगा सकेंगे?

बुंदेलखंड की प्यास, पलायन और अल्प-वर्षा पर अब इतना कहा-सुना और लिखा जा चुका है कि इस पर किसी की संवेदना जाग्रत नहीं होती। मौसम की तरह पानी का रोना होता है और सभी मान बैठे हैं कि यह इस इलाके की नियति ही है। अभी गरमी शुरू ही हुई है, लेकिन बुंदेलखंड के बड़े शहरों में से एक, छतरपुर के हर मुहल्ले में पानी की त्राहि-त्राहि शुरू हो गई है। तीन लाख से अधिक आबादी वाले इस शहर में सरकार की तरफ से रोपे गए कोई 2100 हैंडपंपों में से अधिकांश या तो हांफ रहे हैं या सूख गए हैं। बुदेलखंड के दूसरे शहरी इलाकों में भी जल-संकट ने दस्तक दे दी है।

ग्रामीण अंचलों में हर बार की तरह हैंडपंप से कम पानी आने की शिकायतें आ रही हैं और ललितपुर जिले के आंचलिक क्षेत्रों के सभी नलकूप सूख गए हैं। सागर जिले की खुरई नगरपालिका का एनीकट सूख चुका है और इंटेकवैल का जलस्तर घट रहा है। नदी की जलधारा भी नहीं चल रही। प्रतिदिन तीन इंच पानी नदी से घट रहा है। इंटेकवैल में 15 से 20 फीट पानी ही बचा है जिससे एक माह पानी की सप्लाई हो सकेगी। छतरपुर जिले के बक्सवाहा के पठारी इलाकों में पानी के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। अपने हजार तालाबों के लिए मशहूर रहे टीकमगढ़ जिले में दो दिन में एक बार पानी की आपूर्ति हो रही है।

बुंदेलखंड की पुरानी परंपरा रही है कि घर में बच्चे का जन्म हो या फिर नई दुल्हन आए तो घर-मुहल्ले के कुंए की पूजा की जाती है। जिस इलाके में जल की कीमत जान से ज्यादा हो वहां अपने घर के इस्तेमाल का पानी उगाहने वाले कुंए को मान देना तो बनता ही है। बीते तीन दशकों के दौरान भले ही प्यास बढ़ी हो, लेकिन सरकारी व्यवस्था ने घर में नल या नलकूप का ऐसा प्रकोप बरपाया है कि पुरखों की परंपरा के निशान कुएं गुम होने लगे हैं। अब कुओं की जगह हैंडपंप पूजकर ही परंपरा पूरी कर ली जाती है।

See also  क्रांति गौंड : गांव की गली से वर्ल्ड कप क्रिकेट तक

सभी जानते हैं कि बुंदेलखंड की जमीन की गहराई में ग्रेनाईट जैसी कठोर चट्टानों का बसेरा है और इसे चीरकर भूजल निकालना लगभग नामुमकिन। असल में यहां स्थापित अधिकांश हैंडपंप बरसात के रिसन या सीपेज के जल पर टिके हैं जो कि गरमी आते-आते सूखने लगते हैं। रिसन यानि बरसात होने पर जमीन की कम गहराई में कड़े पत्थरों की ओट में छुपा पानी जब तक रहता है, तब तक नलकूप चलता है और फिर खत्म होने पर यह भी मुंह चिढ़ाता है।

एक दशक में कम-से-कम तीन बार उम्मीद से कम मेघ बरसना बुंदेलखंड की सदियों की परंपरा रही है। यहां के पारंपरिक कुएं, तालाब और पहाड़ कभी भी समाज को इंद्र देवता की बेरूखी के सामने झुकने नहीं देते थे। यह बात अब समझना होगा कि इस क्षेत्र की प्यास का हल किन्हीं बड़ी परियोजनाओं में नहीं है, इसका स्थाई समाधान पारंपरिक जल-स्त्रोतों को स्थानीय स्तर पर सहेजने में ही है। खासकर मजरे-गांव-मुहल्लों की प्यास की कुंजी उन कुओं के पास ही है, जिन्हें समाज नल से घर तक पानी आने की आस में नष्‍ट कर चुका है।

बात दो साल पहले की है, बुंदेलखंड से बादल पूरी तरह रूठ गए थे। ब्रितानी हुकुमत के दौर में पॉलिटिकल एजेंट का मुख्यालय रहे नौगांव जनपद के करारा गांव की जल-कुंडली शेष बुंदेलखंड से बिल्कुल विपरीत थी। पहले यहां के लोग भी पानी के लिए दो-तीन किलोमीटर दूर जाया करते थे। वर्ष 2018 में जब ग्रामीणों को समझ आ गया कि सावन बहुत संकट के साथ आएगा तो उन लोगों ने गांव के ही एक कुंए के भीतर बोरिंग करवा दी, जिसमें खूब पानी मिला। फरवरी आते-आते पूरे गांव ने जुटकर अपने पुराने बड़े तालाब की सफाई, मरम्मत व गहरीकरण कर दिया। लगभग सौ फुट लंबा एक पाईप कुंए से तालाब तक डाला गया। फिर दो महीने मोटर चलाकर तालाब भरा जाता रहा। उसके बाद यहां भरे पानी से घर के काम, मवेशियों के लिए पानी तो पर्याप्त मिलता ही रहा, पूरे गांव के अन्य कुओं व हैंडपंप का जल-स्तर भी ऊंचा हो गया।  

See also  नदी जोड़ से बेहतर है, नदी-तालाब जोड़

बुंदेलखंड की असली समस्या अल्प-वर्षा नहीं है, वह तो यहां सदियों, पीढ़ियों से होता रहा है। पहले यहां के बाशिंदे कम पानी में जीवन जीना जानते थे। आधुनिकता की अंधी आंधी में पारंपरिक जल-प्रबंधन तंत्र नष्‍ट हो गए और उनकी जगह ‘सूखा’ और ‘सरकारी राहत’ जैसे शब्दों ने ले ली। बड़े करीने से यहां के आदि-समाज ने बूंदों को बचाना सीखा था। दो तरह के तालाब – एक केवल पीने के लिए, दूसरे केवल मवेशी व सिंचाई के। पहाड़ की गोदी में बस्ती और पहाड़ की तलहटी में तालाब। तालाब के इर्द-गिर्द कुएं, ताकि समाज को जितनी जरूरत हो, उतना पानी खींचकर इस्तेमाल कर ले। अभी सन 60 तक इस अंचल में 60 हजार से ज्यादा कुएं और कोई 25 हजार छोटे-बड़े तालाब हुआ करते थे।

छतरपुर जिला मुख्यालय के पुराना महोबा नाके की छोटी तलैया के आसपास अभी सन 90 तक दस से ज्यादा कुएं होते थे। इनमें से एक कुंए पर तो बाकायदा नगरपालिका का पंप था जिससे आसपास के घरों को जल-आपूर्ति होती थी। पुराने नाके के सामने का एक कुआं लगभग दो सौ साल पुराना है। पतली ककैया ईंटों व चूने की लिपाई वाले इस कुएं के पानी का इस्तेमाल पूरा समाज करता था। यहां से निकलने वाले पानी की कोई बूंद बरबाद ना हो, इसलिए इसकी पाल को बाहर की तरफ ढलवां बनाया गया था। साथ ही इसके ओने यानी जल निकलने की नाली को एक हौदे से जोडा गया था, ताकि इसके पानी से मवेशी अपना गला तर कर सकें।

सिद्धगनेशन, कोरियाना मुहल्ला, साहू मुहल्ला आदि के कुओं में सालभर पानी रहता था और समाज सरकार के भरोसे पानी के लिए नहीं बैठता था। यह गाथा अकेले महोबा रोड की नहीं, छतरपुर शहर के सभी पुराने मुहल्लों की थी- गरीबदास मार्ग, तमरहियाई, शुक्लाना, कड़ा की बरिया, महलों के पीछे, हनुमान टौरिया सभी जगह शानदार कुएं थे, जिनकी सेवा-पूजा समाज करता था। ठीक यही हाल टीकमगढ़, पन्ना और दमोह के भी थे।

बांदा शहर में तो अभी भी 67 कुएं जिंदा हैं। इस शहर के मुहल्लों के नाम कुओं पर ही थे, जैसे- राजा का कुआं, कुन्ना कुआं आदि। सन 2018 में वहां जिला प्रशासन ने 470 पंचायतों में जनता के सहयोग से कुओं को जिंदा करने का एक कार्यक्रम चलाया था और उसका सकारात्मक असर पिछले साल यहां दिखा भी। सागर जिले की रहली तहसील के रजवांस गांव में तो एक सदानीरा कुएं पर हैंडपंप लगाकर सारे गांव की प्यास बुझाई जा रही है। वहीं इलाके के सैंकड़ों कुंए ऐसे भी हैं जहां यदि किसी ने कूदकर आत्महत्या कर ली तो समाज ने उसे मिट्टी से भर कर पूर दिया। झांसी के खंडेराव गेट के शीतलामाता मंदिर की पंचकुईयां में आज भी सैंकड़ों मोटरें पड़ी हैं जो यहां के कई सौ परिवारों के पानी का साधन हैं। यह कुंए कभी-भी सूखे नहीं।

See also  ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ में उपेक्षित पर्यावरण

प्राचीन जल-संरक्षण व स्थापत्य के बेमिसाल नमूने रहे कुओं को ढकने, उनमें मिट्टी डालकर पूरने और उन पर दुकान-मकान बना लेने की रीत सन 90 के बाद तब शुरू हुई, जब लोगों को लगने लगा कि पानी, वह भी घर में मुहैया करवाने की जिम्मेदारी सरकार की है और फिर आबादी के बोझ ने जमीन की कीमत प्यास से महंगी कर दी। पुराने महोबा नाके के सामने वाले कुएं की हालत अब ऐसी है कि इसका पानी पीने लायक नहीं रहा। सनद रहे, जब तक कुएं से बालटी डालकर पानी निकालना जारी रहता है, उसका पानी शुद्ध रहता है। जैसे ही पानी ठहर जाता है, उसकी दुर्गति शुरू हो जाती है।

चूंकि बुंदेलखंड में आवास कुएं-ताल-तलैयों के ईद-गिर्द ही रहता रहा है, ऐसे में इनसे पानी का लेन-देनकर धरती के जल-स्तर को सहेजने, मिट्टी की नमी बनाए रखने जैसे कार्य भी होते रहते हैं। छतरपुर शहर में अभी भी कोई पांच सौ पुराने कुएं इस अवस्था में हैं कि उन्हें कुछ हजार रूपए खर्च कर जिंदा किया जा सकता है। ऐसे कुंओं को जीवित करके उनकी जिम्मेदारी स्थानीय समाज को सौंप दी जाए तो हर कंठ को पर्याप्त जल मुहैया करवाना कोई कठिन कार्य नहीं होगा। यदि बुंदेलखंड के सभी कुओं का अलग से सर्वेक्षण करा कर उन्हें पुनर्जीवित करने की एक योजना शुरू की जाए तो यह बहुत कम कीमत पर जन-भागीदारी के साथ हर घर को पर्याप्त पानी देने का सफल प्रयोग हो सकता है। एक बार कुओं में पानी आ गया तो समाज फिर खुद लोक-परंपरा और प्यास दोनों के लिए कुओं पर निर्भर हो जाएगा। (सप्रेस)

Table of Contents

नीले धुएँ की धरती : ‘ग्रेट स्मोकी माउंटेन्स’

समाज और सरकार चाहे तो पर्यावरण को पुनर्जीवित किया जा सकता है। इसका एक बेहतरीन उदाहरण अमरीका के टेनेसी और नार्थ कैरोलीना राज्यों की सीमाओं से लगा ‘ग्रेट स्मोकी माउंटेन्स’ है। करीब सौ साल पहले कानून बनाकर प्रकृति को उसके

Read More »

पर्यावरण संरक्षण : केवल पौधारोपण नहीं, जीवनशैली में बदलाव भी जरूरी

विश्व पर्यावरण दिवस केवल पौधे लगाने का संदेश नहीं देता, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का आह्वान करता है। जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग, प्रदूषण नियंत्रण, जैविक खेती और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपभोग जैसे छोटे-छोटे प्रयास

Read More »

World Environment Day : पर्यावरण संरक्षण पर टिका है भविष्य

पर्यावरण संरक्षण और संतुलन का प्रश्न आज पूरी मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन ने पृथ्वी के पारिस्थितिक संतुलन को गंभीर रूप से प्रभावित

Read More »