देशभर से जुटेंगे शिक्षा,विकास, प्रबंधन से जुड़े सैकड़ों पूर्व विद्यार्थी
इंदौर, 20 नवंबर। इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क अपनी गौरवशाली शैक्षणिक एवं सामाजिक यात्रा के 75 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में महाविद्यालय द्वारा प्लेटिनम जुबली वर्ष को बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय आयोजन के साथ मनाया जा रहा है।
स्थापना से लेकर आज तक महाविद्यालय ने सामाजिक सरोकारों, जनसेवा, प्रशासनिक एवं विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्यार्थियों को तैयार किया है। अनुशासन, सेवा, समर्पण एवं मानवीय मूल्यों की परंपरा को आत्मसात करते हुए महाविद्यालय निरंतर विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास कर रहा है। यहां से शिक्षा प्राप्त अनेक पूर्व विद्यार्थी पद्म विभूषण जैसे राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित होने के साथ-साथ भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं अन्य महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं देकर देश और समाज का गौरव बढ़ा रहे हैं।
इसी गौरवशाली परंपरा को स्मरण करने एवं उपलब्धियों का उत्सव मनाने के लिए 21 व 22 नवंबर 2026 को महाविद्यालय में प्लेटिनम जुबली समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में वर्ष 1969 से लेकर 2026 तक के पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थी शामिल होंगे। देश के विभिन्न राज्यों एवं शहरों से बड़ी संख्या में पूर्व विद्यार्थियों के इंदौर पहुंच रहे है।
समारोह को यादगार बनाने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व शिक्षकों को उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर स्मारिका का प्रकाशन किया जा रहा है, जिसका विमोचन अतिथियों द्वारा किया जाएगा। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले पूर्व विद्यार्थियों का भी सम्मान किया जाएगा।
एलुमिना ऑफ स्कूल आफ सोशल वर्क के सहयोग से आयोजित इस महाविद्यालय के हीरक जयंती समारोह का विधिवत शुभारंभ शनिवार, 21 नवंबर को सुबह 11 बजे होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक श्री महेंद्र हार्डिया, विधायक श्री गोलू शुक्ला, उच्च शिक्षा विभाग की अतिरिक्त संचालक डॉ. किरण बाला सलूजा, लीड कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक सचदेवा और समाज कार्य महाविद्यालय के पूर्व प्रो. एस.आर. बिल्लौरे उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सचिव श्री एडवर्ड जे. मदन करेंगे। संस्थान के प्राचार्य डॉ. मैथ्यू सी.पी. स्वागत उद्बोधन देंगे और कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालेंगे, जबकि मुख्य संयोजक डॉ. आर.के. शर्मा अतिथियों का परिचय कराएंगे।
उद्घाटन सत्र के दौरान एलुमनाई एसोसिएशन (AAISSW) के पूर्व अध्यक्ष श्री पी.के. जड़िया का संदेश भी होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सम्मान समारोह किया जाएगा और संस्थान की स्मारिका का विमोचन भी होगा।
शुभारंभ सत्र के पश्चात विभिन्न वैचारिक और सांस्कृतिक सत्रों का आयोजन किया जाएगा। दोपहर में ‘चुनौतियों को अवसरों में बदलना : ISSW के पूर्व छात्रों की प्रेरक यात्रा’ विषय पर विशेष सत्र होगा। इसकी अध्यक्षता डॉ. अरुणा कासगीवाला करेंगी। इसमें पूर्व छात्र श्री अनिल मलिक, डॉ. विक्टर पॉल, श्री निलेश देसाई और आईएएस सुश्री अंजलि यादव अपने अनुभव साझा करेंगी।
दोपहर 3 से 4 बजे संस्थान के विकास और भविष्य की दिशा पर प्रो. एस.डी. जोशी के संचालन में चर्चा होगी, जिसमें श्री सुरेंद्र नाथ, श्री विश्वजीत सिंह, डॉ. सुधा जैन और डॉ. संदीप खानवलकर अपने विचार रखेंगे। वर्तमान बैच के विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों द्वारा शाम को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
दूसरे दिन जुटेंगे 1951 से 2025 तक के पूर्व छात्र
समारोह के दूसरे दिन, रविवार 22 नवंबर को एलुमनाई मिलन समारोह का मुख्य आकर्षण रहेगा। सुबह 10:30 बजे श्री तापस मैती द्वारा एलुमनाई एसोसिएशन की गतिविधियों से परिचित कराया जाएगा। इसके बाद 10:30 से 12:00 बजे तक वर्ष 1951 से लेकर 2025 बैच तक के पूर्व छात्र अपना परिचय और पुरानी यादें साझा करेंगे। दोपहर 12 से 1 बजे तक श्रीमती प्रीति वाखले, श्री अनिल दुबे, श्री अतुल कर्णिक और डॉ. सिद्धार्थ कुमार जैन एसोसिएशन के आगामी विकास पर चर्चा करेंगे। समारोह का समापन दोपहर 1 बजे एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री विश्वजीत सिंह के उद्बोधन के साथ होगा।