102 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी पंडित विश्वम्भरनाथ तिवारी की पहली पुस्तक “आर्यावर्त से इण्डिया बरास्ते भारत” का प्रकाशन

इंदौर में बसी बेटी ने प्रकाशित की पिता के आलेखों की पुस्तक

इंदौर। इंदौर में रहने वाली बेटी साहित्यकार श्रीमती पद्मजा बाजपेयी ने लगभग 102 वर्ष की आयु के पिता पंडित श्री विश्वम्भरनाथ तिवारी की पहली पुस्तक “आर्यावर्त से इण्डिया बरास्ते भारत” प्रकाशित की है। श्री तिवारी की पुस्तक क्रांतिकारी लेखन की लुप्त रही विधा का दुर्लभ आस्वादन कराती है और कई मायनों में भारतीय साहित्य के इतिहास में अपना विशिष्ट स्थान बनाने में सफल है।

गौरतलब है कि सर्वाधिक आयु में प्रथम कृति के लेखक का विश्व कीर्तिमान स्थापित हुआ है। तमाम विश्व रिकॉर्ड बुक्स ने इस कीर्तिमान को पूरी तहक़ीकत के बाद इस विश्व कीर्तिमान को मान्यता देने की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है और लंदन बुक ऑफ़ रिकॉर्ड्स ने विश्व कीर्तिमान स्थापना का सर्टिफिकेट भी भेज दिया है, निश्चय ही इससे भारत का मान बढ़ा है।

अब तक सर्वाधिक आयु में प्रथम कृति प्रकाशन का विश्व कीर्तिमान इंग्लैण्ड की सुश्री बर्था वुड के नाम था, जिन्होंने सौ वर्ष की आयु में अपनी पहली कृति प्रकाशित की थी। अब ओवरऑल कैटेगरी का रिकॉर्ड श्री विश्वम्भरनाथ तिवारी के नाम है, जबकि महिला लेखिका के रूप में यह रिकॉर्ड सुश्री बर्था वुड के नाम है। वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकॉर्ड के प्रेसीडेंट सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता श्री संतोष शुक्ला ने यह रिकॉर्ड भारतीय के नाम होने पर विशेष प्रसन्नता ज़ाहिर करते हुए श्री तिवारी को बधाई प्रेषित की है।

सर्वाधिक आयु के लेखक के रूप में स्थापित हो गया विश्व कीर्तिमान

पंडित श्री तिवारी की पुस्तक विश्वविख्यात चित्रकार श्री बिजय बिस्वाल ने शीर्षकानुसार रेलवे और भारत की यात्रा जोड़कर बनी नयनाभिराम कृति से सुसज्जित किया है। ज्ञातव्य है कि श्री बिजय बिस्वाल अपनी वॉटर कलर की पेंटिंग्स के लिए पूरी दुनिया में जाने जाते है और रेलवे तथा प्लेटफॉर्म उनके प्रिय विषय रहे हैं। देश के अनेक स्वनामधन्य विद्वानों के पूरोवाक भी इसमें हैं।

श्री विश्वम्भरनाथ तिवारी की पुस्तक अपने कथ्य, शैली और शोधपरकता से भी विद्वानों को प्रभावित कर रही है। देश में पिछली सदी के दौरान सांस्कृतिक परिवर्तनों पर उनकी पैनी निगाह दर्शाती है कि वास्तव में एकबार जो पत्रकार बन जाए, उसकी दृष्टि में पत्रकारिता हमेशा के लिए बस जाती है। रेलवे की अपनी नौकरी के में बाद भी उनकी लेखन एवं अवलोकन और विश्लेषण क्षमता वैसी ही रही। आर्यावर्त की गौरवशाली आर्य परंपरा के प्रति श्रद्धा का भाव रखने वाले विश्वंभर नाथ तिवारी जीवन भर सक्रिय आर्य समाजी रहे।

मन में ऊर्जा का स्फूरण पैदा करने जैसी अनुभूति

मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी के निदेशक श्री विकास दवे ने पुस्तक पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि श्री विश्वम्भरनाथ तिवारी जी द्वारा रचित पुस्तक “आर्यावर्त से इंडिया बरास्ते भारत” को पढ़ना मानो अपनी जड़ों से जुड़ने और मन में ऊर्जा का स्फूरण पैदा करने जैसी अनुभूति देता है। आज जबकि कृत्रिम जीवन शैली ने मनुष्य की अवस्था को समेटते-समेटते 100 वर्ष से 60 वर्ष तक लाकर खड़ा कर दिया है, इतना ही नहीं तो 35 – 40 वर्ष की अवस्था से ही भिन्न-भिन्न रोगों से ग्रस्त होकर शेष 25-30 वर्ष का जीवन जीने वाले लोग युवा अवस्था से ही निराशा के गर्त में डूबते चले जाते हैं। ऐसे में शताधिक वय को प्राप्त करना प्रकृति को तो चुनौती है ही, आधुनिक जीवन शैली के अभिशाप में उलझी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्पद संदेश भी है।

तार्किक और सप्रमाणिक लिखने की शैली अत्यंत प्रभावी

प्रयागराज के सुपरिचित साहित्यकार रविनंदन सिंह ने कहा कि आज जब मनुष्य किताबों, पठन-पाठन से दूर होता जा रहा है, ऐसे में विभिन्न ग्रंथों का गहन अध्ययन, उनका तुलनात्मक विश्लेषण और उसमें से कुछ गूढ़ खोजना, निःसंदेह श्री तिवारी जी की दुर्लभ उपलब्धि है। उनका चिंतन और विचारधारा स्वतंत्र है और किसी भी संस्था या परम्परा का अंधानुकरण नहीं करती। वे अपने अध्ययन, चिंतन और मनन से जो महसूस करते उसे पूरी ईमानदारी और बेबाकी से अभिव्यक्त करते रहे। उनकी तार्किक और सप्रमाणिक लिखने की शैली अत्यंत प्रभावी है।

लेखन में राष्ट्र प्रेम, धर्म के प्रति निष्ठा और संस्कृति के प्रति लगाव

श्री मध्यभारत हिन्दी साहित्य समिति के साहित्य मंत्री श्री हरेराम बाजपेयी ने कहा कि उनका अध्ययन बहुत गहन रहा और उनके लेखन में राष्ट्र प्रेम, धर्म के प्रति निष्ठा और संस्कृति के प्रति लगाव स्पष्ट परिलक्षित होता है। तिवारी जी की लेखन शैली एवं सोचने का तरीका एकदम युवा समदृश्य रहा। यह शब्दों की ताक़त है, जो उन्हें ऊर्जा, ऊष्मा और ऊँचाइयाँ देती रही। उनके लेखन में वे किसी बालक की तरह जिज्ञासु नज़र आते हैं, किसी नवयुवक की तरह अध्यवसायी और किसी प्रौढ़ – बुज़ुर्ग की तरह विश्लेषण क्षमता से भरे। (सप्रेस)

Table of Contents

नीले धुएँ की धरती : ‘ग्रेट स्मोकी माउंटेन्स’

समाज और सरकार चाहे तो पर्यावरण को पुनर्जीवित किया जा सकता है। इसका एक बेहतरीन उदाहरण अमरीका के टेनेसी और नार्थ कैरोलीना राज्यों की सीमाओं से लगा ‘ग्रेट स्मोकी माउंटेन्स’ है। करीब सौ साल पहले कानून बनाकर प्रकृति को उसके

Read More »

पर्यावरण संरक्षण : केवल पौधारोपण नहीं, जीवनशैली में बदलाव भी जरूरी

विश्व पर्यावरण दिवस केवल पौधे लगाने का संदेश नहीं देता, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने का आह्वान करता है। जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग, प्रदूषण नियंत्रण, जैविक खेती और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपभोग जैसे छोटे-छोटे प्रयास

Read More »

World Environment Day : पर्यावरण संरक्षण पर टिका है भविष्य

पर्यावरण संरक्षण और संतुलन का प्रश्न आज पूरी मानवता के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन ने पृथ्वी के पारिस्थितिक संतुलन को गंभीर रूप से प्रभावित

Read More »