समाचार

लक्ष्मण सिंह सर्व सेवा संघ के नये महामंत्री, दो अन्‍य मंत्रियों की नियुक्ति

सेवाग्राम : सर्व सेवा संघ (अ.भा.सर्वोदय मंडल) के अध्यक्ष महादेव विद्रोही ने अभिभाषक लक्ष्मण सिंह,फर्रुखाबाद (उ.प्र.) को सर्व सेवा संघ का महामंत्री नियुक्त किया है। वर्तमान में लक्ष्मण सिंह उत्तर प्रदेश सर्वोदय मंडल के उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने सार्वजनिक महत्व के अनेक मुद्दों जैसे भूमिहीनों में भूमि का आवंटन, गन्ना किसानों के बकाया राशि का भुगतान, विधवाओं एवं विकलांगों को पेन्शन दिलवाने, गौशाला संरक्षण, फर्रुखाबाद में विद्युत शवदाह गृह की स्थापना, खादी भंडार को नीलामी से बचाने जैसे अनेक मुद्दों पर आन्दोलन किये हैं। 

इसके अलावा प्रो.आनंद किशोर (सीतामढ़ी, बिहार) तथा चंद्रकांत चौधरी (भुसावल, महाराष्ट्र) को सर्व सेवा संघ का मंत्री नियुक्त किया गया है। ज्ञातव्‍य है कि प्रो.आनंद किशोर डॉ.भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के प्राध्यापक रहे हैं। वे पिछले अनेक दशकों से पत्रकारिता एवं सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। उन्होंने जेपी आन्दोलन में सक्रियता के साथ भाग लिया। उन्होंने किसानों के मुद्दों पर कई आन्दोलन एवं सत्याग्रह किये हैं। वे पीपुल्स युनियन फॉर सिविल लिबर्टीज के बिहार के उपाध्यक्ष हैं। अ.भा.किसान संघर्ष समन्वय समिति तथा संयुक्त किसान संघर्ष मोर्चा में भी वे अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।

चंद्रकांत चौधरी महाराष्ट्र सर्वोदय मंडल के महामंत्री हैं। उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण द्वारा स्थापित छात्र युवा संघर्ष वाहिनी से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की। उन्होंने समाज के वंचित एवं उपेक्षित लोगों को न्याय और उनका हक दिलाने के लिये अनेक महत्वपूर्ण लड़ाइयां लड़ी हैं। झुग्गी झोपड़ी में रहनेवाले लोगों की समस्याओं, छोटे बच्चों की शिक्षा, रेलवे के कुलियों और वेंडरों का संगठन, रिक्षा चालकों का युनियन, विस्थापितों के पुर्नवास जैसे अनेक महत्वपूर्ण संघर्षों में अग्रणी रहे हैं। मेधा पाटकर के नेतृत्व में जन-आन्दोलनों के राष्ट्रीय समन्वय समिति में भी अपनी प्रमुख भूमिका निभा रहे है।

उक्‍त जानकारी सर्व सेवा संघ के कार्यालय मंत्री प्रशांत गुजर ने एक प्रेस विज्ञप्ति में दी है।

जुड़ें - हमारे व्हाट्सएप चैनल से

सप्रेस मीडिया - नवीनतम आलेख, रिपोर्ट, समाचार अपडेट सीधे अपने व्हाट्सएप पर प्राप्त करें।

व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें →

निष्पक्ष पत्रकारिता का समर्थन करें

आज के दौर में निष्पक्ष, स्वतंत्र और जन-सरोकार की पत्रकारिता को जीवित रखना बड़ी चुनौती है। विज्ञापनदाताओं और कॉर्पोरेट के दबाव से मुक्त होकर आप तक सही और सटीक खबरें पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। हमारी स्वतंत्रता को बनाए रखने के लिए आपके आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। आपकी दी हुई छोटी-सी सहयोग राशि हमें सच्ची पत्रकारिता करते रहने का संबल देगी।

सहयोग राशि →

नवीन आलेख