अंतर्राष्‍ट्रीय : अफगानिस्तान से भागना कोई हल नहीं है !

कुमार प्रशांत

अभी पिछले हफ्ते अफगानिस्तान में लडकियों के एक स्कूल के पास हुआ बम विस्फोट, जिसमें करीब पचास लोगों की जानें गई थीं, उन अनेक गंभीर वारदातों में से एक है जो अमरीकी सैनिकों की वापसी की घोषणा के बाद लगातार हो रही हैं। आखिर अफगानिस्तान से अमरीकी सैनिकों की विदाई के क्या निहितार्थ हैं?

अंतरराष्ट्रीय राजनीति की बिसात पर अमरीका आज जैसा घिरा है वैसा शायद पहले कभी नहीं था। राष्ट्रपति जो बाइडन इस बिसात पर जो भी चाल चलने की सोचते हैं वहीं सीधी मात सामने दिखाई देती है। शक्ति की शतरंज पर बेबस अमरीका ! बाइडन का चुनावी नारा था – ‘लौट रहा है अमरीका !’ वे कहना चाहते थे कि राष्ट्रपति ट्रंप ने अमरीका को जिस परिस्थिति में डाल रखा है, वे वहां से उसे वापस विश्व रंगमंच पर स्थापित करेंगे। यह चुनावी नारा तो अच्छा था, लेकिन इसे करना इतना मुश्किल होगा, बाइडन को संभवत: इसका इल्म नहीं था।  

अफगानिस्तान आज उन्हें इस कठोर वास्तविकता से रू-ब-रू करवा रहा है। अभी-अभी उन्होंने घोषणा की है कि 11 सितंबर 2021 तक अमरीकी फौजें अफगानिस्तान से पूरी तरह निकल आएंगी। ‘आका’ बनने और बने रहने की अमरीकी विदेश-नीति का यह वह दमतोड़ बोझ है जिसकी कहानी कोई 32 साल पहले, 1989 में लिखी गई थी। सन् 1978 में अमरीकी कठपुतली दाउद खान की सरकार का तख्ता वामपंथी फौजी नूर मुहम्मद तराकी ने पलटा था और सत्ता हथिया ली थी। इसी वामपंथी सरकार की रक्षा के नाम पर रूस अफगानिस्तान में दाखिल हुआ था।

अफगानिस्तान में रूसी प्रवेश अमरीका को क्यों कर बर्दाश्त होता। उसने स्थानीय कबीलों को भड़काकर तराकी व सोवियत संघ दोनों के लिए मुसीबत खड़ी करनी शुरू की। मामला बिगड़ा और बाजी हाथ से निकलती देख तत्कालीन सोवियत संघ ने 24 दिसंबर 1979 की रात में 30 हजार फौजियों के साथ अफगानिस्तान पर हमला बोल दिया और हफिजुल्ला अमीन की सरकार को बर्खास्त कर बबराक कर्माल को गद्दी पर बिठा दिया। कठपुतलियां नचाने का अमरीकी खेल अब तथाकथित वामपंथियों ने खेलना शुरू किया, लेकिन जितना भी नचाओ, कठपुतलियां तो कठपुतलियां ही रहती हैं, भरतनाट्यम की उस्ताद नहीं बन जातीं।

See also  बाइडन को भूलिए, इस 9/11 पर मोदी जी का संकल्प क्या है?

सन् 1989 तक रूसी कठपुतलियां नचा सके, लेकिन अमरीकी धन, छल और हथियारों की शह पर खड़े हुए कट्टर खूनी कबीलों के संगठन, इस्लामी धर्मांध मुजाहिदीन लड़ाकों ने उसे असहाय करना शुरू कर दिया। अमरीका का पिछलग्गू पाकिस्तान मुजाहिदीनों की पीठ पर था। पराजय के घूंट पीकर सोवियत संघ तब अफगानिस्तान से जो विदा हुआ तो फिर उसने इधर का मुंह भी नहीं किया। अब अमरीकी वहां कठपुतलियां नचाने लगे, लेकिन हुआ यह कि इतने लंबे अनुभवों के बाद कठपुतलियों ने नाचना नहीं, नचाना भी सीख लिया था। असंगठित कबीलों और भाड़े के हत्यारों को अलकायदा और तालिबान की छतरी के नीचे जमा होता देख अमरीका ने अपनी फौजी उपस्थिति बढ़ानी शुरू की और फिर एक ऐसा युद्ध शुरू हुआ जिसमें लाशें तो थीं, गिनने वाला कोई नहीं था।  

अमरीका ने अफगानिस्तान में अपनी उपस्थिति के औचित्य में कहा था कि हमें अफगानिस्तान को एक ऐसा स्थिर व लोकतांत्रिक देश बना देना है जो अलकायदा व तालिबान के दवाब में काम न करता हो। ऐसा कहते हुए अमरीका ने इसे अनदेखा कर दिया कि ऐसा स्वतंत्र अफगानिस्तान अमरीकी दवाब से भी मुक्ति चाहेगा ! लेकिन अमरीकी समाज इसकी अनदेखी कैसे कर सकता था कि उसके वर्दीधारी बच्चे रोज-रोज अफगानिस्तान में मारे जा रहे हैं ! अमरीकी युवाओं की लाशें, युद्ध का लगातार बढ़ता आर्थिक बोझ और दिनों-दिन गाढ़ी होती आर्थिक मंदी अमरीकी राष्ट्रपतियों को मजबूर करती जा रही थी कि वे अफगानिस्तान से वैसे ही निकल आएं जैसे सोवियत संघ निकला था। चक्रव्यूह में प्रवेश से भी कहीं जटिल होता है, उससे बाहर निकलना।  यह बात जान देकर महाभारत के अभिमन्यु ने सीखी थी, जान पर बन आने पर अमरीका ने भी समझी।            

See also  आज का अफगानिस्तान दुनिया के हर लोकतांत्रिक नागरिक के लिए शर्म का विषय है

बाइडन अफगानिस्तान में अमरीकी फौजों की उपस्थिति के कटु आलोचक रहे हैं और वहां चल रहे युद्ध को ‘अंतहीन युद्ध’ कहते रहे हैं। जब वे राष्ट्रपति ओबामा के उपराष्ट्रपति थे तब भी हर संभव मौके पर वे अमरीकी वापसी की पैरवी करते रहे थे। यह राष्ट्रपति ओबामा की स्वीकृति व सहमति के बिना नहीं होता था। ओबामा चाहते थे कि अफगानिस्तान से अमरीका की वापसी का श्रेय उन्हें मिले, लेकिन ऐसा कोई मौका वे बना नहीं सके। सबसे नायाब मौका उन्हें मिला था 2011 में, जब पाकिस्तान के एटाबाबाद शहर में घुसकर अमरीकी सैनिकों ने ओसामा बिन लादेन को मार डाला था और उसकी लाश समुद्र में दफन कर अमरीका लौटे थे। तब ‘व्हाइट हाउस’ के वाररूम में बैठकर इस पूरे अभियान का जीवंत नजारा ओबामा ने देखा था।

यह वह क्षण था जब वे दुनिया से कह सकते थे कि अफगानिस्तान में अमरीकी उपस्थिति का एक अध्याय पूरा हुआ और अब हम अपनी फौज वहां से हटा रहे हैं। यह विजयी अमरीका का ऐसा निर्णय होता जिसे अमरीकी शर्तों पर अलकायदा, तालिबान, अफगानिस्तान सरकार और लोमड़ी जैसी चालाकी दिखाता पाकिस्तान भी स्वीकार करता। जीत का स्वाद और जीत का तेवर अलग ही होता है, लेकिन यह नाजुक फैसला लेने से ओबामा हिचक गये। इतिहास आखिर कब दूसरा मौका देता है कि ओबामा को देता ! हाथ मलते हुए वे विदा हुए।

अब बाइडन अफगानिस्तान के ‘अंतहीन युद्ध’ का अंत करना अपनी नैतिक जिम्मेवारी मानते हों तो स्वाभाविक ही है। अब वे फैसला करने वाली कुर्सी पर बैठे हैं तो उन्हें वह फैसला करना ही चाहिए जिसकी वे अब तक पैरवी करते रहे हैं, लेकिन राजनीति का सच यह है कि आप जो कहते हैं वह कर भी सकते हैं, यह न जरूरी है, न शक्य ! अफगानिस्तान से अमरीकी फौजों की वापसी का आज एक ही मतलब होगा – भयंकर खूनी गृहयुद्ध, इस्लामी अंधता में मतवाले तालिबान का आधिपत्य और पाकिस्तानी स्वार्थ का बोलबाला। यह अमरीकी कूटनीति की शर्मनाक विफलता, अमरीकी फौजी नेतृत्व के नकारापन की घोषणा और एशियाई मामलों से सदा के लिए हाथ धो लेने की विवशता को कबूल करना होगा। यह बहुत बड़ी कीमत होगी।   

See also  बेहूदे विकास से उपजे भूकंप 

इसलिए 11 सितंबर से पहले अमरीका को अपनी पूरी ताकत लगाकर अफगानिस्तान के सभी पक्षों को एक टेबल पर लाना होगा। सामरिक विफलता को कूटनीतिक सफलता में बदलने का एकमात्र यही रास्ता है। कितना भी टेढ़ा लगता हो, लेकिन करीब तीन हजार अमरीकी व ‘नाटो संधि’ के कोई सात हजार सैनिकों की उपस्थिति में ही अफगानिस्तान में एक मिली-जुली सरकार का गठन हो यह जरूरी है। यह सरकार भले लूली-लंगड़ी भी हो, बार-बार टूटती-बिखरती भी हो, लेकिन उसका बनना एक ऐसी राजनीतिक प्रक्रिया को जन्म देगा जिससे अफगानी समाज आज बहुत कम परिचित है। अफगानिस्तान को अफगानी लोकतंत्र का यह स्वाद चखने देना चाहिए।

तालिबान अभी जिस हालत में है उसमें ऐसा करना आसान नहीं है, लेकिन अफगानिस्तान के दूसरे सारे कबीलों को साथ लेने की अमरीकी कुशलता तालिबान पर भारी पड़ेगी। यहीं अमरीका को हमारी जरूरत भी पड़ेगी। हमें आगे बढ़कर अमरीकी कूटनीति में हिस्सेदारी करनी चाहिए, ताकि पाकिस्तान को खुला मैदान न मिल सके। हिस्सेदारी व पिछलग्गूपन में क्या फर्क है, यह बताने की जरूरत है। अफगानी लोगों को अफगानिस्तान के मामले में पहल करने का जितना मौका दिया जा सकेगा, अतिवादी ताकतें उतना ही पीछे हटेंगी। लोग भयभीत हों तथा चुप रहें, अतिवादी इसी की फसल काटते हैं। बाइडन यह समझें और यह भी समझें कि लोकतंत्र का संरक्षण और विकास थानेदारी से नहीं, भागीदारी से ही हो सकता है। अमरीका को अफगानिस्तान से निकलना ही चाहिए, लेकिन भागना नहीं चाहिए। (सप्रेस)

Table of Contents

सागर से अंतरिक्ष तक : रक्षा विमर्श को नई दिशा देती शोधपरक कृति

भारत की सुरक्षा, संप्रभुता और वैश्विक प्रतिष्ठा से जुड़ा रक्षा विमर्श केवल सैन्य शक्ति का वर्णन नहीं, बल्कि राष्ट्र की सामरिक चेतना का दर्पण होता है। ऐसे समय में वरिष्ठ पत्रकार योगेश कुमार गोयल की पुस्तक ‘सागर से अंतरिक्ष तक:

Read More »

अपने जैसा ‘एआई’

‘आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस’ उर्फ ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ के कसीदे बांचते हुए हम अक्सर इस मामूली सी बात को भूल जाते हैं कि ‘एआई’ आखिरकार एक व्यक्ति और समाज की तरह हमारा ही प्रतिरूप है। यानि हम उस मशीन में जैसा और जितना

Read More »

मध्यप्रदेश का बजट : ग्रीन फ्रेमवर्क का दावा, जलवायु संकट की अनदेखी

हाल के मध्यप्रदेश के बजट में तरह-तरह की लोक-लुभावन घोषणाओं के बावजूद पर्यावरण-प्रदूषण से निपटने की कोई तजबीज जाहिर नहीं हुई है। यहां तक कि पर्यावरण के लिए आवंटित राशि भी पिछले साल के मुकाबले घटा दी गई है। आखिर

Read More »