सामयिक : ऐसे नहीं चलते देश !

लेखक की फोटो

आसपास के सभी पड़ौसी देशों के साथ तनाव हमें कैसी वैश्विक परिस्थितियों में ले जा रहा है? और क्या यह बढ़ता तनाव हमारी बचकानी हरकतों के चलते नहीं बन रहा है? प्रस्तुत है, हाल में बांग्लादेश के एक क्रिकेट खिलाड़ी को लेकर हुई बेहूदी उछल-कूद के बहाने हमारी विदेश और कूटनीति की प्रेरणा द्वारा की गई समीक्षा।


जब हम बच्चे थे, तब हमें एक कहानी सुनाई जाती थी—बहुत साधारण, बहुत मानवीय। कहानी थी, दो बच्चों की, जो खेलते-खेलते लड़ पड़े। दोनों पड़ोसी थे, उनके परिवार, दोस्त भी थे। शाम को दोनों के पिता घर लौटे और अलग-अलग ‘अदालतों’ में सुनवाई हुई। दोनों बच्चों ने अपनी-अपनी कहानी सुनाई। धीरे-धीरे बात बच्चों से निकलकर पिताओं तक पहुँची और फिर अपने-अपने ‘सचिन तेंदुलकरों’ को लेकर दोनों घरों में बोलचाल बंद हो गया।

विडंबना यह थी कि दोनों परिवार पड़ोसी थे, दोस्त थे और माताओं ने मिलकर छोटा-मोटा कारोबार भी शुरू कर रखा था। अब धर्म-संकट खड़ा हो गया—रोज़ का नुकसान, मानसिक तनाव अलग। कुछ ही दिनों में बच्चे अपना झगड़ा भूल गए और फिर साथ खेलने लगे। तब माता-पिताओं को अपनी मूर्खता समझ आई—बच्चों का झगड़ा सुलझाने के बजाय वे खुद उसमें उलझ गए और अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली।

इस कहानी की सीख साफ़ थी—झगड़े बातचीत से सुलझाने चाहिए, ख़ासकर तब, जब आप एक ही घर में रहते हों या पड़ोसी हों, क्योंकि ऐसे रिश्ते चुने नहीं जाते, बने-बनाए मिलते हैं, लेकिन आज के हालात अलग हैं। सत्ता के नशे में चूर लोग न समझना चाहते हैं, न समझाए जा सकते हैं—ख़ासकर उन्हें, जो खुद को अवतार समझ बैठे हैं। अब आप कहेंगे, इसमें नया क्या है? नया कुछ नहीं—बस क्रिकेट हो गया।

‘इंडियन प्रीमियर लीग’ यानि ‘आईपीएल’ नामक एक बेहद बाज़ारू खेल हर साल होता है। करोड़ों की बोली, करोड़ों का जुआ। सब जानते हैं, फिर भी सब उसमें डूबे हैं। इसी दौरान फ़िल्मी अभिनेता शाहरुख़ ख़ान ने अपनी ‘कोलकाता नाइट राइडर्स’ टीम के लिए बांग्लादेश के एक खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को ख़रीद लिया। हां, ख़रीद लिया मेरी भाषा ख़राब नहीं है।

See also  गलतियों का हिमालय : जनता को तो अहसास होना ही चाहिए

बस फिर क्या था। कहीं से कोई बिगड़ा हुआ, नादान परिवार का नादान बच्चा आया और धर्म को खेल में घसीट लाया। धर्म का खेला आना ही था क्योंकि बंगाल में करोड़ों के चुनाव जो आने वाले हैं। पड़ौसियों में ठन गई। शाहरुख़ ख़ान ने खिलाड़ी को टीम से हटा दिया। जवाब में बांग्लादेश ने कह दिया कि भारत और श्रीलंका में होने वाला ‘टी-20 वर्ल्ड कप’ भारत में नहीं खेलेगा और बांग्लादेश में मैचों का प्रसारण भी नहीं होगा!

जब से भाजपा सरकार आई है, भारत पाकिस्तान क्रिकेट खेलने नहीं जाता। जवाब में पड़ोसी हमारे यहां नहीं आते। अब दूसरे पड़ौसी से भी झगड़ा कर लिया, तो उन्होंने भी आने से मना कर दिया। अब क्या? अब तो सरकार ही जाने। मोटा-मोटा समझ यही आता है कि भारत सरकार को फिर वही पुरानी कूटनीति अपनानी पड़ेगी—लगा तो तीर, नहीं तो तुक्का। कह दिया जाएगा कि यह सरकार की नीति नहीं है, शाहरुख़ ख़ान अपने खिलाड़ी को खिला सकते हैं, ‘टी-20 वर्ल्ड कप’ हो सकता है। आख़िरकार—बाप बड़ा न भैया, सबसे बड़ा रुपैया।

क्रिकेट, उससे होने वाली कमाई और क्रिकेट के नशे में सब कुछ भूल जाने वाला देश—सब कुछ दाँव पर लगा है। सिर्फ़ इसलिए कि किसी शाहरुख़ ख़ान से नाक रगड़वाई जा सके। भाजपा सरकार यह भी जानती है कि जब अमेरिका भारत के निर्यात पर बंदिशें लगा रहा है, तब यह खेल बहुत महंगा पड़ सकता है। बांग्लादेश भारत का आधे से ज़्यादा सूती यार्न ख़रीदता है। तिलहन की खली सबसे ज़्यादा, मसालों में तीसरे स्थान पर और चावल, शक्कर, खनिज, ईंधन एवं पेट्रोलियम उत्पाद, वाहन एवं मशीनरी—इन सबमें बांग्लादेश भारत के टॉप-टेन निर्यात बाज़ारों में है।

See also  गलतियों का हिमालय : जनता को तो अहसास होना ही चाहिए

लेकिन हमारे नेताओं और उनके पिछलग्गुओं को लगता है कि दुनिया दादागिरी से चलती है। जैसे रास्ते के गुंडे-मवाली गाली-गलौच, तोड़फोड़ और धमकी से काम निकालते हैं—ताकि कोई शाहरुख़ ख़ान डर जाए और कोई सुधा मूर्ति माफ़ी माँग ले। इनसे सवाल कौन पूछे?

जिस बांग्लादेश में हिंदुओं की मॉब लिंचिंग पर भाजपा और उसके भगत आग-बबूला हैं, उसी बांग्लादेश की शेख़ हसीना को भारत सरकार ने शरण दे रखी है—जिनके सोलह साल के शासन में हिंदुओं पर हमले हुए, मंदिर टूटे और लोग मारे गए।

अपने ही देश के मुसलमानों के प्रति अंधी और उग्र नफ़रत में डूबा समाज यह समझने से इनकार कर रहा है कि वह किस दिशा में धकेला जा रहा है। यह नफ़रत सिर्फ़ भीतर की एकता नहीं तोड़ती, बल्कि बांग्लादेश-पाकिस्तान-चीन जैसे देशों के बीच एक खतरनाक सामरिक मेल को भी मज़बूत करती है—जिसके सामने घरेलू शेख़ी और मर्दानगी के नारे बेमानी साबित होंगे। आज की दुनिया नैतिकता से नहीं, ताक़त से चल रही है। अमेरिका वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति को उठा लेता है। इसराइल ग़ाज़ा को मलबे में बदल देता है। रूस यूक्रेन को कुचल रहा है। न क़ानून बचा है, न नियम, न मानवता—सिर्फ़ ताक़त की भाषा।

इसी माहौल में यहां ताल ठोंककर कहा जाता है कि ‘पाक अधिकृत कश्मीर’ (पीओके) को वापस ले आएँगे, लेकिन अगर कल यही तिकड़ी लद्दाख, अरुणाचल या उत्तर-पूर्व को जोड़ने वाले नाज़ुक सिलीगुड़ी—‘चिकन नेक’  कॉरिडोर को निशाना बनाती है, तो भारत के पक्ष में कौन खड़ा होगा?

जिस राष्ट्र ने नैतिकता को कमज़ोरी समझकर त्याग दिया हो, उसके लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन एक भ्रम से ज़्यादा कुछ नहीं होता। जो समाज अपने ही अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर चुप रहता है, उसकी पुकार पर दुनिया क्यों बोलेगी?

See also  गलतियों का हिमालय : जनता को तो अहसास होना ही चाहिए

नफ़रत की राजनीति सिर्फ़ सामाजिक ताना-बाना नहीं तोड़ती—वह देश को कूटनीतिक, नैतिक और सामरिक रूप से भी अकेला छोड़ देती है। ऐसे समय में दुनिया के किसी कोने में कोई जोहरान ममदानी खड़ा होता है और नैतिकता का आइना दिखाता है। 2026 में भारतीय मूल के जोहरान ममदानी अमेरिका और दुनिया की आर्थिक राजधानी के पहले मुसलमान मेयर बने। उन्हें हराने में अमेरिकी सरकार और न्यूयॉर्क की सारी पूंजी झोंक दी गई।

अलबत्ता, ग़ाज़ा पर इसराइल के हमले का कड़ा विरोध करने के बावजूद न्यूयॉर्क के यहूदियों ने बड़ी संख्या में ममदानी को वोट दिया। मोदी सरकार की आलोचना के बावजूद भारतीयों ने समर्थन दिया। ग़लत को ग़लत कहने की हिम्मत दिखाई तो गोरे-काले-पीले हर रंग के लोग एक लाख से भी बड़ी कार्यकर्ता फ़ौज बन गए और उन्हें अभूतपूर्व जीत दिलाई। वे बेख़ौफ़ कहते रहे—अगर आप लोकतंत्र हैं, तो आपका वजूद आम लोगों की वजह से है।

जनता के वोट और नोट से बनी सरकार का कोई काम कुछ उद्योगपतियों या ग़ैर-क़ानूनी लोगों के लिए नहीं हो सकता। सरकार को हर काम जनता के लिए करना होगा—और इसमें कोई धर्म, जात या राष्ट्रीयता आड़े नहीं आ सकती। एक बार फिर यह सिद्ध हुआ कि नैतिकता, प्रेम और सच्चाई किसी भी सरकार, हथियार या पूंजी से बड़ी होती है, लेकिन जो परिवार यह कहे कि भाई-चारे जैसा कोई शब्द ही शब्दकोष में नहीं—उसे कौन समझाए कि ऐसे देश नहीं चलते और न ही दुनिया चलती है! (सप्रेस)

Table of Contents

सागर से अंतरिक्ष तक : रक्षा विमर्श को नई दिशा देती शोधपरक कृति

भारत की सुरक्षा, संप्रभुता और वैश्विक प्रतिष्ठा से जुड़ा रक्षा विमर्श केवल सैन्य शक्ति का वर्णन नहीं, बल्कि राष्ट्र की सामरिक चेतना का दर्पण होता है। ऐसे समय में वरिष्ठ पत्रकार योगेश कुमार गोयल की पुस्तक ‘सागर से अंतरिक्ष तक:

Read More »

अपने जैसा ‘एआई’

‘आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस’ उर्फ ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ के कसीदे बांचते हुए हम अक्सर इस मामूली सी बात को भूल जाते हैं कि ‘एआई’ आखिरकार एक व्यक्ति और समाज की तरह हमारा ही प्रतिरूप है। यानि हम उस मशीन में जैसा और जितना

Read More »

मध्यप्रदेश का बजट : ग्रीन फ्रेमवर्क का दावा, जलवायु संकट की अनदेखी

हाल के मध्यप्रदेश के बजट में तरह-तरह की लोक-लुभावन घोषणाओं के बावजूद पर्यावरण-प्रदूषण से निपटने की कोई तजबीज जाहिर नहीं हुई है। यहां तक कि पर्यावरण के लिए आवंटित राशि भी पिछले साल के मुकाबले घटा दी गई है। आखिर

Read More »