इंदौर की संस्था नई शुरूआत की साझेदारी से मिलेगा घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं को समुचित सहारा

फतेहगढ़ साहिब, 28 मई | घरेलू हिंसा की शिकार महिलाओं को तत्काल सहायता और परामर्श देने के उद्देश्य से ‘सांझ राहत परियोजना’ का तीसरा केंद्र आज फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल में प्रारंभ हुआ। इस परियोजना को पंजाब पुलिस और इंदौर स्थित सामाजिक संस्था ‘नई शुरुआत’ की साझेदारी में संचालित किया जा रहा है। सांझ राहत परियोजना पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और नागरिक समाज के बीच एक अनूठा सहयोग है। इसका उद्देश्य घरेलू हिंसा की शिकार महिलाओं को आवश्यकतानुसार सहायता प्रदान करने वाले संगठनों और व्यक्तियों का एक नेटवर्क तैयार करना है।
इसी के कडी में ‘सांझ राहत परियोजना’ का तीसरा महत्वपूर्ण केंद्र आज पंजाब राज्य के फतेहगढ़ साहिब के सिविल अस्पताल में प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर पंजाब पुलिस की विशेष महानिदेशक (सामुदायिक एवं महिला मामलों) गुरप्रीत कौर देव ने केंद्र का उद्घाटन किया। उनके साथ नई शुरुआत के ट्रस्टी अमूल्य निधि और फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी श्री शुभम अग्रवाल, आईपीएस भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अशोक कुमार चौहान, सामाजिक सुरक्षा एवं महिला-बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी गुरमीत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. दविंदरजीत कौर, जिला मेडिकल कमिश्नर डॉ. सरिता, और स्वास्थ्य विभाग के एसएमओ डॉ. कन्वलजीत सिंह भी शामिल हुए।
सांझ राहत केंद्र, फतेहगढ़ साहिब में दो परामर्शदाताओं की नियुक्ति की गई है, जो सिविल अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में आने वाली घरेलू हिंसा की शिकार महिलाओं को मनो-सामाजिक, कानूनी एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करेंगे।
पहले दो केंद्रों से मिली सकारात्मक शुरुआत

उल्लेखनीय है कि इस परियोजना की शुरुआत 25 अप्रैल 2024 को पंजाब पुलिस और ‘नई शुरुआत’ के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत हुई थी। यह परियोजना पीड़िताओं को एक हिंसा-रहित जीवन जीने के लिए जरूरी संसाधनों और सेवाओं से जोड़ने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसका पायलट केंद्र एसएएस नगर (मोहाली) के सिविल अस्पताल में स्थापित किया गया था, जहां अब तक 157 से अधिक मामलों में पीड़ित महिलाओं को सहायता दी गई है।
पायलट चरण की सफलता के आधार पर, दूसरा ‘सांझ राहत केंद्र’ 20 मार्च 2025 को लुधियाना स्थित लॉर्ड महावीर सिविल अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में शुरू किया गया। इस केंद्र पर तैनात परामर्शदाताओं ने अब तक घरेलू हिंसा के लगभग 52 मामलों की पहचान कर पीड़ित महिलाओं को सहायता प्रदान की है।

इसके साथ ही, पुलिस विभाग के फ्रंटलाइन अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि वे घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और सहानुभूति से पेश आ सकें और घरेलू हिंसा अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के विभिन्न प्रावधानों की बेहतर समझ विकसित कर सकें।
यह परियोजना एफआईआर दर्ज कराने, मेडिकल उपचार, MLC समन्वय, समय-समय पर फॉलोअप, कानूनी मदद, आश्रय और पुनर्वास तक, समग्र सहयोग प्रणाली उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। इसमें वन स्टॉप सेंटर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, और महिला-बाल विकास विभाग जैसे विभागों से तालमेल स्थापित किया गया है। सांझ राहत केंद्र, फतेहगढ़ साहिब से संपर्क के लिए फोन नंबर: 98773-05719


