गैर-बराबरी में गुम होती, डिजिटल तकनीक

सचिन श्रीवास्तव

अंतरिक्ष की सैर कराने और बिजली की कारें बनाने के धंधे में अव्वल माने गए दुनिया के नंबर एक पूंजीपति एलन मस्क ने हाल में ‘ट्विटर’ के प्रभावी शेयर खरीदकर उस पर अपना सिक्का जमा लिया है। जाहिर है, दुनियाभर के व्यापार-धंधे से लेकर कला-राजनीति तक के तमाम क्षेत्रों में इससे खलबली मची है, लेकिन इससे भारत सरीखे देशों को क्या फर्क पड सकता है? क्या ‘ट्विटर’ समेत अन्य ढेरों ‘सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म’ भीषण गैर-बराबरी में बसी हमारे देश की अधिकांश आबादी को प्रभावित कर पाते हैं?

बीते 8—10 साल से हमारे देश में डिजिटल और इंटरनेट क्रांति का खासा शोर सुनाई दे रहा है। इसी शोर के साथ आंकड़ों के जरिये तकनीक की ताकत और प्रसार का भ्रम रचा जा रहा है। गांव—गांव तक पहुंचते मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया का उदाहरण देकर लगातार यह बताया, समझाया और जताया जा रहा है कि इंटरनेट क्रांति ने सत्ता के पुराने मठ ध्वस्त कर दिए हैं। जनता के हाथों में ताकतवर औजार दे दिया है। इसे हथियार की तरह इस्तेमाल कर किसी भी गैर-बराबरी को चुनौती दी जा सकती है।

ऊपरी तौर पर देखने-सुनने में यह मिठास भरे उत्साही आंकड़े एक ऐसी दुनिया की तस्वीर लगते हैं, जहां हर किस्म की ताकत देश के हर नागरिक, समुदाय और वर्ग के हाथों में आने को आतुर है। जबकि सच्चाई इसके ठीक उलट है। ताकत और संसाधनों की गैर-बराबरी से जूझ रहे हमारे देश में डिजिटल और इंटरनेट क्रांति ने बेहद सफाई से अमीरों, ताकतवरों, संसाधन संपन्न प्रभु वर्ग और गरीब, वंचित, शोषित दुनियाओं के बीच की खाई को बढ़ाया है। 

इसकी शुरुआत करीब बीस साल पहले देश में मोबाइल की आमद के साथ हो गई थी। पाठकों को याद होगा कि 20वीं सदी के आखिरी सालों और 21वीं सदी की शुरुआत में वजनदार मोबाइल फोन रखना स्टेटस सिंबल माना जाता था। इसके बाद दुनिया को मुट्ठी में करने की लालची घोषणा के साथ ‘रिलायंस कंपनी’ के जरिये निजी क्षेत्र ने सूचना क्रांति के साथ कदमताल शुरू की। धीरे-धीरे सूचना संजाल पर निजी क्षेत्र की पकड़ तीखी होती गई। एक जुलाई ’15 को ‘डिजिटल इंडिया मिशन’ की अति-उत्साही सरकारी घोषणा के बाद देश भर में इंटरनेट की पहुंच के आंकड़े सार्वजनिक हैं और ये बताते हैं कि देश में इस वक्त 110 करोड़ आबादी के पास मोबाइल फोन हैं।

See also  पर्यावरण के खतरों से निरंतर आगाह करने में मीडिया की भूमिका महत्‍वपूर्ण

इनमें से भी करीब 60 करोड़ स्मार्ट फोन हैं, जिनके जरिये इंटरनेट तक सीधे आम नागरिक की पहुंच बनी है। ध्यान रहे कि देश की कुल आबादी 135 करोड़ के आसपास है और कई नागरिक एक, दो या तीन सिम का इस्तेमाल भी करते हैं, तो इस तरह अगर स्मार्ट फोन की पहुंच की गणना की जाए तो करीब  80 करोड़ आबादी इन ‘चालाक’ (स्मार्ट) फोनों से निरपेक्ष है। इनमें भी ज्यादातर नागरिक स्मार्ट फोन को महज सोशल मीडिया के चंद चलताऊ वीडियो, गेमिंग और व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी के गलीज मैसेज को फारवर्ड करने में ही इस्तेमाल कर रहे हैं। हालांकि बाजार का काम इससे चल जाता है और अकूत संपत्ति पैदा करने वाला यह क्षेत्र चंद धन्ना सेठों की तिजोरियों में दौलत का अंबार बखूबी लगा देता है। 

इसी क्रम में यह जान लेना जरूरी है कि 2019 में हमारे देश का ‘डिजिटल लैंडिंग मार्केट’ सात लाख करोड़ रुपए का था, जो 2023 में बढ़कर 25 लाख करोड़ रुपए का हो जाएगा। ‘डिजिटल लैंडिंग मार्केट’ उस बाजार को कहते हैं, जिसमें मोबाइल एप के जरिये बैंकिंग लेन-देन, वित्तीय सेवाएं, डिजिटल लोन, इंश्योरेंस आदि काम किए जाते हैं। यह ‘डिजिटल लैंडिंग मार्केट’ नोटबंदी के बाद तेजी से बढ़ा और 2020 के कोरोना-काल में इसमें 87 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। डिजिटल सेवा के बाजार की इस बढ़ोत्तरी को भी इंटरनेट के बढ़ते प्रभाव और उसी अनुपात में बढ़ती खाई से जोड़कर देखा जा सकता है।

2016 में भारत में जहां 8000 साइबर अपराध दर्ज हुए थे, वहीं 2020 में यह बढ़कर 35 हजार से अधिक हो चुके हैं। इन अपराधों से प्रभावित पूंजी का आंकड़ा 11 लाख करोड़ रुपए के आसपास है। यह समझ पाना कोई मुश्किल काम नहीं है कि इन प्रभावितों में ज्यादातर वे ही लोग हैं, जो इंटरनेट की गलियों में नए-नए आए हैं, या फिर उनके पास सूचनाओं, सत्ताओं का कोई खास सहारा नहीं है।

इसे इस तरह समझ सकते हैं कि 2019 में यूपीआई भुगतान के जरिये होने वाले मासिक लेन-देन की कुल संख्या 115 करोड़ थी, जो 2021 में बढ़कर 400 करोड़ हो गई। ये मासिक ट्रांजेक्शन असल में महज 11 करोड़ मोबाइल फोन से हुए हैं। इनमें से जब 50 हजार से एक लाख रूपये तक के ट्रांजेक्शन की बात करते हैं, तो यह गिरकर एक करोड़ के आसपास रह जाते हैं। यानी ‘डिजिटल लैंडिंग मार्केट’ में महज 0.7 प्रतिशत भारतीयों की हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक की है। इस बाजार की हकीकत यह है कि 47 करोड़ स्मार्ट फोन यूजर्स में से महज 40 प्रतिशत डिजिटल लेन-देन में खुद को सहज महसूस करते हैं।

See also  Baxwaha: प्राकृतिक संसाधन की लूट और विरोध के बीच पिसता ग्रामीण समाज

इस तस्वीर का एक पहलू यह भी है कि इंटरनेट फ्राड के जरिये नागरिकों को लूटने की घटनाओं में भी इस दौर में खासा इजाफा हुआ है। 2016 में भारत में जहां 8000 साइबर अपराध दर्ज हुए थे, वहीं 2020 में यह बढ़कर 35 हजार से अधिक हो चुके हैं। इन अपराधों से प्रभावित पूंजी का आंकड़ा 11 लाख करोड़ रुपए के आसपास है। यह समझ पाना कोई मुश्किल काम नहीं है कि इन प्रभावितों में ज्यादातर वे ही लोग हैं, जो इंटरनेट की गलियों में नए-नए आए हैं, या फिर उनके पास सूचनाओं, सत्ताओं का कोई खास सहारा नहीं है। 

दिक्कत यही है कि डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की पहुंच के सहारे गरीब, कमजोरों को लूटने की साजिशों ने भी नए आकार लेना शुरू कर दिया है। एक सामान्य इंटरनेट यूजर के लिए तेजी से बदलते दृश्यों और रंग-बिरंगे क्लिक के बीच ठगने की कलाओं का बड़ा जाल मौजूद है। इंटरनेट की पहुंच के मामले में भी यह गैर-बराबरी साफ झलकती है। बीते दिनों में इंटरनेट उपयोगकर्ता कई गुना बढ़े हैं, यह एक सच्चाई है। एक मीडिया सर्वेक्षण के मुताबिक, भारत में 61 प्रतिशत घरों ने 2021 में इंटरनेट का उपयोग किया, जबकि 2017 में यह केवल 21 प्रतिशत था।

यहां याद रखना चाहिए कि देश की 39 प्रतिशत सबसे गरीब आबादी इंटरनेट के दायरे से बाहर है और जो 61 प्रतिशत इंटरनेट का इस्तेमाल कर रहे हैं, उनमें से भी 40 प्रतिशत से अधिक आबादी तकनीकी रूप से बेहद अक्षम है। यह आबादी बमुश्किल सोशल मीडिया के सामान्य एप्स के जरिये खुद को वर्चुअल दुनिया के किसी अनाम कोने में खड़ी होकर चमकीली दुनिया की तड़क-भड़क से प्रभावित होकर अपने जमीनी सवालों से दूर होकर यथार्थ और भ्रम के बीच झूल रही है। 

See also  Independence day 2025 : कुहासे में लोकतंत्र

कोरोना काल ने ऑनलाइन यूजर्स की संख्या में इजाफा किया है। 2020 में जहां आठ करोड़ लोग आनलाइन दुनिया में अपनी जगह तलाश रहे थे, वो 2021 में बढ़कर 13 करोड़ हो गए। इनकी तलाश और इस्तेमाल के तौर-तरीकों पर बात न भी करें तो भी साफ हो जाता है कि 122 करोड़ से ज्यादा आबादी अभी आनलाइन दुनिया से दूर है।(सप्रेस)

Table of Contents

सागर से अंतरिक्ष तक : रक्षा विमर्श को नई दिशा देती शोधपरक कृति

भारत की सुरक्षा, संप्रभुता और वैश्विक प्रतिष्ठा से जुड़ा रक्षा विमर्श केवल सैन्य शक्ति का वर्णन नहीं, बल्कि राष्ट्र की सामरिक चेतना का दर्पण होता है। ऐसे समय में वरिष्ठ पत्रकार योगेश कुमार गोयल की पुस्तक ‘सागर से अंतरिक्ष तक:

Read More »

अपने जैसा ‘एआई’

‘आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस’ उर्फ ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ के कसीदे बांचते हुए हम अक्सर इस मामूली सी बात को भूल जाते हैं कि ‘एआई’ आखिरकार एक व्यक्ति और समाज की तरह हमारा ही प्रतिरूप है। यानि हम उस मशीन में जैसा और जितना

Read More »

मध्यप्रदेश का बजट : ग्रीन फ्रेमवर्क का दावा, जलवायु संकट की अनदेखी

हाल के मध्यप्रदेश के बजट में तरह-तरह की लोक-लुभावन घोषणाओं के बावजूद पर्यावरण-प्रदूषण से निपटने की कोई तजबीज जाहिर नहीं हुई है। यहां तक कि पर्यावरण के लिए आवंटित राशि भी पिछले साल के मुकाबले घटा दी गई है। आखिर

Read More »