महिलाओं, बच्चों को जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव से बचाना जरूरी 

अमिताभ पाण्डेय

 ‘संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम’ (यूएनईपी) के द्वारा किए गए शोध के अनुसार जलवायु परिवर्तन के कारण विस्थापित होने वाले 80 प्रतिशत महिलाएँ या बच्चे हैं। इनमें किशोरी और युवा लड़कियां भी शामिल हैं जो कि गरीबी, हिंसा या अनपेक्षित गर्भधारण, असमय गर्भपात के बढ़ते जोखिम का सामना कर रही हैं।

जलवायु परिवर्तन समाज के हर वर्ग से जुड़ा विषय है। इसके कारण सबके लिए मानव अधिकार, सबके लिए सामाजिक समानता के लक्ष्य को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। पुरुषों की तुलना में महिलाओं और बच्चों को समस्याएं अधिक हो रही हैं।

‘विश्व स्वास्थ्य संगठन’ (डब्ल्यूएचओ) द्वारा किए गए एक शोध के अनुसार जलवायु परिवर्तन से महिलाएं, नवजात बच्चे अधिक प्रभावित होते हैं। महिलाएं अपने स्वास्थ्य की तरफ ध्यान दिए बिना घर-परिवार से लेकर अपने कार्यस्थल के काम को पूरा करने में लगी रहती हैं। ऐसा करते हुए वे कई बार गंभीर बीमारियों की शिकार हो जाती हैं जिसका उपचार मुश्किल से हो पाता है। ऐसी बीमार महिलाओं की मौत कभी कभी समय पर उपचार नहीं मिलने या पैसे के अभाव में त्वरित उपचार नहीं मिलने के कारण हो जाती है। 

भारत में वंचित, कमजोर समुदाय की महिलाओं के साथ ऐसी घटनाएं ज्यादा देखने, सुनने में आती हैं। ‘संयुक्त राष्ट्र महिला’ (यूएन वुमॅन) द्वारा ‘सीओपी – 28’ के दौरान जारी की गई एक रिपोर्ट बताती है कि वर्ष 2050 तक जलवायु परिवर्तन के कारण 15.8 करोड से अधिक महिलाएँ और लड़कियाँ गरीबी में चली जाएँगी। इस वर्ष तक लगभग 23.2 करोड महिलाओं, बच्चों को खाद्य-असुरक्षा का सामना करना पड़ सकता है।

तूफ़ान, बाढ़ या गर्मी जैसी चरम मौसम की स्थितियाँ बढ़ रही हैं, जिससे दुनिया भर में हज़ारों लोगों को अपना घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ‘संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम’ (यूएनईपी) के द्वारा किए गए शोध के अनुसार जलवायु परिवर्तन के कारण विस्थापित होने वाले 80 प्रतिशत महिलाएँ या बच्चे हैं। इनमें किशोरी और युवा लड़कियां भी शामिल हैं जो कि गरीबी, हिंसा या अनपेक्षित गर्भधारण, असमय गर्भपात के बढ़ते जोखिम का सामना कर रही हैं।

See also  अगले पाँच सालों में पूरी दुनिया के पास होगा जलवायु परिवर्तन का मौसम चेतावनी प्रणाली

उल्लेखनीय है कि भारत जैसे विकासशील देशों में रहने वाले कमजोर आय वाले समूहों पर इसका प्रभाव अधिक होता है। इस वर्ग के परिवारों को बाढ़, भूकंप, सूखा जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण अपने क्षेत्रों से पलायन करना पड़ता है। इसके साथ ही शहरों में किसी बड़े प्रोजेक्ट, विकास कार्यों के लिए भी कमजोर वर्ग के लोगों का विस्थापन किया जाता है।

पलायन और विस्थापन की इस प्रक्रिया में पिछड़ी जातियों के परिवार, गरीबी के बीच जीवनयापन कर रहे लोगों के सामने पेयजल, साफ-सफाई, पर्याप्त खाद्यान्न की समस्याएं भी होती हैं। जलवायु परिवर्तन का नुकसान इस वर्ग के लोगों पर अपेक्षाकृत अधिक होता है। वंचित समुदायों के परिवार सामाजिक अन्याय के साथ ही शासन और समाज की अनदेखी से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में अपना जीवन गुजारने पर मजबूर होते हैं। 

हमारे बीच जो समुदाय मूलभूत संसाधनों से वंचित रहते हुए झुग्गी बस्तियों, नदी – नालों के किनारे, औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास प्रदूषित वातावरण में अपनी जिंदगी चला रहे हैं, उनके लिए जलवायु परिवर्तन ने समस्याएं बढ़ा दी हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सामाजिक सरोकार से जुड़े विषयों पर शोधपरक कार्य करने वाली संस्था “संगथ” ने 23 दिसम्बर 2024 को भोपाल में कार्यशाला का आयोजन किया। इसका विषय “जलवायु संकट : अनुभव और अपेक्षाएं, हाशिए से आवाजें” था। कार्यशाला में जलवायु परिवर्तन के कारण कमजोर वर्ग के लोगों, महिलाओं और बच्चों पर होने वाले दुष्प्रभाव और उनके समाधान पर चर्चा की गई।

इस कार्यशाला में राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से डा. राजेश सीसोदिया, ‘द एनालिसिस’ संस्था से ऋषभ श्रीवास्तव, ‘संगथ’ संस्था से डाक्टर अनंत भान, निधि, सुनील, मृन्मय,  हरिकिशन, ‘एका’ से सचिन श्रीवास्तव, नीटू सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता आरती पाराशर, सरस्वती, ‘फिया फाउंडेशन’ से पल्लव, कजलीखेड़ा गांव से अनिता, जोया, शमशा बी, मेहताब, रवीना, रिंकू, योगिता अहिरवार, राहुल पटेल, दुर्गा नगर से रुचि, अंकित के साथ ही वंचित समुदाय के बीच काम करने अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

कार्यशाला में अपने विचार प्रकट करते हुए ‘संगथ’ संस्था की ओर से निधि ने कहा कि जलवायु परिवर्तन का सर्वाधिक असर वंचित समुदाय की महिलाओं और उनके बच्चों पर होता है। हमें जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव से वंचित समुदाय के लोगों को बचाने के लिए विशेष कार्य योजना बनाना चाहिए। इस अवसर पर ‘द एनलेसिस’ संस्था से ऋषभ श्रीवास्तव ने बताया कि मौसम में आए बदलाव के कारण गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है ।

See also  ‘जलवायु परिवर्तन’ के जबाव में ‘जन्म-हड़ताल’ birth strike

मध्यप्रदेश में भी इसके कारण लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है। ऋषभ ने बातचीत के दौरान कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने देश के सभी बड़े शहरों का ‘हीट एक्शन प्लान’ बनाने के निर्देश दिए हैं, लेकिन भोपाल सहित मध्यप्रदेश के अनेक शहरों में अभी तेज गर्मी से निपटने के लिए प्रभावी कार्य योजना पर काम नहीं किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि हमें हीट-वेव से बचाव के लिए विशेष योजना बनाकर उस पर तत्काल काम शुरू करना होगा। इसके साथ ही समाज के अलग-अलग वर्गों पर जलवायु परिवर्तन का जो दुष्प्रभाव है, उसे ध्यान में रखना होगा। कमजोर वर्ग के लोगों का बेहतर स्वास्थ्य बना रहे, इसके लिए विशेष योजना बनाकर उस पर काम करना होगा।

इस अवसर पर ‘राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन’ में ‘जलवायु परिवर्तन और मानसिक स्वास्थ्य’ विषय के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश सीसोदिया ने कहा कि शासन की ओर से जलवायु परिवर्तन को लेकर विशेष कार्यक्रम पर जोर दिया जा रहा है। गर्मी से बचाव के लिए ‘एडवाइजरी’ लगातार जारी की जाती है। ठंड से बचाव के लिए भी नागरिकों को सलाह दी जाती है। आने वाले समय में जलवायु परिवर्तन के बारे में आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया जाएगा।

इस कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने अनुभव बताए। कार्यशाला के दौरान समूह चर्चा में जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव से बचाव के लिए समस्या की पहचान उसके समाधान के संभावित उपाय को लेकर प्रस्तुति दी गई। इसके लिए पांच समूह बनाए गए थे जिन्होंने अपनी कार्ययोजना को प्रस्तुत किया। समूह चर्चा में इस बात पर सहमति बनी कि शासन, सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों को मिलकर जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास तेज करना होंगे। (सप्रेस)

See also  ‘विकास’ की बलि चढ़ता हिमालय

Table of Contents

सागर से अंतरिक्ष तक : रक्षा विमर्श को नई दिशा देती शोधपरक कृति

भारत की सुरक्षा, संप्रभुता और वैश्विक प्रतिष्ठा से जुड़ा रक्षा विमर्श केवल सैन्य शक्ति का वर्णन नहीं, बल्कि राष्ट्र की सामरिक चेतना का दर्पण होता है। ऐसे समय में वरिष्ठ पत्रकार योगेश कुमार गोयल की पुस्तक ‘सागर से अंतरिक्ष तक:

Read More »

अपने जैसा ‘एआई’

‘आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस’ उर्फ ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ के कसीदे बांचते हुए हम अक्सर इस मामूली सी बात को भूल जाते हैं कि ‘एआई’ आखिरकार एक व्यक्ति और समाज की तरह हमारा ही प्रतिरूप है। यानि हम उस मशीन में जैसा और जितना

Read More »

मध्यप्रदेश का बजट : ग्रीन फ्रेमवर्क का दावा, जलवायु संकट की अनदेखी

हाल के मध्यप्रदेश के बजट में तरह-तरह की लोक-लुभावन घोषणाओं के बावजूद पर्यावरण-प्रदूषण से निपटने की कोई तजबीज जाहिर नहीं हुई है। यहां तक कि पर्यावरण के लिए आवंटित राशि भी पिछले साल के मुकाबले घटा दी गई है। आखिर

Read More »